Agency:एजेंसियां
Last Updated:
America Illegal Migrant News: अमेरिका में अवैध प्रवासियों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया गया है. ऐसे सैकड़ों लोगों को गिरफ्तार किया गया है और सैकड़ों अन्य को उनके देश वापस भेजा गया है.
डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका की सत्ता संभालने के बाद अवैध प्रवासियों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है.
हाइलाइट्स
- अमेरिकी राष्ट्रपति का पद संभालते ही एक्शन में आए डोनाल्ड ट्रंप
- अवैध प्रवासियों के खिलाफ पूरे देश में अभियान, कानूनी प्रक्रिया शुरू
- गिरफ्तारी के साथ ही ऐसे लोगों को उनके देश वापस भेजा जा रहा है
वॉशिंगटन. अमेरिका में सत्ता परिवर्तन के बाद न केवल देश में, बल्कि पूरी दुनिया में उथल-पुथल मचा हुआ है. डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के तीन दिन बाद ही चुनावी वादे के मुताबिक काम करना शुरू कर दिया है. पूरे अमेरिका में अवैध प्रवासियों (Illegal Migrants) के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों के तहत काम करते हुए लॉ इनफोर्समेंट एजेंसियों ने 538 अवैध प्रवासियों को गिरफ्तार किया है तो दूसरी तरफ सैकड़ों अन्य को उनके देश डिपोर्ट कर दिया गया है. अमेरिका की नई नीति की चपेट में सैकड़ों की संख्या में भारतीयों के भी आने की आशंका है.
जानकारी के अनुसार, अमेरिका में अधिकारियों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के राष्ट्रपति बनने के शुरुआती दिनों में ही अवैध प्रवासियों पर नकेल कसना शुरू कर दिया है. नए प्रशासन के शपथ लेने के ठीक तीन दिन बाद एक बड़े अभियान में सैकड़ों अवैध प्रवासियों को गिरफ्तार किया गया और निर्वासित किया गया. व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि अमेरिकी अधिकारियों ने 538 अवैध प्रवासियों को गिरफ्तार किया है और सैकड़ों को निर्वासित (Deport) किया है. इससे अमेरिका में हाहाकार मचा हुआ है. अवैध तरीके से अमेरिका में प्रवेश कर वहां रह रहे लोगों की आशंकाएं गहरा गई हैं.
हाई-प्रोफाइल क्रिमिनल को गिरफ्तार करने का दावा
कैरोलिन लेविट ने कहा कि ट्रम्प प्रशासन ने एक संदिग्ध आतंकवादी, ट्रेन डी अरागुआ गिरोह के चार सदस्यों और नाबालिगों के खिलाफ सेक्स वॉयलेंस के दोषी कई अवैध लोगों सहित 538 अवैध आप्रवासी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने आगे कहा, ‘ट्रम्प सरकार ने सैकड़ों अवैध आप्रवासी अपराधियों को मिलिट्री एयरक्राफ्ट से डिपोर्ट भी किया है. इतिहास का सबसे बड़ा डिपोर्टेशेन कैंपेन अच्छी तरह से चल रहा है. वादे किए गए और वादे निभाए गए.’ व्हाइट हाउस ने अमेरिकी इमिग्रेशन और कस्टम्स एनफोर्समेंट डिपार्टमेंट द्वारा गिरफ्तार किए गए कुछ लोगों के नाम और उनके द्वारा किए गए अपराधों को भी लिस्ट किया, जिसमें संगीन अपराध के आरोपियों के नाम शामिल हैं.
राष्ट्रपति ट्रंप का एग्जीक्यूटिव ऑर्डर
अवैध प्रवसियों के खिलाफ शुरू किया गया अभियान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा अमेरिकी लोगों को आक्रमण से बचाने के एक एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर हस्ताक्षर करने के बाद आया है, जिसमें कहा गया है कि अमेरिका ने पिछले चार सालों में अवैध प्रवासियों की अभूतपूर्व बाढ़ देखी है. इसमें लिखा है, ‘लंबे समय से चले आ रहे कानूनों का उल्लंघन करते हुए लाखों अवैध एलियंस ने हमारी सीमाओं को पार किया. इनलोगों को सीधे अमेरिका तक की उड़ान भरने की अनुमति दी गई.’ डोनाल्ड ट्रंप के आदेश में आगे कहा गया है कि इनमें से कई लोग अवैध काम और गंभीर अपराध में लिप्त रहे हैं.
New Delhi,Delhi
January 24, 2025, 17:58 IST



