Last Updated:
अगर सुबह पेट ठीक से साफ न हो, तो पूरा दिन भारीपन, गैस और बेचैनी में बीतता है. कब्ज की इस रोजमर्रा की समस्या से राहत पाने के लिए दवाओं और चूर्ण के बजाय एक बेहद आसान घरेलू नुस्खा भी काम आ सकता है. रसोई में मौजूद प्याज, लहसुन और अजवाइन से खास तेल तैयार करके रात में तलवों की मालिश करने से शरीर को रिलैक्स मिलने के साथ पाचन क्रिया को भी सहारा मिलता है.
कब्ज की वजह से सुबह पेट साफ न हो तो पूरा दिन परेशान गुजरता है. पेट भारी रहना, गैस और ब्लोटिंग जैसी दिक्कतें भी होने लगती हैं. ऐसे में लोग कई तरह के चूर्ण और दवाओं का सहारा लेते हैं. लेकिन एक घरेलू तरीका ऐसा है जिसमें कुछ आम चीजों से तेल तैयार करके रात में तलवों पर मालिश की जाती है. इस नुस्खे में इस्तेमाल होने वाली चीजें आपको आसानी से घर की रसोई में मिल जाएंगी. आइए जानते हैं पूरा तरीका.
इस घरेलू तेल को बनाने के लिए आपको सिर्फ कुछ आम चीजों की जरूरत होगी. करीब 100 मिलीलीटर सरसों का तेल या तिल का तेल लें. इसके साथ एक मध्यम आकार का बारीक कटा प्याज, 6 से 7 कुटी हुई लहसुन की कलियां और एक छोटा चम्मच अजवाइन लें. यानी नुस्खे की खास चीजें हैं प्याज, लहसुन और अजवाइन. इन्हें तेल में धीमी आंच पर पकाया जाता है. अब जानते हैं कि इन चीजों को तेल में डालकर किस तरह तैयार करना है.
सबसे पहले छोटी कड़ाही में 100 मिलीलीटर सरसों का तेल या तिल का तेल डालकर हल्का गर्म करें. अब इसमें बारीक कटा प्याज, कुटी हुई 6 से 7 लहसुन की कलियां और एक छोटा चम्मच अजवाइन डाल दें. गैस की आंच धीमी रखें और सारी चीजों को धीरे-धीरे पकने दें. जब प्याज और लहसुन का रंग गहरा भूरा होने लगे तो गैस बंद कर दें. ध्यान रखें कि सामग्री जलकर काली न हो. तेल ठंडा होने पर इसे छानकर साफ शीशी में रख लें.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अब बारी आती है इस तेल को लगाने की. रात में सोने से करीब 15 मिनट पहले पैरों को गुनगुने पानी से धोकर अच्छी तरह सुखा लें. इसके बाद तेल की कुछ बूंदें हथेली पर लें और दोनों पैरों के तलवों पर लगाएं. अंगूठे और उंगलियों से करीब 5 से 7 मिनट तक हल्के हाथ से मसाज करें. मालिश करते समय तलवों के बीच वाले हिस्से पर भी हल्का दबाव दिया जा सकता है. इसके बाद सूती मोजे पहनकर सो जाएं ताकि तेल बिस्तर पर न लगे.
आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मोहम्मद इकबाल के अनुसार, आयुर्वेद में पैरों के तलवों की मालिश को पादाभ्यंग कहा जाता है. इसे शरीर को आराम देने वाली पारंपरिक प्रक्रिया माना जाता है. रात में तलवों की मालिश करने से पैरों की थकान कम महसूस हो सकती है और रिलैक्स होने में मदद मिल सकती है. इसी वजह से कई घरेलू नुस्खों में रात के समय पैरों की मालिश की सलाह दी जाती है. अगर आप भी कब्ज और पेट साफ न होने की परेशानी से जूझ रहे हैं, तो इस आसान घरेलू तरीके को आजमा सकते हैं.
कब्ज से राहत के लिए पूरी तरह से सिर्फ किसी घरेलू नुस्खे पर निर्भर रहना ठीक नहीं है. दिनभर पर्याप्त पानी पीना, खाने में फल, सब्जियां और फाइबर वाली चीजें शामिल करना जरूरी है. रात में बहुत भारी खाना खाने से भी बचें. रोजाना थोड़ा पैदल चलना और शरीर को एक्टिव रखना भी मददगार हो सकता है. अगर कब्ज कभी-कभार होती है तो खान-पान और दिनचर्या में सुधार से राहत मिल सकती है. लेकिन समस्या बार-बार हो रही है तो इसकी वजह जानने के लिए डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है.
अगर तलवों पर घाव, कट, जलन या फंगल इन्फेक्शन है तो इस तेल की मालिश न करें. सरसों का तेल कुछ लोगों की त्वचा पर जलन या एलर्जी भी कर सकता है, इसलिए पहली बार इस्तेमाल करने से पहले थोड़ी मात्रा लगाकर त्वचा की प्रतिक्रिया देख लें. सबसे जरूरी बात यह है कि अगर कब्ज लंबे समय से बनी हुई है, तेज पेट दर्द है, मल में खून आता है या अचानक वजन कम हो रहा है तो घरेलू नुस्खे आजमाने के बजाय डॉक्टर से संपर्क करें.



