You are currently viewing जोहरान ममदानी, पाकिस्तानी रेस्तरां और पुलिस अधिकारी… न्यूयॉर्क मेयर चुनाव से पहले सीक्रेट मीटिंग, क्या पक रही खिचड़ी

जोहरान ममदानी, पाकिस्तानी रेस्तरां और पुलिस अधिकारी… न्यूयॉर्क मेयर चुनाव से पहले सीक्रेट मीटिंग, क्या पक रही खिचड़ी


न्यूयॉर्क सिटी के मेयर चुनाव की दौड़ अब और दिलचस्प हो गई है. खबर है कि डेमोक्रेटिक प्राइमरी जीतने वाले 33 वर्षीय ज़ोहरान ममदानी ने चुनाव से कुछ महीने पहले ही पुलिस अधिकारियों से गुपचुप मुलाकात की है. जगह थी क्वींस का एक पाकिस्तानी रेस्तरां, जहां करीब दो दर्जन ऑफ-ड्यूटी पुलिसकर्मी मौजूद थे. यह सीक्रेट मीटिंग इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि ममदानी अपने चुनाव अभियान के दौरान न्यूयॉर्क पुलिस विभाग (NYPD) को नस्लभेदी और धूर्त बताते हुए ‘डिफंड द पुलिस’ यानी पुलिस की फंडिंग रोकने का नारा बुलंद करते रहे थे. उनके इस बयान से पुलिस अधिकारियों में गहरी नाराजगी थी. हालांकि इस मुलाकात के बाद कई पुलिसकर्मियों का रुख नरम हुआ है.

अमेरिकी न्यूज पोर्टल सीएनएन के मुताबिक, इस बैठक का आयोजन NYPD के रिटायर्ड अधिकारी शम्सुल हक ने किया था, जिन्होंने विभाग में बांग्लादेशी और दक्षिण एशियाई भर्ती को बढ़ावा देने में सालों काम किया. हक खुद NYPD के पहले मुस्लिम और साउथ एशियन लेफ्टिनेंट कमांडर रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘शुरुआत में मैं ममदानी का समर्थक नहीं था, लेकिन धीरे-धीरे उन्हें जानने के बाद उनका सम्मान करने लगा और अब पूरी तरह उनके साथ हूं.’

ममदानी के लिए पुलिस परीक्षा

अगर ममदानी नवंबर का आम चुनाव जीत जाते हैं, तो उन्हें अमेरिका की सबसे बड़ी म्युनिसिपल पुलिस फ़ोर्स की कमान संभालनी होगी. 36,000 से अधिक अधिकारियों वाली NYPD लंबे समय से सुधार की मांग झेल रही है. ममदानी एक डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट के तौर पर बड़े बदलावों की पैरवी करते रहे हैं. यह टकराव उनके और पुलिस दोनों के लिए परीक्षा होगी.

हालांकि आलोचक उन पर ‘पब्लिक सेफ़्टी को कमजोर करने’ का आरोप लगाते हैं. यही कारण है कि ममदानी ने अब पुलिस ‘डिफंड’ करने की पुरानी मांग से दूरी बना ली है और अपने समर्थन में हक़ जैसे दिग्गजों को सामने ला रहे हैं.

क्या एंटी पुलिस हैं ममदानी?

ममदानी को हाल ही में NYPD के पूर्व चीफ़ ऑफ़ डिपार्टमेंट रॉडनी हैरिसन का समर्थन भी मिला है. हैरिसन ने ममदानी की योजना ‘सामुदायिक सुरक्षा विभाग’ को ‘सोच-समझकर बनाई गई और असरदार’ बताते हुए इसे पुलिस पर बोझ कम करने वाला कदम कहा.

लेकिन पुलिस जगत के बड़े चेहरे अब भी संदेह में हैं. पूर्व पुलिस कमिश्नर बिल ब्रैटन ने कहा, ‘ममदानी को एंटी-पुलिस समझा जाता है. यह देखना दिलचस्प होगा कि कभी कोई प्रशासनिक पद न संभालने वाला शख्स कैसे अमेरिका की सबसे बड़ी पुलिस फ़ोर्स चलाएगा.’

ममदानी का क्या है प्लान?

ममदानी का प्रमुख वादा है ‘कम्युनिटी सेफ़्टी डिपार्टमेंट’ बनाना, जो गन वायलेंस, सबवे सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य संकट जैसे मुद्दों को नए ढंग से सुलझाएगा. उनकी योजना के तहत-

  • मोबाइल क्राइसिस टीम का आकार तीन गुना बढ़ाया जाएगा.
  • 24×7 सेवाएं उपलब्ध होंगी.
  • कर्मचारियों का वेतन बढ़ेगा.
  • 911 की तर्ज पर अलग क्राइसिस हेल्पलाइन बनेगी.

इसकी प्रेरणा उन्हें ओरेगन के यूजीन शहर से मिली है, जहां काहूट्स (CAHOOTS) प्रोग्राम के तहत मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ और पैरामेडिक्स संकट कॉल संभालते हैं. लेकिन वहां भी बजट की दिक्कतें सामने आईं हैं.

पुलिस कमिश्नर से हो सकता है टकराव

न्यूयॉर्क की मौजूदा पुलिस कमिश्नर जेसिका टिश और ममदानी के बीच गहरी वैचारिक दूरी है. टिश ‘क्वालिटी ऑफ़ लाइफ़ पुलिसिंग’ यानी छोटे अपराधों और अव्यवस्था पर सख़्त कार्रवाई की पक्षधर हैं. उनका मानना है कि छोटी समस्याओं को नज़रअंदाज़ करना बड़े अपराधों को जन्म देता है.

लेकिन आलोचक इसे रंगभेदी और गरीब विरोधी बताते हैं. ममदानी इस नीति के खिलाफ हैं और सामाजिक-मानसिक समाधान पर ज़ोर देते हैं. ऐसे में अगर वे मेयर बने, तो टिश का पद भी असुरक्षित माना जा रहा है.

पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रिपब्लिकन पार्टी ममदानी को निशाना बनाते रहे हैं. ट्रंप ने धमकी दी है कि अगर ममदानी जीते तो न्यूयॉर्क में नेशनल गार्ड तैनात कर देंगे. ममदानी ने पलटवार करते हुए कहा, ‘ट्रंप की यह धमकी न्यूयॉर्कवासियों को ही खतरे में डाल देगी.’

न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने भी ट्रंप से बातचीत कर कहा कि शहर में अपराध दर घट रही है और सैनिकों की ज़रूरत नहीं है.

ममदानी की अग्नि परीक्षा और आगे का रास्ता

हाल ही में मैनहट्टन की एक ऑफिस बिल्डिंग में हुई गोलीबारी, जिसमें पाँच लोग मारे गए (जिनमें एक ऑफ़-ड्यूटी पुलिसकर्मी भी शामिल थे), ममदानी की शुरुआती बड़ी परीक्षा साबित हुई. छुट्टियों से लौटने के बाद वे मृतक पुलिसकर्मी के परिवार से मिले और पुलिस पर अपने पुराने सख़्त बयानों से दूरी बनाई.

पूर्व कमिश्नर ब्रैटन का मानना है कि मानसिक स्वास्थ्य संकट पर ममदानी का प्रस्ताव ‘अच्छा इरादा’ है, लेकिन न्यूयॉर्क जैसी बड़ी प्रणाली में लागू करना बेहद कठिन होगा. उन्होंने सवाल उठाया- ‘ममदानी किसकी सुनेंगे और कितनी दूर तक सुनेंगे, यही असली चुनौती है.’

कुल मिलाकर न्यूयॉर्क का मेयर चुनाव सिर्फ़ सत्ता की होड़ नहीं, बल्कि इस सवाल का भी जवाब देगा कि क्या एक डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट अमेरिका की सबसे बड़ी पुलिस फ़ोर्स को सुधार और सुरक्षा दोनों के बीच संतुलन साधते हुए चला सकता है या नहीं.



Source link

Leave a Reply