Last Updated:
Winter Hand Care Tips: सर्दियों की सर्द हवाएं और नमी की कमी अक्सर हमारे हाथों की कोमलता छीन लेती है, जिससे त्वचा में रूखापन, दरारें और खाल उतरने की समस्या आम हो जाती है. अगर आप भी महंगे हैंड लोशन और केमिकल युक्त क्रीम पर पैसे खर्च करके थक चुके हैं, तो आपकी रसोई में ही इसका सस्ता और अचूक इलाज मौजूद है. रामपुर के आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहम्मद इकबाल ने सर्दियों में हाथों को मखमली और मुलायम बनाए रखने के लिए कुछ बेहद आसान और असरदार घरेलू नुस्खे साझा किए हैं.
Winter Hand Care Tips: सर्दियों में सिर्फ चेहरे की ही नहीं, हाथों की त्वचा की देखभाल करना भी जरूरी है. ठंडी हवाओं और कम नमी के कारण हाथ रूखे होने लगते हैं. कई बार त्वचा इतनी सूख जाती है कि हाथों में दरारें पड़ने लगती हैं और खाल उतरने लगती है. ऐसे में महंगे हैंड लोशन खरीदने के बजाय कुछ आसान घरेलू उपाय भी आजमा सकते हैं.
केले के छिलके और नारियल तेल का पेस्ट
आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहम्मद इकबाल हाथों को मुलायम रखने के लिए केले के छिलके से बना पेस्ट लगाने की सलाह देते हैं. डॉ. मोहम्मद इकबाल बताते हैं कि केले के छिलके में अंदर की तरफ गूदा लगा रहता है. इसे चम्मच की मदद से निकालकर एक कटोरी में रख लें. अब इसमें एक चम्मच नारियल तेल मिलाकर अच्छी तरह पेस्ट बना लें. इस पेस्ट को रात में सोने से पहले हाथों पर लगाएं और सुबह साफ पानी से धो लें. नारियल तेल त्वचा में नमी बनाए रखने और रूखेपन को कम करने में मदद करता है.
गुलाब जल और ग्लिसरीन से मिलेगी राहत
हाथों को मुलायम रखने के लिए गुलाब जल और ग्लिसरीन का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. डॉ. इकबाल बताते हैं कि रात में सोने से पहले गुलाब जल में थोड़ा ग्लिसरीन मिलाकर हाथों पर लगाएं. ग्लिसरीन त्वचा में नमी खींचकर उसे बनाए रखने में मदद करती है. इससे रूखी और खुरदरी त्वचा को राहत मिल सकती है. जरूरत के हिसाब से दिन में भी मॉइस्चराइजर लगाते रहें.
त्वचा और दाग-धब्बों के लिए शहद
अगर हाथों की त्वचा रुखी सी दिखती है और उस पर दाग-धब्बे हैं, तो शहद का इस्तेमाल कर सकते हैं. शहद को गुलाब जल और थोड़ी ग्लिसरीन के साथ मिलाकर हाथों पर लगाएं. शहद त्वचा को नम रखने में मदद करता है.
हाथ धोते समय रखें इन बातों का ध्यान
सर्दियों में हाथ धोने के लिए बहुत गर्म पानी का इस्तेमाल करने से बचें. इससे त्वचा का प्राकृतिक तेल कम हो सकता है और हाथ ज्यादा रूखे हो सकते हैं. हाथों को सामान्य या हल्के गुनगुने पानी से ही धोएं. हाथ धोने के तुरंत बाद मॉइस्चराइजर लगाना न भूलें.
ग्लव्स पहनें और स्क्रब करते समय बरतें सावधानी
ठंडी हवाओं का सीधा असर हाथों की त्वचा पर पड़ता है. इसलिए घर से बाहर निकलते समय ग्लव्स जरूर पहनें. वहीं बर्तन धोने और सफाई जैसे काम करते समय रबर के दस्ताने पहनें, ताकि डिटर्जेंट और केमिकल्स से हाथों को नुकसान न पहुंचे. हाथों की ऊपरी सतह पर डेड स्किन जमा होने से त्वचा खुरदरी दिखने लगती है. ऐसे में हफ्ते में एक बार हल्के हाथों से स्क्रब कर सकते हैं. इससे मृत त्वचा हटाने में मदद मिलती है. अगर हाथों में दरारें हैं, खून निकल रहा है या त्वचा छिल रही है, तो स्क्रब न करें. इससे परेशानी बढ़ सकती है.
About the Author

Rahul Goel is a senior journalist with over 15 years of experience in print and digital media. He currently serves as a Coordinator and Publisher at News18 Hindi, managing State and Local18 content operations a…



