वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने एक फैसले को लेकर मुसीबत में फंस गए हैं, और इस पूरे बवाल के सेंटर में हैं उनकी बेहद खास एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट नताली हार्प. हाल ही में आई रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि ट्रंप ने हॉलिडे गिफ्ट के नाम पर नताली हार्प समेत कई लोगों को 45,000 डॉलर यानी करीब 42 लाख रुपए का भारी-भरकम कैश थमा दिया है. ये खबर आते ही पूरे अमेरिका में खलबली मच गई है. हर कोई ये देखकर हैरान है कि सरकारी नियमों के बावजूद नताली हार्प को इतना बड़ा कैश लिफाफा कैसे दिया जा सकता है. इस खुलासे ने नताली हार्प की वजह से ट्रंप और फर्स्ट लेडी मेलानिया के बीच चल रही अनबन की खबरों में आग में घी डालने का काम किया है.
नताली हार्प समेत 3 करीबियों को मिले 45-45 हजार डॉलर
सरकारी नियमों के मुताबिक व्हाइट हाउस के अफसरों को अपने गिफ्ट्स की जानकारी देनी होती है. जब अधिकारियों की रिपोर्ट बाहर आई, तो उसमें ‘हॉलिडे कैश गिफ्ट’ लिखा मिला. 45,000 डॉलर पाने वालों में नताली हार्प, कम्युनिकेशंस एडवाइजर मार्गो मार्टिन और ओवल ऑफिस की डिप्टी डायरेक्टर चेम्बरलेन हैरिस शामिल हैं. वहीं ओवल ऑफिस ऑपरेशन्स के डायरेक्टर वॉल्ट नौटा को 20,000 डॉलर का कैश मिला है. अमेरिका में ये सवाल उठ रहा है कि क्या राष्ट्रपति अपनी मर्जी से सरकारी अफसरों में कैश बांट सकते हैं.
कौन हैं नताली हार्प? ट्रंप की वो खास असिस्टेंट जो साथ लेकर घूमती हैं प्रिंटर
35 साल की नताली हार्प इस समय व्हाइट हाउस की सबसे चर्चित चेहरा बन चुकी हैं. वो ट्रंप के साथ साए की तरह हर दौरे पर रहती हैं. नताली अपने साथ हमेशा एक पोर्टेबल प्रिंटर लेकर चलती हैं. जब भी ट्रंप को कोई खबर या सोशल मीडिया पोस्ट पढ़नी होती है, नताली तुरंत प्रिंट निकालकर दे देती हैं. ट्रंप जो भी बोलते हैं, नताली ही उसे उनके सोशल मीडिया ऐप ‘ट्रुथ सोशल’ पर टाइप करती हैं. नताली की सालाना सैलरी 1.3 करोड़ रुपए है. इसके ऊपर उन्हें 42 लाख का कैश गिफ्ट मिला है.
नताली हार्प को लेकर मेलानिया और ट्रंप के बीच अनबन की रिपोर्ट
व्हाइट हाउस में कैश गिफ्ट का विवाद से पहले नताली हार्प को लेकर एक और बड़ा विवाद चल रहा था. अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नताली हार्प की ट्रंप से बढ़ती नजदीकियों को लेकर फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप काफी नाराज चल रही हैं.
विवाद तब बढ़ा जब एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि ट्रंप ने अपने स्टाफ से बातचीत में नताली की तारीफ करते हुए कहा था कि ‘वो मुझसे उतना ही प्यार करती हैं जितना मेलानिया करती हैं’. इसके अलावा नताली की तरफ से ट्रंप को लिखे गए कुछ निजी खत भी सामने आए थे, जिनमें उन्होंने लिखा था कि ‘मेरे लिए आपके सिवा कुछ मायने नहीं रखता’.
इसी बीच फ्रीडम 250 ग्रैंड प्रिक्स इवेंट से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इस वीडियो में देखा गया कि जब मेलानिया ट्रंप अपने पति डोनाल्ड ट्रंप के पास खड़ी थीं, तब सीक्रेट सर्विस के गार्ड्स नताली हार्प को ट्रंप से थोड़ा दूर रखते दिखे. हालांकि व्हाइट हाउस ने इन सभी बातों को कोरी अफवाह बताया है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स का दावा है कि मेलानिया इस तरह की सार्वजनिक चर्चाओं से काफी नाराज हैं.
मार्गो, चेम्बरलेन और वॉल्ट नौटा पर भी हुई नोटों की बारिश
वहीं, ट्रंप से कैश पाने वालों में सिर्फ नताली ही नहीं हैं. मार्गो मार्टिन भी ट्रंप की बहुत पुरानी सहयोगी हैं. साल 2020 में चुनाव हारने के बाद भी मार्गो फ्लोरिडा में ट्रंप का मीडिया काम संभालती रहीं.
दूसरी अधिकारी चेम्बरलेन हैरिस हैं, जो ओवल ऑफिस की डिप्टी डायरेक्टर हैं. ट्रंप ने उन्हें व्हाइट हाउस के नए बॉलरूम प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी भी दी है. इन दोनों की सैलरी भी सालाना 1,50,000 डॉलर है. चौथे अधिकारी वॉल्ट नौटा को 20,000 डॉलर मिले हैं. वॉल्ट नौटा ट्रंप के निजी सहायक रहे हैं और उनकी सालाना सैलरी 1,75,000 डॉलर है.
व्हाइट हाउस की सफाई: ‘ये ट्रंप का पुराना स्टाइल है’
विवाद बढ़ता देख व्हाइट हाउस ने तुरंत बयान जारी किया. अधिकारियों का कहना है कि ट्रंप की ये बहुत पुरानी आदत रही है. वो बिजनेस में रहने के दौरान भी अपने कर्मचारियों को क्रिसमस पर भारी गिफ्ट दिया करते थे. व्हाइट हाउस ने कहा कि ये गिफ्ट अधिकारियों की सरकारी ड्यूटी से अलग है. इसलिए ये किसी नियम को नहीं तोड़ता. हालांकि व्हाइट हाउस ने इस सवाल का जवाब नहीं दिया कि क्या निचले स्तर के कर्मचारियों को भी ऐसा कोई नकद लिफाफा मिला है या नहीं.
कानून और एथिक्स का पेंच: क्यों उठ रहे हैं भारी-भरकम कैश पर सवाल?
व्हाइट हाउस भले ही इसे मामूली तोहफा बता रहा हो, लेकिन एथिक्स एक्सपर्ट्स इसे गलत मान रहे हैं. पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बुश के दौर में एथिक्स वकील रहे रिचर्ड पेंटर का कहना है कि ये मामला सरकारी नियमों का उल्लंघन हो सकता है. अमेरिकी कानून में सरकारी कर्मचारियों को उनकी तय सैलरी के अलावा किसी से भी नकद पैसा लेने पर रोक है. वहीं पूर्व एथिक्स डायरेक्टर डॉन फॉक्स का कहना है कि राष्ट्रपति से इतना बड़ा कैश गिफ्ट मिलने के बाद अधिकारी उनके प्रति जरूरत से ज्यादा वफादार महसूस करने लगते हैं. इससे निष्पक्ष होकर काम करना मुश्किल हो जाता है.
क्या ट्रंप का ये कदम नया संकट खड़ा करेगा?
सरकारी नौकरी में कैश गिफ्ट को हमेशा शक की नजर से देखा जाता है. अमेरिका के इतिहास में ऐसा कम ही देखा गया है जब राष्ट्रपति अपनी जेब से अफसरों को लाखों का कैश बांट रहे हों. आलोचकों का मानना है कि नताली हार्प को मिला ये कैश गिफ्ट और उनसे जुड़ी गॉसिप आने वाले दिनों में ट्रंप प्रशासन के लिए नई मुश्किलें खड़ी कर सकती है. वाशिंगटन में इस मुद्दे पर राजनीति गरम है और विपक्ष ट्रंप से इस पर जवाब मांग रहा है.



