You are currently viewing Navratri 2026: घर में पहली बार सजा रहे हैं माता का दरबार? चौकी से लेकर ज्योत तक जानें जरूरी बातें

Navratri 2026: घर में पहली बार सजा रहे हैं माता का दरबार? चौकी से लेकर ज्योत तक जानें जरूरी बातें


अंबाला: नवरात्र आते ही घर-घर में माता की भक्ति का माहौल बनने लगता है. कहीं माता का दरबार सजाने की तैयारी शुरू हो जाती है, तो कहीं कलश स्थापना और अखंड ज्योत की तैयारियां चलती हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि घर में माता की चौकी किस दिशा में रखी जाए, उसके आसपास क्या चीजें नहीं होनी चाहिए और अखंड ज्योत जलाते समय किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है?

बता दें कि धार्मिक मान्यताओं और वास्तु के अनुसार पूजा स्थल की दिशा और उसकी शुद्धता को काफी महत्वपूर्ण माना जाता है. ऐसे में अगर आप भी इस बार घर में मां दुर्गा की चौकी स्थापित करने की तैयारी कर रहे हैं, तो पहले ये जरूरी बातें जान लीजिए. दरअसल, साल 2026 में शारदीय नवरात्र की शुरुआत 11 अक्टूबर, रविवार से होने जा रही है. नौ दिनों तक मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा-अर्चना के बाद 20 अक्टूबर, मंगलवार को दशहरे के साथ नवरात्र का समापन होगा. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घरों में कलश स्थापना के साथ माता की चौकी सजाते हैं और नौ दिनों तक विशेष पूजा-पाठ करते हैं.

ईशान कोण में माता की चौकी रखना शुभ

वास्तु शास्त्र के अनुसार घर का ईशान कोण यानी उत्तर-पूर्व दिशा देवी-देवताओं की पूजा के लिए शुभ मानी जाती है. इसलिए माता की चौकी स्थापित करने के लिए इस दिशा को प्राथमिकता दी जा सकती है. यदि घर में उत्तर-पूर्व दिशा में जगह उपलब्ध नहीं है, तो उत्तर या पूर्व दिशा में भी पूजा स्थल बनाया जा सकता है.

पूजा स्थल की पवित्रता का रखें ध्यान

लाल किताब एस्ट्रोलॉजर कुमार गौरव ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि नवरात्र के दौरान माता की चौकी स्थापित करते समय दिशा के साथ-साथ पूजा स्थल की पवित्रता का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए. उनके अनुसार चौकी ऐसी जगह होनी चाहिए, जहां श्रद्धालु शांत मन से पूजा कर सकें और वहां अनावश्यक सामान या गंदगी न हो.

उन्होंने बताया कि पूजा के दौरान व्यक्ति का मुख पूर्व या उत्तर दिशा की ओर रखना भी शुभ माना जाता है. उन्होंने बताया कि माता की चौकी को सजाते समय कई बार लोग घर में उपलब्ध सामान से ही आसपास की जगह भर देते हैं. लेकिन पूजा स्थल के आसपास जूते-चप्पल, झाड़ू, कबाड़ या गंदगी नहीं रखनी चाहिए. चौकी लगाने से पहले उस स्थान की अच्छी तरह सफाई करें और लकड़ी की चौकी पर साफ लाल या पीले रंग का कपड़ा बिछाएं.

खंडित पूजा सामग्री रखने से बचें

उन्होंने बताया कि माता की प्रतिमा, तस्वीर और कलश भी साफ-सुथरे और साबुत होने चाहिए. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार टूटी या खंडित पूजा सामग्री को पूजा स्थल पर रखना शुभ नहीं माना जाता.

अखंड ज्योत जलाते समय सुरक्षा जरूरी

नवरात्र के दौरान कई परिवार नौ दिनों तक अखंड ज्योत जलाते हैं. ऐसे में श्रद्धा के साथ सुरक्षा का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है. ज्योत को पर्दे, कागज, कपड़े और दूसरी ज्वलनशील वस्तुओं से दूर रखें. इसे ऐसी जगह रखना चाहिए, जहां तेज हवा न लगे और उसके गिरने की संभावना न हो.

माता को अर्पित करें ताजे फूल

उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की पूजा में फूलों का विशेष महत्व माना जाता है. माता को हमेशा ताजे फूल अर्पित करें और पूजा स्थल पर पड़े पुराने या सूखे फूलों को नियमित रूप से हटाते रहें.

चौकी ऐसी जगह रखें जहां कम हो आवाजाही

चौकी को ऐसी जगह रखना बेहतर माना जाता है, जहां लोगों की लगातार आवाजाही न हो, ताकि पूजा की व्यवस्था बनी रहे और श्रद्धालु एकाग्र होकर पूजा कर सकें.

दुर्गा स्तुति और कवच का भी करें पाठ

उन्होंने बताया कि नवरात्र में मां दुर्गा की पूजा के साथ दुर्गा स्तुति, दुर्गा कवच और अर्गला स्तोत्र का पाठ करने की भी परंपरा है. धार्मिक मान्यता के अनुसार श्रद्धा और विधि-विधान से मां की आराधना करने से घर में सकारात्मक वातावरण और सुख-समृद्धि बनी रहती है.

इस नवरात्र अगर आप भी घर में माता का दरबार सजाने जा रहे हैं, तो केवल सजावट पर ध्यान देने के बजाय पूजा स्थल की दिशा, साफ-सफाई, अखंड ज्योत की सुरक्षा और पूजा सामग्री की शुद्धता का भी ध्यान रखें. यही छोटी-छोटी सावधानियां आपके पूजा स्थल को व्यवस्थित और पवित्र बनाए रखने में मदद कर सकती हैं.



Source link

Leave a Reply