Last Updated:
What Cause Fever In Summer: गर्मी के मौसम मलेरिया के मामले भी तेजी से बढ़ते हैं. ये बीमारी जानलेवा भी बन सकती हैं, लेकिन अगर समय रहते मलेरिया की पहचान हो जाए और इलाज शुरू कर दिया जाए, तो यह बीमारी आसानी से ठीक हो सकती है. इसलिए बुखार को हल्के में लेने की गलती न करें और शरीर में दिख रहे संकेतों पर ध्यान दें.
गर्मी के मौसम में बुखार आना लोगों को अक्सर सामान्य लगता है. कई लोग इसे मामूली वायरल समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन हर बुखार साधारण नहीं होता. कई बार तेज बुखार, ठंड लगना और कमजोरी जैसे लक्षण मलेरिया के संकेत हो सकते हैं. अगर समय पर इसकी पहचान और इलाज न किया जाए, तो यह बीमारी गंभीर रूप ले सकती है.
नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) ने लोगों को मलेरिया को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि सही समय पर जांच और इलाज मिलने पर मलेरिया पूरी तरह ठीक हो सकता है. इसलिए जागरूक रहना और शुरुआती लक्षणों को पहचानना बहुत जरूरी है.
मलेरिया किस मच्छर के काटने से होता है?
मलेरिया एक ऐसी बीमारी है जो संक्रमित मच्छरों के काटने से फैलती है. यह बीमारी प्लाज्मोडियम नाम के परजीवी के कारण होती है. शुरुआत में इसके लक्षण सामान्य वायरल बुखार जैसे दिखाई देते हैं, इसलिए कई लोग इसे गंभीरता से नहीं लेते. लेकिन लापरवाही करने पर यह बीमारी जानलेवा भी बन सकती है.
मलेरिया के लक्षण
विशेषज्ञों के अनुसार अगर किसी व्यक्ति को बार-बार तेज बुखार आए, ठंड लगे, कंपकंपी हो, सिरदर्द बना रहे या शरीर में ज्यादा कमजोरी महसूस हो, तो तुरंत सावधान हो जाना चाहिए. इसके अलावा अधिक पसीना आना, मतली, उल्टी, दस्त, बेचैनी और भूख कम लगना भी मलेरिया के संकेत हो सकते हैं.
ऐसे लक्षण दिखाई देने पर बिना देर किए डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है. मलेरिया की पहचान के लिए साधारण ब्लड टेस्ट किया जाता है, जिससे बीमारी का पता आसानी से चल जाता है. डॉक्टर की सलाह के अनुसार सही दवा लेने से मरीज कुछ ही दिनों में ठीक हो सकता है.
बचाव के उपाय
मलेरिया से बचाव के लिए साफ-सफाई का ध्यान रखना बेहद जरूरी है. घर या आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें, क्योंकि मच्छर गंदे और रुके हुए पानी में तेजी से पनपते हैं. रात में सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें और पूरी बाजू वाले कपड़े पहनें, ताकि मच्छरों से बचाव हो सके. इसके अलावा मच्छर भगाने वाली क्रीम, स्प्रे या मशीन का इस्तेमाल भी फायदेमंद हो सकता है.
बिना परामर्श न लें दवा
विशेषज्ञ यह भी सलाह देते हैं कि बुखार होने पर खुद से दवा लेने से बचना चाहिए. कई लोग बिना जांच के दवा खा लेते हैं, जिससे बीमारी बढ़ सकती है. सही इलाज के लिए डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है.
About the Author

शारदा सिंह मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना सफर शुरू किया. उनके पास डिजिटल मीडिया और लाइफस्टाइल पत्रक…और पढ़ें
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.



