Last Updated:
30 की उम्र के बाद यदि आपका चेहरा मुंहासों से भरा रहता है, तो ये नॉर्मल नहीं है. इन्हें हार्मोनल एक्ने कहते हैं. ये तनाव, हार्मोनल बदलाव और अनियमित जीवनशैली के कारण होते हैं. यही कारण है कि इसे सिर्फ स्किनकेयर में बदलाव से ठीक नहीं किया जा सकता है. ऐसे में यदि आप क्लीन एंड क्लियर स्किन चाहते हैं, तो यहां बताए गए उपाय आपके लिए मददगार साबित हो सकते हैं.
अक्सर लोगों को लगता है कि मुंहासों की समस्या केवल टीनेज तक ही सीमित रहती है और उम्र बढ़ने के साथ अपने आप खत्म हो जाती हैय. लेकिन ऐसा हमेशा नहीं होता. कई महिलाओं और पुरुषों को 30 की उम्र के बाद भी बार-बार मुंहासों का सामना करना पड़ता है, लेकिन ये मुहांसे नॉर्मल नहीं होते. इस तरह के एक्ने के पीछे हार्मोनल बदलाव, तनाव, अनियमित जीवनशैली और त्वचा में उम्र के साथ आने वाले बदलाव जिम्मेदार होते हैं.
वयस्क उम्र में होने वाले मुंहासे नॉर्मल टीनेज वाले मुंहासों से अलग होते हैं. ये अक्सर ज्यादा गहरे, दर्द भरे और लंबे समय तक बने रहने वाले होते हैं. इसलिए केवल ऑयल कंट्रोल प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करना काफी नहीं होता. इसलिए समय रहते हार्मोनल एक्ने की पहचान करना और सही देखभाल अपनाना जरूरी है. ऐसे में यदि आप भी हॉर्मोनल एक्ने से परेशान हैं, तो यहां बताए गए उपाय आपके लिए मददगार साबित हो सकते हैं.
हार्मोनल एक्ने की पहचान
हार्मोनल एक्ने आमतौर पर चेहरे के निचले हिस्से, खासकर ठुड्डी और जबड़े के आसपास दिखाई देते हैं. यदि नियमित स्किनकेयर रूटीन अपनाने के बावजूद मुंहासे बार-बार निकल रहे हैं, तो यह हार्मोनल कारणों का संकेत हो सकता है. इसके कुछ कॉमन लक्षणों में ठुड्डी और जॉलाइन पर बार-बार ब्रेकआउट होना, दर्द वाले सिस्टिक पिंपल्स, पीरियड्स से पहले मुंहासों का बढ़ जाना और लगातार दोबारा होने वाले एक्ने शामिल हैं.
हार्मोनल एक्ने को कंट्रोल करने के उपाय
- त्वचा विशेषज्ञों के अनुसार, हार्मोनल एक्ने की देखभाल के लिए त्वचा के अनुसार सही प्रोडक्ट का चयन करना जरूरी है. सबसे पहले जेंटल और माइल्ड क्लींजर का उपयोग करें, जो त्वचा की नेचुरल नमी को नुकसान न पहुंचाए.
- इसके साथ ही मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल भी जरूरी है. अच्छी हाइड्रेशन त्वचा को संतुलित रखने में मदद करती है और जलन को कम कर सकती है.
- कुछ एक्टिव इंग्रीडिएंट्स जैसे नियासिनामाइड, सैलिसिलिक एसिड, एजेलिक एसिड और रेटिनॉइड्स भी मुंहासों को कंट्रोल करने में सहायक हो सकते हैं. हालांकि इन्हें विशेषज्ञ की सलाह से ही इस्तेमाल करना बेहतर होता है.
- इसके अलावा पर्याप्त नींद, संतुलित आहार और तनाव को कंट्रोल रखना भी हार्मोन संतुलन और त्वचा की सेहत के लिए बेहद जरूरी माना जाता है.
About the Author

शारदा सिंह मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना सफर शुरू किया. उनके पास डिजिटल मीडिया और लाइफस्टाइल पत्रक…और पढ़ें
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.



