Last Updated:
Antibiotic Resistance: दवाएं इसलिए बनती है ताकि यह बीमारी को खत्म करें. एंटीबायोटिक दवा भी इसीलिए बनी थी ताकि यह शरीर में घुसे जहरीले बैक्टीरिया को मार सके लेकिन आजकल बैक्टीरिया इतने ढीठ हो गए हैं कि ये एंटीबायोटिक दवाओं को मूली-गाजर की तरह समझने लगे है. एंटीबायोटिक का इस पर कोई असर नहीं हो रहा है. भारत में दवाओं के असर पर निगरानी करने वाली संस्था इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च ICMR ने इसके लिए चेतावनी जारी की है.
Antibiotic Resistance: जब भी हमें सर्दी, जुकाम, बुखार आदि लगता है हम केमिस्ट की दुकान से सीधे दवा खरीद लेते हैं. इन दवाओं में अधिकांश एंटीबायोटिक होता है. लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि ये परेशानियां अक्सर वायरस के कारण होती है हम एंटीबायोटिक खा लेते हैं. एंटीबायोटिक दवा बैक्टीरिया को मारने के लिए होती है. ऐसे में अगर एंटीबायोटिक दवा लेते हैं तो धीरे-धीरे ये बैक्टीरिया ढीठ होने लगता है और दवाओं के खिलाफ अपना प्रतिरोध बढ़ा लेता है जिससे दवाओं का असर इस पर नहीं होता है. अब आईसीएमआर ने इसके खिलाफ सख्त चेतावनी जारी की है. आईसीएमआर ने अपने एक अध्ययन में पाया है कि ग्राम निगेटिव बैक्टीरिया वाला इंफेक्शन से मौत का खतरा कई गुना बढ़ गया जो पूरे देश के लिए चिंता की बात है. ग्राम निगेटिव बैक्टीरिया वह होता है जो दवाओं के खिलाफ अपने शरीर में प्रतिरोध पैदा कर लेता है जिसके कारण अगर कोई व्यक्ति एंटीबायोटिक दवा खाता है तो बैक्टीरिया पर इसका असर नहीं होता है.
हाई एंटीबायोटिक भी हो जाती है बेअसर
ग्राम निगेटिव बैक्टीरिया बेहद खतरनाक इंफेक्शन फैलाते हैं. ये आमतौर पर लंग्स, पेशाब की नली, घाव और खून को संक्रमित करता है. मुख्य तौर पर ई. कोलाई, क्लेबसिएला न्यूमोनिया, एकिनेटोबैक्टर बॉमनाइ और स्यूडोमोनास एरुगिनोसा बैक्टीरिया ग्राम बैक्टीरिया के उदाहरण है. इन सबसे गंभीर इंफेक्शन होता है और इसके लिए हाई एंटीबायोटिक दवा का इस्तेमाल डॉक्टर करते हैं. इसके लिए हाई एंटीबायोटिक कार्बापेनम का इस्तेमाल किया जाता है. लेकिन जब ये बैक्टीरिया कार्बापेनम के प्रति भी प्रतिरोधी हो जाते हैं, तो डॉक्टरों के पास मरीजों का इलाज करने के लिए बहुत कम असरदार दवाएं बचती हैं. आईसीएमआर के वैज्ञानिकों ने अस्पतालों में भर्ती इन बैक्टीरिया से पीड़ित मरीजों पर अध्ययन किया और पाया कि इन मरीजों पर हाई एंटीबायोटिक भी फेल हो रहा है. अध्ययन में 1. 60 लाख भर्ती मरीजों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया. इनमें से 26,213 मरीजों में ग्राम-नेगेटिव बैक्टीरियल संक्रमण की पुष्टि हुई थी. इनमें 61.1% ऐसे मरीज थे जिनप कार्बापेनम एंटीबायोटिक दवा भी असर नहीं कर रही थी. इतना ही नहीं, इन मरीजों पर इलाज का खर्चा दो गुना से भी ज्यादा बढ़ जाता है.
क्यों एंटीबायोटिक हो जाती हैं बेअसर
सी के बिड़ला अस्पताल, गुरुग्राम में इंटरनल मेडिसीन के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. तुषार तायल बताते हैं कि आमतौर पर लोग जिन कारणों से एंटीबायोटिक दवाएं लेते हैं उनमें से 90 प्रतिशत में एंटीबायोटिक दवा लेने की जरूरत ही नहीं होती. ये बीमारियां वायरस, फंगल, पैरासाइटिक आदि होते हैं. इन बीमारियों का निश्चित जीवनकाल होता है. यानी दो-तीन, चार या इससे ज्यादा दिनों के जीवनकाल को शरीर में पूरा कर लेते हैं और कुछ अपने आप मर जाते हैं तो कुछ को हमारे शरीर में मौजूद इम्यून सिस्टम मार देता है. इसलिए इन बीमारियों में एंटीबायोटिक लेने की जरूरत नहीं होती है. ऐसे में जब हम इन बीमारियों में एंटीबायोटिक ले लेते हैं. इससे बीमारी पर तो कोई असर नहीं होता लेकिन बैक्टीरिया इन दवाओं के खिलाफ धीरे-धीरे ढीठ होने लगते हैं. ये एंटीबायोटिक हमारे पेट में हमेशा मौजूद रहने वाले अरबों बैक्टीरिया में से एक-दो बैक्टीरिया के डीएनए में अचानक बदलाव करने में मदद करता है. जब बैक्टीरिया का शरीर बदल जाता है तो यह उस एंटीबायोटिक के खिलाफ प्रतिरोध पैदा कर लेता है. धीरे-धीरे ये बैक्टीरिया हेल्दी बैक्टीरिया को मारने लगता है और अपनी आबादी बढ़ाने लगता है. ये बैक्टीरिया अपने प्रतिरोधी जीन को आसपास के अन्य बैक्टीरिया में ट्रांसफर कर देते हैं. इसका नतीजा यह होता है कि जब बीमारी वाले बैक्टीरिया हमारे शरीर में घुसता है तो यह भी एंटीबायोटिक के खिलाफ प्रतिरोधी जीन को ग्रहण कर लेता है और दवा के असर को बेअसर कर देता है.
दवा के खिलाफ कैसे काम करते हैं सूक्ष्मजीव
डॉ. तुषार तायल ने बताया कि ये बैक्टीरिया या वायरस इन दवाओं के खिलाफ जेनेटिक लेवल पर सुरक्षा तंत्र बनाते हैं. कुछ बैक्टीरिया के सेल मैंब्रेन यानी एक तरह से बैक्टीरिया का बाहरी आवरण कुदरती रूप से इतना सख्त होता है कि दवा बैक्टीरिया के शरीर के अंदर घुसती ही नहीं है जबकि कुछ बैक्टीरिया दवा के खिलाफ शरीर में एंजाइम बनाने लगते हैं. इस एंजाइम के कारण बैक्टीरिया की सतह पर दवा चिपक ही नहीं पाती है. इससे दवा बैक्टीरिया के अंदर घुस नहीं पाती. अंत में दवा का असरहीन होने लगती है. कुछ बैक्टीरिया अपने शरीर को संरचना को इस तरह से बदल लेते हैं कि दवा का कोई असर ही नहीं होता. ये बैक्टीरिया दवा के छूने से पहले हवा की झोंकों की तरह उसे उड़ा (इफलक्स पंप) देते हैं. यह सब जेनेटिक लेवल पर होता है और इसमें या तो जेनेटिक म्यूटेशन होता है अलग-अलग बैक्टीरिया से मिलकर उनसे रेजिस्टेंस वाले बैक्टीरिया का गुण ले लेते हैं.
फिर क्या करना चाहिए
डॉ. तुषार तायल कहते हैं कि जब भी सर्दी-जुकाम या बुखार लगे और यह बहुत ज्यादा परेशानी वाली नहीं हो तो एक-दो दिन इंतजार करें. इसके बाद डॉक्टर के पास जाएं. डॉक्टर जांच के बाद आपको दवाई लिखेंगे. अगर यह बीमारी बैक्टीरिया के कारण है तो एंटीबायोटिक लिखेंगे वरना नहीं लिखेंगे. अपने मन से कभी भी एंटीबायोटिक दवा न लें. इससे धीरे-धीरे आपके शरीर के बैक्टीरिया एंटीबैक्टीरियल रेजिस्टेंस में बदल जाएगा.
About the Author

मीडिया में 20 साल से ज्यादा का अनुभव रखने वाले लक्ष्मी नारायण पत्रकारिता के हर विधा में माहिर हैं. भविष्य की आहट और ट्रेंड्स को समय से पहले भांपने की अद्भुत कला उनके अंदर समाहि…
और पढ़ें



