क्रिसमस का दिन पूरे साल का सबसे खुशनुमा दिन माना जाता है, लेकिन चार्ली डेविस लॉसन के परिवार के लिए यही दिन मौत बनकर आया.
चार्ली लॉसन पेशे से तंबाकू किसान था. दिसंबर के महीने में उसने अपने पूरे परिवार की एक स्टूडियो में खूबसूरत तस्वीर खिंचवाई थी. उस दौर में पेशेवर फोटोग्राफी कराना आम बात नहीं थी, लेकिन चार्ली ने खास तौर पर यह फोटोशूट कराया.
एक-एक कर सबको उतारा मौत के घाट
सबसे पहले उसकी नजर अपनी दो बेटियों कैरी (12) और मैबेल (7) पर पड़ी. दोनों घर से अपने चाचा-चाची से मिलने निकलीं. चार्ली पहले से रास्ते में छुपा बैठा था. उसने शॉटगन से दोनों पर हमला किया फिर उन्हें बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला. लाशों को खींचकर उसने बगीचे में फेंक दिया. इसके बाद वह घर लौटा और पत्नी फैनी (37) को गोली मार दी, फिर अपनी बड़ी बेटी मैरी पर बंदूक तानी वही बेटी, जिसके बारे में बाद में एक ऐसा सच सामने आया जिसने सबको हैरान कर दिया. मैरी भी मौत के घाट उतार दी गई.
एक बेटा रह गया जिंदा
जब बाद में लोगों ने लाशें देखीं, तो हर किसी की रूह कांप उठी. सभी शवों को हाथ जोड़कर रखा गया था और सिर के नीचे पत्थर टिकाए गए थे, जैसे किसी अजीब तरह की रस्म निभाई गई हो. लेकिन एक परिवार का सदस्य बच गया आर्थर, सबसे बड़ा बेटा. चार्ल्स ने उसे हत्याकांड से एक रात पहले किसी काम के लिए बाहर भेज दिया था. जब आर्थर घर लौटा, तो उसने यह भयानक मंजर देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी. चार्ल्स की तलाश शुरू हुई लेकिन जल्द ही पास के जंगल से एक गोली की आवाज आई. वहां चार्ल्स का शव मिला साथ में कुछ पत्र जो उसने लिखे थे. उसके शव के पास एक पेड़ के चारों ओर पैरों के निशान थे जैसे वह मरने से पहले बेचैनी से चक्कर काट रहा हो.

परिवार के सात सदस्यों को उतारा मौत के घाट
लोगों के मन में सवाल था कि आखिर चार्ली ने अपने पूरे परिवार को क्यों मारा? इसका जवाब करीब 60 साल बाद सामने आया. साल 1990 में स्टेला बोल्स नाम की महिला जो लॉसन परिवार की रिश्तेदार थी उसने वह राज खोला. स्टेला ने बताया कि उसकी मां और औरतों ने उस वक्त चर्चा की थी कि फैनी (चार्ली की पत्नी) को अपनी बेटी और पति के रिश्ते के बारे में पता चल गया था.
दरअसल, चार्ली अपनी ही बेटी मैरी का शोषण कर रहा था. मैरी ने अपनी सहेली एला मे जॉनसन से भी यह राज बताया था. उसने बताया था कि वह गर्भवती है और बच्चा उसके अपने पिता का है. फैनी को जब यह बात मालूम हुई, तो परिवार के अंदर तनाव बढ़ गया. डर और शर्म के मारे चार्ली ने सोचा कि इस राज के बाहर आने से पहले ही सबका खात्मा कर दिया जाए और इसीलिए उसने क्रिसमस के दिन अपने पूरे परिवार को मार डाला.



