Last Updated:
Ganesh Chaturthi Stapana Or Pujan Shubh Muhurat 2026: आज शुभ योग में गणेशजी की स्थापना की जाएगी. गणेश स्थापना के लिए 2 घंटे 28 मिनट का शुभ मुहूर्त रहेगा. गणेश चतुर्थी का विशेष महत्व है और इस बार गणेशोत्सव 12 दिनों तक चलेगा, जो भक्तों के लिए दोगुनी खुशी लेकर आएगा. यह पर्व देशभर में धूमधाम से मनाया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु बप्पा का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे.
Ganesh Chaturthi Stapana Or Pujan Shubh Muhurat 2026: गणेश चतुर्थी का पर्व आज देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है और इसे लेकर घरों व पंडालों में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. अब तो बस शुभ मुहूर्त का इंतजार है, जब हमारे विघ्नहर्ता विराजेंगे और पूजा-अर्चना का कार्य शुरू होगा. मान्यता है कि गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश की पूजा करने से सुख-समृद्धि आती है और जीवन में आने वाली बाधाएं दूर होती हैं. इस बार गणेश चतुर्थी पर ब्रह्म योग, इंद्र योग, रवि योग समेत कई शुभ संयोग भी बन रहा है, जिसे धार्मिक दृष्टि से शुभ माना जा रहा है. इन शुभ योग में बप्पा की स्थापना और पूजा अर्चना करना विशेष फलदायी माना गया है. आइए जानते हैं गणेश चतुर्थी पर गणपति बप्पा की स्थापना और पूजन के लिए कौन सा मुहूर्त सबसे बेस्ट रहेगा…
गणेश चतुर्थी 2026 आज
चतुर्थी तिथि की शुरुआत: 14 सितंबर, सुबह लगभग 7 बजकर 6 मिनट से
चतुर्थी तिथि का समापन: 15 सितंबर, सुबह लगभग 7 बजकर 44 मिनट तक
ऐसे में उदिया तिथि को मानते हुए गणेश चतुर्थी का पर्व आज मनाया जा रहा है.
गणपति स्थापना के लिए दोपहर का समय?
धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान गणेश का जन्म दोपहर के समय ही हुआ था. इसलिए गणेश चतुर्थी पर प्रतिमा स्थापना और पूजा के लिए दोपहर का समय विशेष महत्व रखता है.
गणपति स्थापना 2026 शुभ मुहूर्त
गणेश चतुर्थी के दिन भगवान गणेश की स्थापना और पूजा के लिए मध्याह्न काल को विशेष शुभ माना जाता है. ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, इस अवधि में गणपति की पूजा करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है.
गणेश पूजन मुहूर्त – सुबह 11:01 बजे से दोपहर 1:29 बजे तक यानी आपको पूजा के लिए 2 घंटे और 28 मिनट का समय मिलने वाला है.
गणेश चतुर्थी 2026 शुभ योग
आज गणेश चतुर्थी पर कई शुभ योग बन रहे हैं, जिससे आज के दिन का महत्व और भी बढ़ गया है. आज ब्रह्म योग, इंद्र योग, रवि योग के साथ गुरु के उच्च राशि में होने से हंसराज योग बन रहा है. साथ ही शुक्र के स्वयं की राशि तुला में होने से मालव्य राजयोग का निर्माण हो रहा है. ज्योतिष में ब्रह्म योग को शुभ कार्यों के लिए अनुकूल माना गया है. इंद्र योग भी मांगलिक और धार्मिक कार्यों के लिए शुभ फल देने वाला माना जाता है. वहीं रवि योग को नकारात्मक प्रभावों को दूर करने और कार्यों में सफलता प्रदान करने वाला योग माना जाता है. हंसराज योग में पूजा करने से सभी दोष दूर होते हैं तो मालव्य राजयोग के होने से सुख-शांति और समृद्धि की प्राप्ति होती है. ऐसे गणेश चतुर्थी जैसे बड़े धार्मिक पर्व पर इन योगों का बनना भक्तों के लिए विशेष संयोग माना जा रहा है.
क्यों मनाई जाती है गणेश चतुर्थी?
धार्मिक मान्यता के अनुसार, भाद्रपद शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को माता पार्वती ने भगवान गणेश को जन्म दिया था. भगवान गणेश को प्रथम पूज्य और विघ्नहर्ता माना जाता है. किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत से पहले गणेश जी की पूजा करने की परंपरा इसी कारण है. गणेश चतुर्थी पर भक्त भगवान गणेश से सुख, शांति, समृद्धि और सफलता की कामना करते हैं. घर में गणपति स्थापना के बाद श्रद्धालु अपनी परंपरा के अनुसार प्रतिमा का पूजन करते हैं और निर्धारित अवधि के बाद विधि-विधान से विसर्जन करते हैं. मान्यता है कि गणपति बप्पा अपने साथ भक्तों के सभी विघ्न और परेशानियां दूर करके शुभता का आशीर्वाद छोड़ जाते हैं.
About the Author

पराग शर्मा Hindi News18 Digital में Chief Sub Editor के पद पर कार्यरत हैं. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, ग्रह-नक्षत्र, राशि और वास्तु से जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. भारतीय धार्मिक परंपराओं, ज्योतिष शास्त्र, मेद…
और पढ़ें



