You are currently viewing Xi Jinping Speech Live : ‘चीन-अमेरिका लड़ेंगे तो सिर्फ हार होगी’, जिनपिंग ने ट्रंप को मुंह पर सुना डाला

Xi Jinping Speech Live : ‘चीन-अमेरिका लड़ेंगे तो सिर्फ हार होगी’, जिनपिंग ने ट्रंप को मुंह पर सुना डाला


वाशिंगटन के व्हाइट हाउस में इस समय दुनिया की दो सबसे बड़ी महाशक्तियों के बीच ऐतिहासिक बैठक चल रही है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से मिले शाही स्वागत के बाद अब चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने मीडिया के सामने अपनी बात रखी है. जिनपिंग का ये भाषण सिर्फ एक कूटनीतिक औपचारिकता नहीं था, बल्कि इसमें व्यापारिक युद्ध और वैश्विक तनाव को लेकर ट्रंप के लिए एक सीधा मैसेज भी था. जिनपिंग ने बिना किसी झिझक के ट्रंप के मुंह पर कह दिया कि अगर अमेरिका और चीन आपस में टकराएंगे, तो इसमें किसी की जीत नहीं होगी, बल्कि दोनों देशों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा. नपिंग ने पांडा कूटनीति से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक कई बड़े ऐलान किए.

‘लड़ेंगे तो सिर्फ हार होगी’: जिनपिंग का ट्रंप को सीधा संदेश

व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में जब दोनों देशों के राष्ट्रपति मीडिया के सामने आए, तो माहौल में एक अलग ही हलचल थी. शी जिनपिंग ने अपने भाषण में साफ कहा कि चीन और अमेरिका को आपस में लड़ने के बजाय सहयोग का रास्ता चुनना चाहिए. उन्होंने कहा कि इतिहास इस बात का गवाह है कि जब-जब दोनों देश साथ आए हैं, दुनिया का फायदा हुआ है.

जिनपिंग ने दोनों देशों के रिश्तों की तुलना एक बहुत बड़े समुद्री जहाज से की. उन्होंने कहा कि वो ट्रंप के साथ मिलकर ‘चीन-अमेरिका संबंधों के इस विशाल जहाज’ को सही और सुरक्षित दिशा में आगे ले जाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. जिनपिंग ने सीधे तौर पर टैरिफ वॉर और व्यापारिक खींचतान पर निशाना साधते हुए कहा कि दुश्मनी से किसी का भला नहीं होने वाला.

‘पांडा डिप्लोमेसी’: दोस्ती की मिसाल बनकर अमेरिका आएंगे दो नए मेहमान

कड़वी बातों के बीच जिनपिंग ने अमेरिकी जनता के लिए एक बेहद खास और प्यारा तोहफा भी पेश किया. जिनपिंग ने ऐलान किया कि चीन अगले कुछ ही दिनों में अमेरिका के अटलांटा चिड़ियाघर में दो विशाल जॉइंट पांडा भेजने जा रहा है.

उन्होंने इन पांडा को चीन और अमेरिका के बीच ‘दोस्ती का दूत’ बताया. पिछले कुछ सालों में कूटनीतिक तनाव के चलते चीन ने अमेरिका के कई चिड़ियाघरों से अपने पांडा वापस बुला लिए थे. ऐसे में जिनपिंग द्वारा फिर से पांडा भेजने का फैसला ये दिखाता है कि वो अमेरिकी जनता के दिल में चीन के प्रति सकारात्मक माहौल बनाना चाहते हैं. अटलांटा पहुंचने वाले ये दो नए पांडा दोनों देशों के बीच फिर से सुधरते रिश्तों का प्रतीक माने जा रहे हैं.

AI पर इंसान का ही कंट्रोल रहे, दोनों देशों में बड़ा समझौता

आज के दौर की सबसे बड़ी तकनीक ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ (AI) पर भी दोनों महाशक्तियों के बीच गंभीर चर्चा हुई. शी जिनपिंग ने अपनी शुरुआती बातचीत में इस बात पर जोर दिया कि एआई तकनीक का विकास पूरी इंसानियत के भले के लिए होना चाहिए.

उन्होंने कहा कि दोनों देशों की ये बड़ी जिम्मेदारी है कि एआई पर हमेशा इंसान का ही कंट्रोल बना रहे, ऐसा न हो कि तकनीक इंसान पर हावी हो जाए. वहीं राष्ट्रपति ट्रंप ने भी माना कि सुरक्षा, तकनीक और सुपर इंटेलिजेंस जैसे मुद्दे बेहद संवोदनशील हैं. ट्रंप ने कहा कि आज हम इस क्षेत्र में जो फैसले लेंगे, वो आने वाले कई दशकों तक दुनिया में शांति और समृद्धि तय करेंगे. दोनों देशों के अधिकारियों ने AI से जुड़ी घटनाओं की तुरंत जानकारी देने के लिए एक खास सिस्टम बनाने पर भी बात की है.

ट्रेड वॉर पर सीजफायर और अमेरिकी किसानों को राहत

व्यापार के मोर्चे पर जो तनाव सालों से चला आ रहा था, उसमें इस बैठक के दौरान थोड़ी राहत देखने को मिली है. ट्रंप और जिनपिंग की बातचीत से ठीक पहले दोनों देशों के अधिकारियों ने ‘ट्रेड ट्रूस’ यानी व्यापारिक युद्ध के सीजफायर को आगे बढ़ाने का फैसला किया है.

ट्रंप ने मीडिया को बताया कि उनकी टीम चीन के साथ ज्यादा संतुलित व्यापारिक संबंध बनाने पर काम कर रही है. इससे अमेरिकी किसानों और पशुपालकों को चीन के बड़े बाजार में दोबारा आसानी से पहुंच मिल सकेगी. हालांकि, एक्सपर्ट्स का मानना है कि ये टेंपरेरी राहत है और मुख्य विवादों को सुलझाने के लिए दोनों देशों को अभी और कई दौर की बातचीत करनी होगी, लेकिन इस फैसले से वैश्विक बाजारों ने राहत की सांस ली है.

द्वितीय विश्व युद्ध की याद से लेकर अमेरिका की 250वीं सालगिरह तक

बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने इतिहास के पन्नों को भी पलटा. राष्ट्रपति ट्रंप ने द्वितीय विश्व युद्ध के उस दौर को याद किया जब अमेरिकी पायलटों के ग्रुप ‘फ्लाइंग टाइगर्स’ ने जापान के खिलाफ चीन की मदद की थी. ट्रंप ने कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान दोनों देशों का सहयोग आज के दौर के लिए भी एक बड़ा सबक है.

वहीं, ट्रंप ने ये भी याद दिलाया कि ये साल अमेरिका की स्थापना की 250वीं वर्षगांठ का साल है. इस खास मौके पर शुक्रवार को ट्रंप और शी जिनपिंग वाशिंगटन के नेशनल आर्काइव्स का दौरा करेंगे. वहां दोनों नेता अमेरिकी इतिहास के सबसे बड़े दस्तावोजों, जैसे स्वतंत्रता की घोषणा, अमेरिकी संविधान और बिल ऑफ राइट्स को एक साथ देखेंगे.

अमेरिका में चीनी कंपनियों पर क्या बोले जिनपिंग

व्हाइट हाउस में अपनी बात रखते हुए चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि अमेरिका में काम कर रही चीनी कंपनियों के साथ सही और बराबरी का बर्ताव होना चाहिए. उन्होंने कहा कि चीन अमेरिकी कंपनियों के लिए अपने दरवाजे हमेशा खुले रखता है और वहां बिजनेस व निवेश करने वालों का दिल खोलकर स्वागत करता है. दरअसल, अमेरिका में राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देकर चीनी कंपनियों के निवेश पर लगातार सख्ती बढ़ाई जा रही है और उन पर कड़ी नजर रखी जा रही है, जिस पर जिनपिंग ने यह बात कही.

कूटनीति के इस महासंग्राम का आगे क्या होगा?

ट्रंप और जिनपिंग की ये महामुलाकात सिर्फ दो नेताओं का मिलना नहीं है, बल्कि ये पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था और शांति से जुड़ी हुई है. एक तरफ जहां ट्रंप ने जिनपिंग के साथ अपनी ‘सच्ची और महान दोस्ती’ का बखान किया, वहीं जिनपिंग ने भी मेहमाननवाजी के लिए ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया का धन्यवाद किया.

हालांकि, व्यापार, तकनीक और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं जैसे मुद्दों पर मतभेद अभी भी बरकरार हैं. लेकिन जिस तरह से दोनों नेताओं ने खुलकर बात की है और युद्ध के नुकसानों पर जोर दिया है, उससे ये साफ है कि दोनों ही देश फिलहाल किसी सीधे टकराव के मूड में नहीं हैं. आने वाले दिनों में देखना होगा कि ये कूटनीतिक दोस्ती और पांडा डिप्लोमेसी दुनिया को किस दिशा में ले जाती है.



Source link

Leave a Reply