Early Muscle Loss Symptoms : क्या आपको 40-45 की उम्र के बाद सीढ़ियां चढ़ते समय जल्दी थकावट महसूस होती है? या काम करते करते हाथों में दर्द होने लगता है? अगर हां, तो इसे केवल ‘उम्र बढ़ने का असर’ मानकर नजरअंदाज न करें. दरअसल, भारत में 40 वर्ष की आयु पार करते ही लोगों में तेजी से मांसपेशियां घटने (Muscle Loss) की समस्या देखी जा रही है. चिकित्सा विज्ञान की भाषा में इस स्थिति को सारकोपेनिया (Sarcopenia) कहा जाता है.
टीओआई की खबर के मुताबिक, हाल ही में ‘गेरियाट्रिक सोसाइटी ऑफ इंडिया’ (Geriatric Society of India) ने देश में पहली बार सारकोपेनिया की पहचान और इलाज के लिए गाइडलाइंस जारी की हैं, ताकि डॉक्टरों को इस बीमारी की समय पर पहचान करने और मरीजों को विकलांगता या गिरने के जोखिम से बचाने में मदद मिल सके.
लगभग 35% औसतन 47 वर्ष की आयु वाले लोगों में इसके लक्षण मौजूद हैं.(Canva)
सारकोपेनिया क्या है और यह क्यों खतरनाक है?
‘सारकोपेनिया’ शब्द का साधारण अर्थ है “मांसपेशियों की कमी”. पहले यह माना जाता था कि यह केवल 60-70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों की बीमारी है. लेकिन भारतीय आबादी में अब यह 40 से 47 वर्ष के युवाओं और मध्यमआयु वर्ग के लोगों को भी तेजी से अपनी चपेट में ले रहा है. केरल डायबिटीज प्रिवेंशन प्रोग्राम के तहत किए गए एक अध्ययन में पाया गया कि लगभग 35% औसतन 47 वर्ष की आयु वाले लोगों में इसके लक्षण मौजूद हैं.
मांसपेशियां क्यों जरूरी हैं?
मांसपेशियां केवल शरीर को आकार या मजबूती नहीं देतीं, बल्कि ये हमारे मेटाबॉलिज्म, ब्लड शुगर कंट्रोल, सांस लेने की प्रक्रिया और जोड़ों की सुरक्षा में मुख्य भूमिका निभाती हैं. मांसपेशियां मायोकाइन्स (Myokines) नामक प्रोटीन बनाती हैं, जो शरीर में अंदरूनी सूजन (Inflammation) को कम करते हैं.
40 के बाद मसल्स लॉस के मुख्य कारण-
डॉक्टरों के अनुसार, भारतीयों में समय से पहले मांसपेशियां कमजोर होने के कई प्रमुख कारण हैं:
- खान-पान में प्रोटीन की भारी कमी: भारतीय भोजन में कार्बोहाइड्रेट्स ज्यादा और प्रोटीन बहुत कम होता है.
- डायबिटीज और क्रोनिक बीमारियां: ब्लड शुगर असंतुलित रहने से मांसपेशियां तेजी से गलने लगती हैं.
- स्टेरॉयड का प्रयोग: बीमारियों के इलाज या बिना सलाह दवाओं/स्टेरॉयड के प्रयोग से भी मसल्स घटती हैं.
- गलत एक्सरसाइज रूटीन: केवल टहलने (Walking) को ही पूरा व्यायाम मान लेना और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग न करना.
सारकोपेनिया के मुख्य लक्षण (Signs to Watch Out For)-
- कमजोरी और थकान: थोड़ा काम करते ही शरीर थक जाना. पकड़ (Grip) कमजोर होना: हाथों से चीजें छूटकर गिरना.
- धीमी चाल: सीढ़ियां चढ़ने में कठिनाई और चलने की गति कम होना.
- संतुलन बिगड़ना: बिना सहारे के खड़े होने में परेशानी और गिरने का डर रहना.
घर और क्लिनिक में कैसे करें जांच? (Sarcopenia Tests)-
- हैंडग्रिप टेस्ट: डायनेमोमीटर से हाथ की पकड़ मापी जाती है. पुरुषों में 26 kg और महिलाओं में 18 kg से कम ग्रिप होना इसका शुरुआती संकेत है.
- चेयर सिट-टू-स्टैंड टेस्ट: यदि आप 15 सेकंड में 5 बार कुर्सी से उठ-बैठ नहीं पाते, तो आपकी मांसपेशियां कमजोर हैं.
पिंडली की चौड़ाई (Calf Circumference): महिलाओं में 33 सेमी और पुरुषों में 34 सेमी से कम पिंडली की मोटाई कमजोर मसल्स दर्शाती है.
डॉक्टरों के बताए आसान समाधान और बचाव-
1.केवल वॉक करना काफी नहीं (Walking is Not Enough):
टहलने से दिल सेहतमंद रहता है, लेकिन मांसपेशियों को बचाने या बढ़ाने के लिए रेजिस्टेंस / स्ट्रेंथ ट्रेनिंग (Resistance Training) बेहद जरूरी है. हफ्ते में केवल 15 से 30 मिनट डंबल, रेजिस्टेंस बैंड या बॉडी-वेट एक्सरसाइज (जैसे पुश-अप्स, स्क्वॉट्स) जरूर करें.
2.आहार में प्रोटीन बढ़ाएं:
प्रतिदिन अपने आदर्श वजन के अनुसार 1 ग्राम प्रोटीन प्रति किलोग्राम (1g/kg) लें. दालें, पनीर, सोयाबीन, अंडे और लीन मीट आहार में शामिल करें.
3.विटामिन D और B12 लें:
मांसपेशियों और नसों की मजबूती के लिए विटामिन D3 और B12 का स्तर सही बनाए रखें.
4.7 घंटे की नींद:
मांसपेशियों की रिकवरी और मरम्मत के लिए रोजाना 7 से 8 घंटे की गहरी नींद लें.
दरअसल, मांसपेशियों का नुकसान और अवसाद (Depression) एक-दूसरे को बढ़ावा देते हैं. मसल्स कमजोर होने पर व्यक्ति शारीरिक रूप से निष्क्रिय हो जाता है, जिससे डिप्रेशन बढ़ता है और डिप्रेशन से मसल्स और तेजी से घटती हैं. इसलिए 40 की उम्र पार करते ही अपने भोजन में प्रोटीन बढ़ाएं और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं!



