Last Updated:
Health Tips: दक्षिण बिहार का जिला इन दिनों भीषण गर्मी के कारण तप रहा है. यहां लगातार दिन का तापमान बढ़ रहा है और तपिश से लोगों की परेशानी भी बढ़ रही है. भीषण गर्मी के कारण लू लगने की संभावना भी बढ़ गई है. कई लोगों को राह चलते लू लग रही है जिस कारण उनके तबीयत खराब हो रही है. आज हम आपको चिकित्सक की सलाह बताने जा रहे हैं कि अगर राह चलते आपको लू लग जाए तो उस दौरान क्या करना चाहिए.

गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल के चिकित्सक डॉ रौशन कुमार के अनुसार आमतौर पर लू तब लगती है जब शरीर का तापमान बहुत अधिक बढ़ जाता है और शरीर उसे नियंत्रित नहीं कर पाता. बच्चे बुजुर्ग और बाहर काम करने वाले लोगों में इसका खतरा ज्यादा होता है. लू लगने के बाद शरीर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो जाता है. यह तब होता है जब शरीर लंबे समय तक तेज गर्मी या धूप के संपर्क में रहता है और शरीर की ठंडा करने की प्रक्रिया काम करना बंद कर देती है.

इनकी मानें तो अगर समय पर इलाज न मिले तो यह शरीर के कई अंग को प्रभावित कर सकता है. लू लगने के लक्षण व्यक्ति की उम्र, स्वास्थ्य और गर्मी के स्तर के अनुसार अलग-अलग हो सकती है जिसमें बेहोशी या चक्कर खाकर गिरना, तेज दिल की धड़कन, उल्टी, सांस लेने में परेशानी हो सकती है. अगर राह चलते किसी को लोग लू लग जाए तो तुरंत सही कदम उठाना बहुत जरूरी है.

डाॅ रौशन कुमार के अनुसार यदि कोई व्यक्ति राह चलते चक्कर खाकर गिर जाता है तो उसे तुरंत ठंडी जगह पर लेकर जाएं. उसके शरीर को ठंडा करने के लिए गीले कपड़े का उपयोग करें और उसके थोड़ी देर बाद उसे ठंडा पानी या ओआरएस पिलाएं. यदि व्यक्ति पानी की उल्टियां कर रहा है या बेहोश है तो उसे कुछ भी खाने और पीने को न दें. लू लगे व्यक्ति की हालत में 1 घंटे तक सुधार न हो तो उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

डॉक्टर रौशन ने लोगों को सलाह देते हुए कहा कि इस भीषण गर्मी में संभव हो तो कड़ी धूप में बाहर न निकलें. जितनी बार हो सके पानी पिएं. प्यास न भी लगे तो भी पानी पीएं और सफर में अपने साथ पानी का बोतल अपने साथ जरूर रखें.

जब भी बाहर धूप में जाएं हल्के रंग के ढीले-ढाले सूती कपड़े पहनें और धूप के चश्मे का इस्तेमाल करें. गमछा या टोपी से अपने सिर को ढ़कें और खाली पांव धूप में न चलें. हल्का भोजन करें और अधिक पानी की मात्रा वाले फल जैसे तरबूज, खीरा, नींबू, संतरा आदि का सेवन करें तथा ज्यादा प्रोटीन वाले भोजन का सेवन न करें.



