Last Updated:
गैस और एसिडिटी की दवा बिना डॉक्टर की सलाह के लंबे समय तक लेना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है. गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. मनोज यादव के अनुसार, एंटासिड का अधिक सेवन हड्डियों की कमजोरी, संक्रमण और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है. जानिए गैस और एसिडिटी से बचने के सही तरीके और डॉक्टर की अहम सलाह.
फरीदाबाद: पेट में गैस, जलन या एसिडिटी होते ही कई लोग बिना सोचे-समझे मेडिकल स्टोर से दवा लेकर खा लेते हैं. कुछ लोग तो एंटासिड की गोलियां या सिरप हमेशा अपने पास रखते हैं और हल्की-सी परेशानी होने पर भी उनका सेवन कर लेते हैं. लेकिन यही आदत आगे चलकर शरीर के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है. डॉक्टरों का कहना है कि गैस और एसिडिटी की दवा जरूरत के हिसाब से और सीमित समय तक ही लेनी चाहिए. लंबे समय तक बिना जांच और बिना डॉक्टर की सलाह के इन दवाओं का सेवन करने से कई गंभीर दुष्प्रभाव सामने आ सकते हैं.
डॉक्टर की सलाह से लें गैस और एसिडिटी की दवाइयां
फरीदाबाद के सर्वोदय हॉस्पिटल के Consultant – Gastroenterology डॉ. मनोज यादव ने Local18 से बातचीत में बताया कि गैस और एसिडिटी की दवाइयां अगर सही मात्रा में सही समय पर और डॉक्टर की सलाह से ली जाएं तो फायदा करती हैं. लेकिन अगर कोई व्यक्ति लंबे समय तक अपनी मर्जी से इनका इस्तेमाल करता रहता है तो इसके दुष्प्रभाव दिखने लगते हैं. डॉ. मनोज यादव बताते हैं कि ऐसे लोगों में फेफड़ों में बार-बार निमोनिया होने का खतरा बढ़ सकता है. इसके अलावा शरीर में कैल्शियम और विटामिन-डी की कमी होने लगती है जिससे हड्डियां कमजोर हो सकती हैं. पेट में संक्रमण, टाइफाइड और दूसरे बैक्टीरिया से होने वाले इंफेक्शन का खतरा भी बढ़ जाता है.
सामान्य दवा समझकर न खाएं गैस और एसिडिटी की दवा
डॉ. मनोज यादव बताते हैं कि सबसे बड़ी समस्या यह है कि लोग गैस और एसिडिटी की दवा को सामान्य दवा समझकर बिना डॉक्टर को दिखाए लगातार खाते रहते हैं. यही आदत बाद में परेशानी की वजह बनती है. अगर किसी को बार-बार गैस या एसिडिटी हो रही है तो सिर्फ दवा खाने की बजाय पहले इसकी असली वजह पता करनी चाहिए. सही जांच और इलाज से बीमारी की जड़ तक पहुंचा जा सकता है और अनावश्यक दवाओं के दुष्प्रभाव से भी बचा जा सकता है.
डॉ. मनोज यादव बताते हैं कि इन दवाओं का असर हर व्यक्ति पर एक जैसा नहीं होता. युवाओं में हड्डियां मजबूत होती हैं और रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बेहतर रहती है. इसलिए शुरुआत में ज्यादा परेशानी महसूस नहीं होती. लेकिन बुजुर्गों में इन दवाओं के दुष्प्रभाव जल्दी देखने को मिल सकते हैं. इसलिए खासकर उम्रदराज़ लोगों को बिना डॉक्टर की सलाह के मेडिकल स्टोर से गैस या एसिडिटी की दवा खरीदकर खाने से बचना चाहिए.
गैस और एसिडिटी की वजह
डॉ. मनोज यादव बताते हैं कि आज की बदलती जीवनशैली भी गैस और एसिडिटी की बड़ी वजह बन रही है. लोगों की शारीरिक गतिविधियां कम हो गई हैं और ऑयली, मसालेदार व फास्ट फूड का सेवन लगातार बढ़ रहा है. यही खानपान पेट की समस्याओं को बढ़ावा देता है. ऐसी चीजों की बजाय रोजमर्रा के भोजन में फल, हरी सब्जियां और घर का सादा खाना शामिल करना चाहिए. फास्ट फूड और ज्यादा मसालेदार भोजन से दूरी बनाकर रखने से गैस और एसिडिटी की समस्या काफी हद तक कम की जा सकती हैं.
हेल्दी खानपान की आदतें अपनाएं
डॉ. मनोज यादव बताते हैं कि बच्चों की खानपान की आदतें भी घर से ही बनती हैं. अगर बड़े लोग रोजाना फास्ट फूड खाएंगे, तो बच्चे भी वही सीखेंगे. इसलिए परिवार के लोगों को खुद स्वस्थ खानपान अपनाना चाहिए, ताकि बच्चे भी उसी आदत को अपनाएं. गैस या एसिडिटी की परेशानी बार-बार हो रही हो तो बार-बार दवा खाने के बजाय डॉक्टर से जांच कराना ही सबसे सुरक्षित और सही तरीका है.
About the Author

विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें



