Last Updated:
अमेरिका के रहस्यमय एरिया-51 के ऊपर इंफ्रारेड कैमरे में एक त्रिकोण आकार का रहस्यमयी विमान कैद हुआ है. रिसर्चर एंडर्स ओटेसन ने इसे जनवरी की रात देखा. यह किसी ज्ञात विमान से मेल नहीं खाता. इस घटना ने गुप्त अमेरिकी टेक्नोलॉजी को लेकर नई अटकलें तेज कर दी हैं.
अमेरिका में दिखा रहस्यमय विमान.अमेरिका के सबसे रहस्यमयी सैन्य इलाके एरिया-51 के ऊपर एक बार फिर अनजान उड़ान ने दुनिया का ध्यान खींच लिया है. हाल ही में जारी इंफ्रारेड फुटेज में नेवाडा टेस्ट एंड ट्रेनिंग रेंज के ऊपर एक त्रिकोण आकार का विमान उड़ता दिखाई दे रहा है. इस वीडियो ने वर्षों से चल रही उन अटकलों को फिर हवा दे दी है, जिनमें एरिया-51 को गुप्त हथियारों और एडवांस टेक्नोलॉजी का केंद्र माना जाता रहा है. इस रहस्यमयी उड़ान का खुलासा एविएशन रिसर्चर एंडर्स ओटेसन ने किया है, जो ‘अन्कैनी एक्सपीडिशन्स’ नाम से यूट्यूब चैनल चलाते हैं.
ओटेसन के अनुसार उन्होंने 14 जनवरी 2026 की रात यह अनोखा विमान देखा था. वह ग्रूम लेक के पास कैंप कर रहे थे और रेडियो स्कैनर, थर्मल कैमरा और ऑप्टिकल सेंसर से रात की हवाई गतिविधियों पर नजर रख रहे थे. एरिया 51, जो आधिकारिक रूप से अमेरिकी वायुसेना के नेवाडा टेस्ट एंड ट्रेनिंग रेंज का हिस्सा है, लंबे समय से सीक्रेट प्रोजेक्ट्स के लिए जाना जाता है. यही वह जगह है जहां कभी यू-2 जासूसी विमान जैसे प्रोजेक्ट्स पर काम हुआ था. दशकों से यह बेस रहस्य, अफवाह और साजिश सिद्धांतों का केंद्र बना हुआ है.



