Last Updated:
धनतेरस पर झाड़ू खरीदना शुभ माना जाता है, लेकिन क्या आप जानते हैं इसे घर की किस दिशा में रखना चाहिए? फरीदाबाद के महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य से जानिए झाड़ू रखने की सही दिशा, किन बातों का रखें ध्यान और धनतेरस पर कौन-सी 5 शुभ चीजें खरीदना माना जाता है.
फरीदाबाद: धनतेरस पर झाड़ू खरीदने की परंपरा सदियों से चली आ रही है. मान्यता है कि झाड़ू को माता लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि धनतेरस पर खरीदी गई झाड़ू को घर में किस दिशा में रखना चाहिए? क्या झाड़ू को खुले में रखना शुभ होता है या फिर उसे छिपाकर रखना चाहिए? वास्तु शास्त्र के अनुसार झाड़ू रखने की सही दिशा और उससे जुड़े कुछ नियमों का ध्यान रखना जरूरी माना जाता है.
माता लक्ष्मी का स्वरूप मानी जाती है घर की झाड़ू
Local18 से बातचीत में फरीदाबाद के महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य बताते हैं कि झाड़ू को माता लक्ष्मी का स्वरूप माना गया है. माता लक्ष्मी भगवान नारायण के साथ रहती हैं और झाड़ू को भी उनका ही स्वरूप बताया गया है. इसलिए धनतेरस के दिन झाड़ू खरीदने की परंपरा है. धनतेरस पर सबसे पहले 13 दीपक जलाने चाहिए और इसके बाद नई झाड़ू खरीदनी चाहिए. झाड़ू खरीदकर उसे ऐसी जगह रखना चाहिए, जहां वह आसानी से किसी को दिखाई न दे.
दक्षिण पश्चिम दिशा में झाड़ू रखना माना जाता शुभ
महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य बताते हैं कि धनतेरस पर खरीदी गई झाड़ू को दक्षिण या पश्चिम दिशा में छिपाकर रखना चाहिए. इसे सोने वाले बेड के नीचे बिल्कुल नहीं रखना चाहिए. जिस तरह माता लक्ष्मी के धन को संभालकर और छिपाकर रखा जाता है, उसी तरह झाड़ू को भी छिपाकर रखना चाहिए. इसके लिए घर में साफ-सुथरी जगह चुननी चाहिए. बेडरूम में झाड़ू रखने से बचना चाहिए. घर के दक्षिण या पश्चिम दिशा वाले कोने में इसे व्यवस्थित तरीके से रखा जा सकता है.
झाड़ू को पैर लगाना और लांघना माना जाता अशुभ
महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य बताते हैं कि झाड़ू का सम्मान करना चाहिए. इसे कभी पैर से ठोकर नहीं मारनी चाहिए और न ही इसके ऊपर से लांघना चाहिए. झाड़ू को ऐसी जगह रखना चाहिए, जहां उसकी साफ-सफाई बनी रहे और बार-बार पैर लगने की संभावना न हो. वास्तु के अनुसार झाड़ू को लेकर इन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
धनतेरस पर ये शुभ चीजें खरीदना भी जरूरी
महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य बताते हैं कि धनतेरस पर झाड़ू के अलावा साबुत धनिया, हल्दी की गांठ, कौड़ी, सोने-चांदी के सिक्के और पीतल के बर्तन खरीदना भी शुभ माना जाता है. कौड़ी समुद्र से निकलती है और इसे भी माता लक्ष्मी का स्वरूप माना गया है. इसके अलावा घर के लिए माता लक्ष्मी की मूर्ति और दीपावली पर लगाए जाने वाले माता लक्ष्मी के चरण भी खरीद सकते हैं. धनतेरस भगवान धन्वंतरि का प्रकट दिवस भी है. इस दिन इन शुभ वस्तुओं को खरीदकर घर लाना चाहिए. धनतेरस पर मुख्य रूप से झाड़ू, बर्तन और सोने-चांदी के सिक्के खरीदने की परंपरा है. इस दिन 13 दीपक जलाकर माता लक्ष्मी के आगमन का निमंत्रण देना चाहिए.
About the Author

विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…



