Last Updated:
High Cholesterol Drugs: दुनिया में पहली बार हाई कोलेस्ट्रॉल की खाने वाली दवा को मंजूरी मिल गई है. इस दवा को अमेरिकी नियामक संस्था ने मंजूरी दे दी है. अब यह दवा दुनिया के बाजार में आ जल्दी आ जाएंगे. अब तक इसका इंजेक्शन मौजूद था जो काफी महंगा था.
हाई कोलेस्ट्रॉल के लिए PCSK9 इनहिबिटर दवा.
High Cholesterol Drugs: हाई कोलेस्ट्रॉल इतनी खतरनाक चीज है कि यह सीधे हार्ट के रास्ते को जाम करने लगता है. यह खून में पाए जाने वाला मोम की तरह चिपचिपा पदार्थ है. यह फैट का ही एक रूप होता है लेकिन जब यह ज्यादा हो जाता है तो हार्ट की तरफ जाने वाली खून की नलियों की दीवारों में चिपकने लगता है. जब चिपकते-चिपकते यह ज्यादा हो जाता है तो खून के बहाव को रोकने लगता है. इससे हार्ट को ऑक्सीजन वाला कम खून मिलता है. एक दिन ऐसा आता है कि यह रुकावट हार्ट को खून की सप्लाई पूरी तरह रोक देता है जिससे हार्ट अटैक होता है. जिस व्यक्ति में बहुत ज्यादा कोलेस्ट्रॉल हो जाता है तो उसे PCSK9 इनहिबिटर दवाएं इंजेक्शन के रूप में लेनी पड़ती है. लेकिन अब ऐसे मरीजों के इंजेक्शन लेने की जरूरत नहीं होगी क्योंकि इसके लिए मर्क कंपनी ने खाने वाली गोली लिपफेंड्रा Lipfendra बना ली है. अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन FDA ने दुनिया की पहली ओरल PCSK9 इनहिबिटर दवा लिपफेंड्रा को मंजूरी दे दी है.
हाई कोलेस्ट्रॉल के लिए PCSK9 इनहिबिटर दवा.
59 प्रतिशत तक कम हो जाएगा कोलेस्ट्रॉल
लिपफेंड्रा शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल को काफी प्रभावी तरीके से कम करती है. यह रोजाना एक बार ली जाने वाली टैबलेट है. इसे वो लोग लेते हैं जिनमें बहुत ज्यादा बैड कोलेस्ट्रॉल होता है. इसके अलावा कुछ लोगों में आनुवांशिक बीमारी हेटेरोजाइगस फैमिलियल हाइपरकोलेस्ट्रोलेमिया (HeFH) होती है. उनमें बिना किसी वजह के बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ता रहता है. ऐसे लोगों के लिए यह दवा रामबाण है. डॉक्टर इस दवा को सही डाइट, रेगुलर एक्सरसाइज और पहले से चल रही दवाओं के साथ लेने की सलाह देंगे. अब तक PCSK9 इनहिबिटर दवाएं 2 या 4 सप्ताह में एक बार इंजेक्शन के रूप में दी जाती थी लेकिन टैबलेट रोज लेना होगा. गोली के रूप में यह विकल्प मरीजों के लिए इलाज को अधिक सुविधाजनक बना सकता है. इस दवा के ट्रायल का परिणाम बेहद उत्साहजनक रहा है. 3,207 वयस्कों पर किए गए क्लीनिकल ट्रायल में पाया गया कि जिन लोगों ने अन्य दवाओं के साथ ओरल PCSK9 इनहिबिटर दवा ली, उनमें 24 सप्ताह के भीतर LDL कोलेस्ट्रॉल 56 से 59 प्रतिशत तक कम हो गया. यह असर इंजेक्शन के रूप में मिलने वाली PCSK9 इनहिबिटर दवाओं के बराबर पाया गया. ऐसे मरीज जिनका कोलेस्ट्रॉल मौजूदा इलाज के बावजूद नियंत्रित नहीं हो पा रहा है, उनके लिए यह दवा एक नया विकल्प बन सकती है. हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि यह दवा स्टैटिन की जगह नहीं लेगी और न ही इसे शुरुआती इलाज के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा. भारतीय कार्डियोलॉजी गाइडलाइंस के मुताबिक हाई-रिस्क मरीजों में LDL कोलेस्ट्रॉल का लक्ष्य 70 mg/dL से कम होना चाहिए. जिन लोगों में हार्ट से संबंधित जोखिम ज्यादा है, उन लोगों में यह 55 से भी कम होना चाहिए.
इंजेक्शन से डरने वालों के लिए अच्छा विकल्प
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में कार्डियोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. अंबुज रॉय ने कहा कि अब तक PCSK9 इनहिबिटर केवल हर दो या चार सप्ताह में लगने वाले इंजेक्शन के रूप में उपलब्ध थे. नई ओरल दवा LDL यानी बैड कोलेस्ट्रॉल को करीब 50-60% तक कम करती है. इसलिए जो मरीज इंजेक्शन नहीं लगवाना चाहते उनके लिए यह एक अच्छा विकल्प हो सकती है. उन्होंने बताया कि यह दवा संभवतः चौथी पंक्ति के इलाज के रूप में इस्तेमाल होगी. यानी पहले स्टैटिन, फिर एजेटिमाइब और बेम्पेडोइक एसिड देने के बाद भी जिन मरीजों का LDL नियंत्रित नहीं होता या जो स्टैटिन सहन नहीं कर पाते, उन्हें यह दवा दी जा सकती है. डॉ. रॉय ने यह भी कहा कि हालांकि यह दवा LDL को काफी कम करती है लेकिन अभी तक यह साबित नहीं हुआ है कि इसका लंबे समय तक क्या असर होगा. क्या इसे लेने के बाद कोलेस्ट्रॉल जब कम हो जाएगा तो इसे लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
भारत में कब आएगी ये दवा
हालांकि फिलहाल इस दवा के भारत में तुरंत उपलब्ध होने की संभावना नहीं है. इसके भारतीय बाजार में आने में अभी कुछ समय लग सकता है. इंडियन फार्मास्युटिकल एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. सुभाष मंडल ने कहा कि किसी दवा को विदेश में मंजूरी मिल जाने का मतलब यह नहीं है कि उसे भारत में अपने-आप बेचा जा सकता है. पेटेंट से जुड़े नियमों के अलावा, भारत में इस दवा को बाजार में उतारने से पहले केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन से निर्धारित नियामकीय प्रक्रिया के तहत मंजूरी लेनी होगी. जरूरत पड़ने पर भारतीय नियमों के अनुसार क्लीनिकल ट्रायल भी कराए जा सकते हैं. कुछ विशेष परिस्थितियों में मरीज व्यक्तिगत उपचार के लिए CDSCO की अलग व्यवस्था के तहत सीमित मात्रा में दवा आयात करने की अनुमति मांग सकते हैं. लेकिन कोई भी व्यक्ति अपने दोस्तों या रिश्तेदारों के जरिए ऐसी दवा सीधे भारत नहीं मंगा सकता. यह मंजूरी इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि कई हाई-रिस्क मरीजों में स्टैंडर्ड ओरल दवाएं लेने के बावजूद बैड कोलेस्ट्रॉल का स्तर अधिक बना रहता है.
About the Author

<strong>Excelled with colours in media industry, enriched more than 19 years of professional experience. Lakshmi Narayan contributed in all genres viz print, television and digital media. He professed his contr…और पढ़ें



