Last Updated:
अगर आप नौकरी की तलाश में हैं या घर बैठे अपना छोटा कारोबार शुरू करना चाहते हैं, तो मोमबत्ती बनाने का काम आपके लिए एक विकल्प हो सकता है. अमेठी में आरसेटी संस्थान की ओर से महिलाओं और बेरोजगार लोगों को मोमबत्ती बनाने का निशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है. जानिए इसे बनाने का तरीका, कच्चे माल की कीमत और कितनी लागत में शुरू कर सकते हैं यह बिजनेस.
अमेठी. ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए महिलाएं अब छोटे-छोटे बिजनेस की ओर कदम बढ़ा रही हैं. मोमबत्ती बनाने का काम भी ऐसा ही एक विकल्प है, जिसे कम लागत में शुरू किया जा सकता है. अमेठी में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मोमबत्ती बनाने का प्रशिक्षण ले रही हैं. खास बात यह है कि आरसेटी (RSETI) संस्थान की ओर से यह प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क दिया जाता है. महिलाएं ही नहीं, बेरोजगार युवा भी प्रशिक्षण लेकर अपना कारोबार शुरू कर सकते हैं.
समूह से जुड़ी सदस्य पिंकी बताती हैं कि मोमबत्ती बनाना आसान है. इसके लिए सबसे पहले कच्चा मोम खरीदना होता है. मोम को गर्म करके पिघलाया जाता है. इसके बाद मोमबत्ती के सांचे को अच्छी तरह साफ करके उसमें पिघला हुआ मोम डाला जाता है. करीब 10 से 15 मिनट इंतजार करने के बाद मोमबत्ती को सांचे से निकाल लिया जाता है. इस तरह मोमबत्ती तैयार हो जाती है.
पिंकी के मुताबिक, सामान्य मोमबत्ती बनाने के लिए पैराफिन मोम का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके लिए मोम, धागा, सांचा और अन्य जरूरी सामान की आवश्यकता होती है. यह कच्चा माल कानपुर से खरीदा जा सकता है. उनके अनुसार, एक किलो मोम की कीमत करीब 180 रुपये है और इससे लगभग 100 मोमबत्तियां तैयार की जा सकती हैं. पिंकी बताती हैं कि मोम में अलग-अलग रंग मिलाकर रंग-बिरंगी मोमबत्तियां भी बनाई जा सकती हैं. उनके मुताबिक, इस काम को सीखने से महिलाएं अपना छोटा व्यवसाय शुरू कर सकती हैं. समूह की एक अन्य सदस्य अर्चना कुमारी का कहना है कि इस प्रशिक्षण से महिलाओं को अपना रोजगार शुरू करने में मदद मिल सकती है. कम लागत में मोमबत्ती बनाने का काम शुरू करके वे अपनी आमदनी बढ़ाने की दिशा में कदम उठा सकती हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
संस्थान की फैकल्टी और मास्टर ट्रेनर महिमा बताती हैं कि महिलाओं को समय-समय पर रोजगार से जुड़े उपयोगी प्रशिक्षण दिए जाते हैं. दीपावली जैसे त्योहारों को देखते हुए मोमबत्ती बनाने का काम उनके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है. उनके अनुसार, इस बिजनेस की शुरुआत करीब 8 से 10 हजार रुपये में की जा सकती है. प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क है, जिससे महिलाएं और बेरोजगार लोग इस काम को सीख सकते हैं.
प्रशिक्षण लेने के लिए इच्छुक लोगों को अपना आधार कार्ड, फोटो और मोबाइल नंबर दर्ज कराना होगा. यह संस्थान अमेठी में विकास भवन के पास स्थित है. संस्थान की ओर से गांवों में जाकर भी महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाता है, ताकि वे रोजगार से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकें और अपना काम शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ सकें.



