You are currently viewing CIA Cyberattack US Intelligence: अमेरिका की जासूसी एजेंसी CIA पर साइबर हमला, खुफिया नेटवर्क में मची खलबली, FBI भी निशाने पर

CIA Cyberattack US Intelligence: अमेरिका की जासूसी एजेंसी CIA पर साइबर हमला, खुफिया नेटवर्क में मची खलबली, FBI भी निशाने पर


अमेरिका में लगातार सरकारी विभागों पर साइबर हमले हो रहे हैं. FBI और कृषि विभाग पर साइब हमलों की खबर हाल ही में आई थी. अब हैकरों ने सीधे अमेरिका की खुफिया एजेंसी CIA के एक सिस्टम में सेंध लगाई है. तुलना के तौर पर समझ लीजिए कि जैसे भारत में रॉ है उसी तरह अमेरिका में CIA है. CIA के जिस सिस्टम पर हमला हुआ है उसमें सोशल मीडिया पोस्ट, सैटेलाइट तस्वीरों और इंटरनेट पर पहले से मौजूद दूसरी जानकारियों को इकट्ठा किया जाता था. इन जानकारियों का इस्तेमाल दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में संभावित खतरों को समझने और खुफिया एजेंसियों की मदद के लिए किया जाता था. इस साइबर हमले का असर अमेरिकी नेशनल इंटेलिजेंस के डायरेक्टर के कार्यालय (ODNI) पर भी पड़ा है.

द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना ने अमेरिका के खुफिया नेटवर्क की सुरक्षा पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि साइबर हमला किसने किया, हमलावरों को सिस्टम का एक्सेस कितने देर तक मिला और कौन-कौन सी जानकारियां लीक हुई हैं. ODNI के एक अधिकारी ने डेली मेल को बताया कि इस घटना से जरूरी क्षमताओं या गोपनीय सिस्टम के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ा है. यानी अब तक किसी संवेदनशील या क्लासिफाइड सिस्टम के प्रभावित होने की पुष्टि नहीं हुई है.

CIA के सिस्टम में कौन सी जानकारी थी?

जिस सिस्टम में सेंध लगाई गई, उसका काम सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारियों को इकट्ठा करना और उनका विश्लेषण करना था. इसमें सोशल मीडिया पोस्ट, सैटेलाइट तस्वीरें और दूसरे ओपेन सोर्स से मिलने वाली जानकारी शामिल थी. खुफिया एजेंसियां ऐसी जानकारियों के जरिए दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में हो रही गतिविधियों पर नजर रखती हैं. इससे उन्हें संभावित खतरों की पहचान करने और किसी घटना से जुड़े संकेत समझने में मदद मिलती है.

भले ही इस सिस्टम में मौजूद जानकारी गोपनीय नहीं थी, लेकिन उसका गलत हाथों में पहुंचना अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है. इसकी वजह यह है कि अलग-अलग सार्वजनिक जानकारियों को आपस में जोड़ने पर ऐसी बातें सामने आ सकती हैं, जो किसी एक जानकारी को अलग से देखने पर समझ में नहीं आतीं. फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि हमलावरों ने किन जानकारियों तक पहुंच बनाई थी.

FBI के सिस्टम में सेंध की भी जांच

अमेरिका में यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब FBI और कृषि विभाग भी साइबर सुरक्षा से जुड़ी घटनाओं का सामना कर रहे हैं. हाल ही में FBI के नेशनल क्राइम इन्फॉर्मेशन सेंटर (NCIC) में भी सेंध लगने की घटना सामने आई थी. यह एक राष्ट्रीय डेटाबेस है, जिसका इस्तेमाल देश की स्थानीय, राज्य और संघीय कानून प्रवर्तन एजेंसियां करती हैं. इसके जरिए वांटेड अपराधियों, लापता लोगों और चोरी की संपत्ति से जुड़ी जानकारियां साझा की जाती हैं.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को फॉक्स न्यूज के साथ फोन पर बातचीत के दौरान इस घटना पर प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने कहा था, ‘मैं इतना कहूंगा कि यह अच्छा नहीं है. मुझे यह पसंद नहीं है.’ FBI इस मामले की जांच कर रही है. हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि इस सेंधमारी में कितनी जानकारी प्रभावित हुई और इसके पीछे कौन था.

कृषि विभाग के ऐप भी हुए थे बंद

अमेरिका के कृषि विभाग ने भी पिछले सोमवार को साइबर सुरक्षा से जुड़ी एक घटना का पता लगाया था. इसके बाद विभाग के कुछ आंतरिक ऐप को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा था. वहीं, पिछले सप्ताह नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (NSA) के आंतरिक गोपनीय नेटवर्क में भी कई दिनों तक तकनीकी परेशानी रही थी. हालांकि, अधिकारियों ने साफ किया था कि यह समस्या किसी साइबर हमले की वजह से नहीं हुई थी.

CIA पर पहले भी हुए साइबर अटैक

  1. CIA के लिए साइबर सुरक्षा से जुड़ी मुश्किलें नई नहीं हैं. इससे पहले भी एजेंसी के कई बड़े मामले सामने आ चुके हैं. इनमें सबसे चर्चित मामला 2016-17 का Vault 7 लीक था. इसमें CIA के साइबर हथियारों, हैकिंग टूल्स और निगरानी तकनीकों से जुड़े गोपनीय दस्तावेज पब्लिक हो गए थे. आरोप था कि CIA के पूर्व कर्मचारी जोशुआ शुल्टे ने ये दस्तावेज चुराकर विकिलीक्स को दिए थे. विकिलीक्स ने मार्च 2017 में इन्हें जारी करना शुरू किया था.
  2. इससे पहले 2015 में तत्कालीन CIA डायरेक्टर जॉन ब्रेनन का निजी AOL ईमेल अकाउंट भी हैक हुआ था. रिपोर्टों के मुताबिक, हैकर ने सोशल इंजीनियरिंग के जरिए अकाउंट तक पहुंच बनाई थी. हालांकि, यह CIA के आधिकारिक नेटवर्क पर हमला नहीं था.
  3. एक और गंभीर मामला 2009 से 2013 के बीच का है. उस दौरान CIA के विदेशी एजेंटों और मुखबिरों से संपर्क के लिए इस्तेमाल होने वाले गुप्त ऑनलाइन नेटवर्क की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई थी. 2018 में Yahoo News की जांच में इस नेटवर्क की कमजोरियों का खुलासा हुआ. यह मामला पारंपरिक साइबर हमले से ज्यादा खुफिया संचार व्यवस्था की सुरक्षा में हुई चूक से जुड़ा था.



Source link

Leave a Reply