Iran-Israel War News: अमेरिका और ईरान के बीच जिस समझौते को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को बड़ा ऐलान कर दिया था, उस पर अभी अंतिम मुहर नहीं लगी है. अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, दोनों देशों के बीच युद्ध रोकने और होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने को लेकर एक प्रारंभिक समझौता (MoU) लगभग तैयार है, लेकिन डील की भाषा और कुछ शर्तों को लेकर अभी भी खींचतान जारी है. इसी वजह से इस समझौते को अंतिम रूप लेने में कुछ और दिन लग सकते हैं.
अमेरिका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ईरान डील के बड़े मुद्दों पर सिद्धांत रूप से सहमत हो चुका है, लेकिन दस्तावेज की भाषा पर दोनों पक्षों के बीच लगातार बातचीत चल रही है. अमेरिकी पक्ष कुछ शब्दों और शर्तों को लेकर बदलाव चाहता है, जबकि ईरान की तरफ से हर बिंदु पर लंबी मंजूरी प्रक्रिया चल रही है. अधिकारी ने कहा कि अभी ‘कुछ अहम बिंदुओं’ पर भाषा तय होनी बाकी है. जब दोनों पक्ष पूरी तरह सहमत हो जाएंगे, तब अमेरिकी और ईरानी अधिकारियों के बीच आमने-सामने हस्ताक्षर समारोह हो सकता है.
इस बीच लगातार ट्रंप की ईरान से डील करने को लेकर अमेरिका में आलोचना हो रही है. उनकी पार्टी के लोग ही उनके फैसले पर सवाल उठा रहे हैं. इसका जवाब डोनाल्ड ट्रंप ने दिया है. ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ डील होगी तो वह ‘अच्छी और सही’ होगी. उन्होंने बराक ओबामा के दौर के परमाणु समझौते पर निशाना साधते हुए कहा कि उस डील ने ईरान को भारी नकदी और परमाणु हथियार की राह दी थी, जबकि उनकी डील बिल्कुल उलट होगी. हालांकि ट्रंप ने यह भी माना कि समझौता अभी पूरी तरह तैयार नहीं हुआ है और लोग उस पर आलोचना कर रहे हैं जबकि उन्होंने डील देखी ही नहीं है.
डील के मसौदे के मुताबिक, अमेरिका और ईरान 60 दिन के युद्धविराम विस्तार पर सहमत हो सकते हैं. इस दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य को जहाजों के लिए खोला जाएगा, ईरान वहां बिछाई गई समुद्री बारूदी सुरंगें हटाएगा और बदले में अमेरिका ईरानी बंदरगाहों पर लगी नाकेबंदी में ढील देगा. इससे ईरान को फिर से खुलकर तेल बेचने की राहत मिल सकती है. साथ ही ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर अगले चरण की बातचीत भी शुरू होगी.
इस संभावित डील की खबर के बीच तेल बाजार ने तुरंत प्रतिक्रिया दी. ब्रेंट क्रूड करीब 1.5 फीसदी गिरकर 99 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया, जबकि अमेरिकी कच्चा तेल लगभग 5 फीसदी गिरकर 92 डॉलर प्रति बैरल तक आ गया. वजह यह है कि अगर होर्मुज खुलता है तो दुनिया की करीब 20 फीसदी तेल सप्लाई फिर सामान्य हो सकती है, जिससे बाजार पर दबाव कम होगा.
Iran LIVE: तख्तापलट की साजिश के आरोपी नेता को ईरान ने फांसी दी
ईरान से बड़ी खबर सामने आई है. ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक, जनवरी में कथित तख्तापलट की कोशिश में शामिल अब्बास अकबरी को फांसी दे दी गई है. रिपोर्ट के अनुसार, ईरान की सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अकबरी को फांसी पर लटकाया गया. ईरानी अधिकारियों ने अकबरी पर ‘मोहारेबेह’ (ईश्वर के खिलाफ दुश्मनी), सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और इस्फहान प्रांत के नाइन इलाके में सुरक्षा बलों पर पिस्तौल से फायरिंग करने का आरोप लगाया था. यह घटनाएं जनवरी में देशभर में फैले अशांति और विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई थीं.
Hormuz LIVE: होर्मुज पार कर पाकिस्तान और चीन की ओर बढ़े LNG जहाज
होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, LNG (लिक्विफाइड नेचुरल गैस) से भरे दो बड़े जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर चुके हैं और अब उनका रुख पाकिस्तान और चीन की ओर है. इससे संकेत मिल रहे हैं कि तनाव के बीच ऊर्जा सप्लाई धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगी है. रिपोर्ट के अनुसार, बहामास में रजिस्टर्ड LNG कैरियर ‘फुवैरित’ इस समय होर्मुज पार कर चुका है और मंगलवार तक पाकिस्तान पहुंचने की उम्मीद है. यह जहाज मार्च में कतर के रास लाफान टर्मिनल से गैस लेकर निकला था. वहीं दूसरा जहाज ‘अल राय्यान’ भी इस रणनीतिक जलमार्ग को पार कर चुका है. रॉयटर्स के मुताबिक, यह जहाज अब ओमान और ईरान के बीच के समुद्री क्षेत्र में पहुंच चुका है और 27 जून तक चीन पहुंचने का अनुमान है.
Iran-US Deal: समझौते में देरी भले हो, खराब डील नहीं करेंगे ट्रंप: रुबियो
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि ईरान के साथ समझौते में देरी की सबसे बड़ी वजह तेहरान की प्रतिक्रिया है. उन्होंने कहा कि हमें ईरान की तरफ से जवाब का इंतजार है और ईरानी व्यवस्था में जवाब आने में थोड़ा ज्यादा समय लगता है. रुबियो ने साफ कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कोई खराब समझौता नहीं करेंगे. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति किसी भी हालत में गलत या कमजोर डील नहीं करेंगे.
Iran US War: NPT सम्मेलन में नहीं बनी सहमति, अमेरिका ने ईरान पर साधा निशाना
न्यूयॉर्क में हुए 2026 न्यूक्लियर नॉन-प्रोलिफरेशन ट्रीटी (NPT) रिव्यू कॉन्फ्रेंस के अंत में सदस्य देश किसी साझा अंतिम दस्तावेज पर सहमत नहीं हो सके. इसके बाद अमेरिका ने गहरी निराशा जताई और सीधे तौर पर ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर चिंता जाहिर की. अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि कुछ सदस्य देशों ने ईरान से पैदा हो रहे वैश्विक परमाणु प्रसार के खतरे को गंभीरता से नहीं लिया, जिसकी वजह से सहमति बनना मुश्किल हुआ. अमेरिका ने आरोप लगाया कि ईरान अब भी IAEA के तहत जरूरी सुरक्षा नियमों का पालन नहीं कर रहा और उसकी परमाणु गतिविधियां ऐसी दिशा में बढ़ रही हैं, जिनके लिए कोई भरोसेमंद नागरिक उपयोग का कारण नहीं दिखता. वॉशिंगटन ने कहा कि अगर NPT सम्मेलन को अपने मूल उद्देश्य पर कायम रहना है, तो सदस्य देश ईरान के उल्लंघनों को नजरअंदाज नहीं कर सकते. अमेरिका ने साफ कहा कि नियम तोड़ने वाले देशों को NPT की जवाबदेही व्यवस्था कमजोर करने की इजाजत नहीं दी जा सकती. यह सम्मेलन 27 अप्रैल से न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में चल रहा था. सम्मेलन अध्यक्ष डो हुंग विएत ने माना कि प्रतिनिधियों के बीच गंभीर और सार्थक बातचीत हुई, लेकिन आखिरकार किसी साझा दस्तावेज पर सहमति नहीं बन सकी.
Iran War Impact: होर्मुज संकट से म्यांमार के किसानों पर आफत, ईंधन-खाद की भारी किल्लत
ईरान युद्ध और होर्मुज जलडमरूमध्य संकट का असर अब म्यांमार जैसे दूर देशों तक पहुंच गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, म्यांमार के किसानों के लिए जरूरी ईंधन और खाद लेकर आने वाले जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे हुए हैं, जिससे खेती पर बड़ा संकट खड़ा हो गया है. म्यांमार पहले ही 2021 के सैन्य तख्तापलट के बाद गृहयुद्ध से जूझ रहा है. पिछले पांच साल में वहां लाखों लोग विस्थापित हुए, अर्थव्यवस्था और स्वास्थ्य व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई, और देश सैन्य तथा गैर-सैन्य नियंत्रण वाले इलाकों में बंट गया. अब ईरान युद्ध और होर्मुज संकट ने हालात और खराब कर दिए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, म्यांमार अपने खेती के लिए जरूरी करीब 90 फीसदी ईंधन और खाद आयात करता है, लेकिन मिडिल ईस्ट संकट की वजह से सप्लाई बुरी तरह प्रभावित हुई है और कीमतें तेजी से बढ़ गई हैं.
US On Lebanon LIVE: हिज्बुल्लाह पर बरसे मार्को रूबियो, लेबनान सरकार को दिया अमेरिकी समर्थन
लेबनान लाइव अपडेट्स: अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने हिज्बुल्लाह पर बड़ा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि वह जानबूझकर लेबनान को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है. रूबियो ने कहा कि जहां लेबनान सरकार देश में स्थिरता और पुनर्निर्माण की दिशा में काम कर रही है, वहीं हिज्बुल्लाह देश को फिर से अराजकता और तबाही की ओर धकेल रहा है. रूबियो ने बयान में कहा कि अमेरिका लेबनान सरकार के साथ खड़ा है और उसके रिकवरी, पुनर्निर्माण, अंतरराष्ट्रीय सहायता और स्थिर भविष्य के प्रयासों को पूरा समर्थन देगा.
Iran Deal LIVE: ट्रंप के दावे के बीच अमेरिकी अधिकारी बोले- अभी फाइनल नहीं हुई डील
ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भले ही अमेरिका और ईरान के बीच समझौते की उम्मीद जता रहे हों, लेकिन CNN की रिपोर्ट के मुताबिक दोनों देशों के बीच अभी कोई औपचारिक समझौता साइन होने की उम्मीद नहीं है. अमेरिकी प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि ड्राफ्ट डील के कई अहम मुद्दों पर अभी भी बातचीत जारी है और कई बिंदु फाइनल नहीं हुए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने सिद्धांत रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और अपने हाईली एनरिच्ड यूरेनियम के भंडार को खत्म करने पर सहमति जताई है. हालांकि, यूरेनियम को कैसे हटाया जाएगा, इसका तरीका अभी तय नहीं हुआ है. इसके अलावा भविष्य में यूरेनियम संवर्धन पर रोक कितने समय तक रहेगी, यह भी बातचीत का हिस्सा बना हुआ है. अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि प्रतिबंधों में राहत और ईरान की जमी हुई संपत्तियां खोलने पर फैसला तभी होगा, जब तेहरान पहले होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने और अपने परमाणु कार्यक्रम पर सीमाएं लगाने के वादे पूरे करेगा. राहत पैकेज की रकम कितनी होगी, यह भी अभी तय नहीं है.
Iran Deal LIVE: ईरान समझौते की उम्मीद से जापान का शेयर बाजार रिकॉर्ड ऊंचाई पर
ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते की उम्मीद का असर अब वैश्विक बाजारों में भी दिखने लगा है. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, जापान का प्रमुख शेयर बाजार इंडेक्स निक्केई पहली बार 65,000 के ऐतिहासिक स्तर को पार कर गया. सोमवार को शुरुआती कारोबार में निक्केई 225 इंडेक्स 2.71 फीसदी की तेजी के साथ 65,055.68 पर पहुंच गया. वहीं, जापान का व्यापक बाजार इंडेक्स टॉपिक्स भी 1.5 फीसदी चढ़कर 3,950.91 पर पहुंचा.
Iran War LIVE: ईरान युद्ध पर ट्रंप घिरे, अपनी ही पार्टी में बढ़ा विरोध
- ट्रंप पर घरेलू दबाव बढ़ा: अमेरिका में ईरान युद्ध को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर अब अंदरूनी दबाव बढ़ता दिख रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी अपनी रिपब्लिकन पार्टी के सांसद भी अब नाराजगी जताने लगे हैं.
- जनता में बढ़ रही नाराजगी: सर्वे के अनुसार, अमेरिका में बड़ी संख्या में लोग मानते हैं कि यह युद्ध लड़ने लायक नहीं था. बढ़ती तेल कीमतों और आर्थिक असर ने आम लोगों की नाराजगी और बढ़ा दी है.
- सिर्फ MAGA समर्थकों का साथ: रिपोर्ट के मुताबिक, इस युद्ध को जरूरी मानने वाला मुख्य समूह सिर्फ वे लोग हैं जो खुद को MAGA रिपब्लिकन बताते हैं. बाकी अमेरिकी मतदाताओं में समर्थन कमजोर दिख रहा है.
- मिडटर्म चुनाव का दबाव: अमेरिका में मिडटर्म चुनाव करीब हैं और सांसदों को जनता के गुस्से भरे फोन कॉल मिल रहे हैं. इससे रिपब्लिकन नेताओं की बेचैनी बढ़ रही है.
- दूसरे कार्यकाल का पहला बड़ा विरोध: रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप को अपने दूसरे कार्यकाल में पहली बार अपनी ही पार्टी के भीतर से इतना बड़ा राजनीतिक विरोध झेलना पड़ रहा है.
US-Iran Deal LIVE: समझौते पर बातचीत जारी, लेकिन कई बड़े सवाल अब भी बाकी
- डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि अमेरिका, ईरान और ‘कुछ अन्य देशों’ के बीच समझौता काफी हद तक तय हो चुका है, सिर्फ अंतिम मंजूरी बाकी है.
- फिर नरम पड़े ट्रंप: बाद में ट्रंप ने कहा कि डील अभी पूरी तरह फाइनल नहीं हुई है और उन्होंने अपनी टीम से कहा है कि समझौते को लेकर ‘जल्दबाजी न करें.’
- ईरान ने भी बातचीत की पुष्टि की: ईरानी अधिकारियों ने माना है कि बातचीत जारी है और कुछ मुद्दों पर प्रगति हुई है, लेकिन अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है.
- संभावित डील में क्या है: रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रस्तावित समझौते में कई मोर्चों पर युद्ध खत्म करने का रोडमैप शामिल है. बातचीत के दौरान अमेरिका की तरफ से ईरानी तेल पर लगे कुछ प्रतिबंधों में राहत देने की बात भी सामने आई है.
- ईरान की तरफ से भी सवाल: एक ईरानी सूत्र ने दावा किया कि दो बड़े मुद्दों पर अब भी दिक्कत है- ईरान की फ्रीज संपत्तियों को रिलीज करने का तरीका और लेबनान में युद्धविराम का दायरा.
- सबसे बड़े अड़ंगे अभी भी बाकी: होर्मुज जलडमरूमध्य और ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अभी भी सहमति नहीं बन पाई है. यही दोनों मुद्दे समझौते की राह में सबसे बड़ी रुकावट माने जा रहे हैं.
Iran Deal LIVE: गुप्त ठिकाने से संदेश भेज रहे खामेनेई, अमेरिका बोला- जवाब आने में हो रही देरी
ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का दावा है कि ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई एक गुप्त ठिकाने पर छिपे हुए हैं और बाहरी दुनिया से संपर्क सिर्फ दूतों (Couriers) के जरिए कर रहे हैं. CBS News की रिपोर्ट के मुताबिक, इसी वजह से अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत धीमी पड़ रही है, क्योंकि संदेश पहुंचने और जवाब वापस आने में काफी समय लग रहा है. अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, संचार में इन मुश्किलों के बावजूद खामेनेई ने संभावित समझौते के ड्राफ्ट फ्रेमवर्क पर सिद्धांत रूप से सहमति दे दी है. एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने दावा किया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अब आने वाले कुछ दिनों में ईरान की तरफ से अंतिम जवाब मिलने की उम्मीद कर रहे हैं.
Israel Iran War News: बातचीत के बीच ईरान क्यों है अलर्ट?
Israel Iran War News: लेकिन दूसरी तरफ ईरान ने साफ संकेत दिया है कि वह सिर्फ बातचीत पर भरोसा करके नहीं बैठा है. ईरानी मीडिया तस्नीम के मुताबिक, ईरानी सेना हर हाल में पूरी तैयारी में है. एक सैन्य सूत्र ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका या इजरायल ने फिर हमला किया तो ईरान ‘तीसरे संस्करण की लड़ाई’ शुरू करेगा, जो पिछली दोनों जंगों से रणनीति, हथियार और हमले के तरीके में अलग होगी.



