You are currently viewing Strawberry Moon vs Harvest Moon: जून के स्ट्रॉबेरी मून से सितंबर के हार्वेस्ट मून तक… आखिर क्यों हर पूर्णिमा का नाम होता है अलग? जानें रहस्य!

Strawberry Moon vs Harvest Moon: जून के स्ट्रॉबेरी मून से सितंबर के हार्वेस्ट मून तक… आखिर क्यों हर पूर्णिमा का नाम होता है अलग? जानें रहस्य!


Strawberry Moon vs Harvest Moon: आसमान में चमकने वाला चंद्रमा हमेशा से इंसान के लिए आकर्षण और जिज्ञासा का केंद्र रहा है और हो भी क्यों ना, पृथ्वी के सबसे पास चंद्रमा ही है. वैदिक ज्योतिष में चंद्रमा को मन, माता, और भावनाओं का सबसे प्रमुख कारक माना गया है. चंद्रमा कर्क राशि के स्वामी हैं और वृषभ राशि में उच्च तो वृश्चिक राशि में नीच का माना गया है. साथ ही चंद्रमा के गुरुत्वाकर्षण बल के कारण समुद्र में ज्वार-भाटा आता है. आपने देखो होगा कि पूर्णिमा के चांद को अलग-अलग महीनों में अलग-अलग नामों से जाना जाता है. कहीं इसे Strawberry Moon, कहीं Harvest Moon, तो कहीं Pink Moon, Wolf Moon, Hunter’s Moon और Snow Moon कहा जाता है. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या हर नाम किसी खास तरह के चंद्रमा या उसकी किसी अलग विशेषता को दर्शाता है?

इस तरह निर्धारित किए जाते हैं नाम
यह सभी नाम मुख्य रूप से ऋतु, मौसम, खेती, पेड़-पौधों, जानवरों और इंसानी जीवन से जुड़ी पुरानी परंपराओं से निकले हैं. चंद्रमा वही सामान्य पूर्णिमा का चंद्रमा होता है, लेकिन अलग-अलग समय और मौसम से जुड़े होने के कारण उसे अलग नाम मिल गए. साल 2026 में Strawberry Moon 29 जून को दिखाई दिया था, जबकि अब 26 सितंबर 2026 को Harvest Moon देखने को मिलेगा. आइए समझते हैं कि दोनों में क्या अंतर है और आखिर पूर्णिमा के चंद्रमा के इतने अलग-अलग नाम क्यों हैं.

जून की पूर्णिमा को Strawberry Moon क्यों कहा जाता है?
स्ट्रॉबेरी मून का नाम सुनकर सबसे पहले मन में लाल या गुलाबी चांद की तस्वीर बनती है. लेकिन इसका चंद्रमा के रंग से कोई सीधा संबंध नहीं है. स्ट्रॉबेरी मून का नाम साल के उस समय से जुड़ा है, जब कुछ क्षेत्रों में स्ट्रॉबेरी पकने और उन्हें तोड़ने का मौसम आता था. यह नाम उत्तरी अमेरिका की कुछ Indigenous परंपराओं, खासकर Algonquian परंपराओं से जुड़ा माना जाता है. अलग-अलग समुदायों में इसी समय की पूर्णिमा के लिए अलग नाम भी प्रचलित रहे हैं. कुछ नाम जामुन, फूलों, मौसम में बदलाव या प्रकृति में होने वाले दूसरे बदलावों से जुड़े थे. इसलिए स्ट्रॉबेरी मून का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि उस रात चांद स्ट्रॉबेरी जैसा लाल या गुलाबी दिखाई देगा.

क्या स्ट्रॉबेरी मून सच में लाल या गुलाबी दिखता है?
आम तौर पर ऐसा नहीं होता है. हालांकि चंद्रमा जब क्षितिज के काफी करीब होता है तो वह पीला, नारंगी या लालिमा लिए हुए दिखाई दे सकता है. इसकी वजह चंद्रमा का नाम नहीं, बल्कि पृथ्वी के वायुमंडल से होकर आने वाली उसकी रोशनी है. साल 2026 में स्ट्रॉबेरी मून 29 जून को पूर्ण रूप से दिखाई दिया था.

Harvest Moon क्या है और इसे खास क्यों माना जाता है?
हार्वेस्ट मून यानी फसल का चांद अपनी खास पहचान किसी एक महीने से नहीं, बल्कि शरद विषुव (Autumnal Equinox) के आसपास अपनी स्थिति से बनाता है. हार्वेस्ट मून उस पूर्णिमा को कहा जाता है, जो सितंबर के विषुव के सबसे करीब होती है. इसी वजह से हार्वेस्ट मून सितंबर में दिखाई देता है. हालांकि कभी-कभार अक्टूबर के पहले सप्ताह में दिखाई दे जाता है. साल 2026 में शरद विषुव 22 सितंबर को है और इसके ठीक बाद 26 सितंबर को पूर्णिमा होगी. इसलिए 26 सितंबर 2026 की पूर्णिमा को इस साल की हार्वेस्ट मून कहा जाएगा. दिलचस्प बात यह भी है कि कुछ चंद्र नामकरण प्रणालियों में सितंबर की पूर्णिमा को कॉर्न मून भी कहा जाता है.

आखिर हर पूर्णिमा के अलग-अलग नाम क्यों हैं?
इंसान हजारों सालों से चंद्रमा को एक तरह के प्राकृतिक कैलेंडर की तरह इस्तेमाल करता आया है. जब ना मोबाइल फोन थे, ना मौसम के ऐप और ना ही आज जैसे कैलेंडर, तब चंद्रमा के नियमित चक्र से लोग समय और मौसम के बदलाव को पहचानते थे. किसी पूर्णिमा का नाम बर्फ और ठंड के मौसम से जुड़ गया, तो किसी का फूलों के खिलने से. कहीं किसी चंद्रमा का नाम फसलों से जुड़ा, तो कहीं जानवरों के व्यवहार से. इसी वजह से हमें Snow Moon, Pink Moon, Flower Moon, Buck Moon, Sturgeon Moon, Beaver Moon और Cold Moon जैसे नाम सुनने को मिलते हैं.

स्ट्रॉबेरी मून और हार्वेस्ट मून में क्या है अंतर?
अगर इसे आसान भाषा में समझें तो दोनों के नाम अलग-अलग मौसम और प्राकृतिक गतिविधियों से जुड़े हैं. स्ट्रॉबेरी मून जून की पूर्णिमा से जुड़ा नाम है और इसका संबंध स्ट्रॉबेरी के पकने के मौसम से माना जाता है. वहीं हार्वेस्ट मून सितंबर के विषुव के आसपास आने वाली पूर्णिमा का नाम है और इसका संबंध पारंपरिक रूप से फसल कटाई के मौसम से है. लेकिन खगोलीय दृष्टि से दोनों में कोई अलग किस्म नहीं है. पूर्णिमा के समय सूर्य, पृथ्वी और चंद्रमा लगभग ऐसी स्थिति में होते हैं कि पृथ्वी से दिखाई देने वाला चंद्रमा का पूरा प्रकाशित भाग नजर आता है. यानी चंद्रमा की प्रकृति नहीं बदलती, सिर्फ उसके साथ जुड़ी इंसानी कहानी और परंपरा बदलती है.

सितंबर 2026 में किस चांद का इंतजार करें?
जून में स्ट्रॉबेरी मून दिखाई दे चुका है और अब 26 सितंबर को हार्वेस्ट मून दिखाई देने वाला है, जो शरद ऋतु, फसल के मौसम और चंद्रमा से जुड़ी सदियों पुरानी मानवीय परंपरा की याद दिलाएगा. इसलिए अगली बार जब आपको स्ट्रॉबेरी मून, हार्वेस्ट मून या किसी दूसरे नाम वाली पूर्णिमा के बारे में सुनने को मिले तो याद रखें… चांद बदला नहीं है, उसके साथ जुड़ी इंसानी कहानी का नाम बदला है.



Source link

Leave a Reply