Last Updated:
Vaikuntha Chaturdashi 2026 Ujjain: उज्जैन में वैकुंठ चतुर्दशी के पावन अवसर पर परंपरा के अनुसार भव्य हरि-हर मिलन का आयोजन किया गया. इस दौरान बाबा महाकाल शाही पालकी में सवार होकर गोपाल मंदिर पहुंचे, जहां भगवान शिव और भगवान विष्णु का मिलन हुआ. इस अलौकिक और ऐतिहासिक उत्सव के गवाह बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुँचे, जिससे पूरा शहर भक्तिमय माहौल में रंग गया और हर तरफ हर-हर महादेव के जयकारे गूंज उठे.
Vaikuntha Chaturdashi 2026 Ujjain: धर्मनगरी उज्जैन में वैकुंठ चतुर्दशी का पर्व बेहद खास और अनूठे धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जाता है. इस दिन भगवान महाकाल और भगवान विष्णु के हरि-हर मिलन की परंपरा निभाई जाती है. मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु स्वयं भगवान शिव से मिलने उज्जैन आते हैं. यह आयोजन शिव और विष्णु की एकता, समरसता और सनातन धर्म की अद्भुत परंपरा का प्रतीक है. श्री महाकालेश्वर मंदिर में वैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर रविवार देर रात बाबा महाकाल की सवारी निकाली गई और सोमवार सुबह भस्म हरिहर मिलन आरती हुई. हर वर्ष कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को यह पर्व मनाया जाता है.
उज्जैन में मध्यरात्रि को अद्भुत नजारा देखने को मिला. भगवान भोलेनाथ पालकी में बैठकर गोपाल मंदिर पहुंचे. मान्यता है कि देवशयनी एकादशी से देवप्रबोधिनी एकादशी तक चार महीने सृष्टि का संचालन भगवान महाकाल करते हैं और वैकुंठ चतुर्दशी पर भगवान विष्णु (द्वारिकाधीश/गोपाल) को पुनः सृष्टि का भार सौंपते हैं. इस अवसर पर भगवान महाकाल को तुलसी की माला व वैष्णव तिलक और भगवान विष्णु को बेलपत्र की माला अर्पित किए जाते हैं. वैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर भगवान विष्णु (हरि) और बाबा महाकाल (हर) के मिलन के रूप में भस्म आरती की गई.
मंदिर के एक पुजारी ने बताया कि वैकुंठ चतुर्दशी पर्व भगवान शिव और विष्णु के मिलन का दिन होता है. आज भगवान शिव और विष्णु का मिलन हुआ है. इस दिन भगवान शिव स्वयं विष्णु के दरबार में जाते हैं. कहा जाता है कि भगवान शिव के परम मित्र विष्णु और विष्णु के परम मित्र भगवान शिव हैं. देवशयनी एकादशी के दिन जब भगवान विष्णु पाताल लोक चले जाते हैं तो सृष्टि का भार भगवान शिव को देकर जाते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
पुजारी ने बताया कि देवउठनी एकादशी के दिन वैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर फिर से बाबा महाकाल सृष्टि का भार भगवान विष्णु को सौंपकर कैलाश चले जाते हैं. श्री महाकालेश्वर मंदिर से बाबा महाकाल पालकी में बैठकर गोपाल मंदिर पहुंचे. बाबा की इस यात्रा के लिए भव्य तैयारी की गई थी. बाबा की यात्रा के लिए रंगोली बनाई गई. रंगोली के बीच में लिखा गया कि ‘सृष्टि का भार आपके हाथ’ यानी बाबा महाकाल भगवान विष्णु को सृष्टि का भार सौंप दिया है. हरिहर के मिलन का अद्भुत नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही.
बाबा महाकाल गाजे-बाजे के साथ गोपाल मंदिर पहुंचे, जहां भगवान विष्णु गोपाल स्वरूप में विराजमान हैं. उज्जैन नगरी में यह अद्भुत नजारा देखने को मिला. धार्मिक मान्यता के अनुसार कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी की मध्यरात्रि में बाबा महाकाल मोरपंख धारण कर श्री गोपाल मंदिर पधारते हैं और बिल्वपत्र भेंट कर भगवान विष्णु को चातुर्मास उपरांत पुनः सृष्टि के संचालन का दायित्व सौंपते हैं. भगवान श्रीहरि भी बाबा महाकाल को तुलसी की माला पहनाते हैं.
पौराणिक मान्यता के अनुसार, चातुर्मास के दौरान भगवान विष्णु योगनिद्रा में रहते हैं और देवउठनी एकादशी पर जागते हैं. इसके बाद वैकुंठ चतुर्दशी पर भगवान विष्णु भगवान शिव से मिलने पहुंचते हैं. उज्जैन में इस परंपरा को हरि-हर मिलन के रूप में मनाया जाता है. इस अवसर पर भगवान महाकाल की सवारी विशेष रूप से गोपाल मंदिर पहुंचती है. वहीं भगवान विष्णु के स्वरूप गोपाल कृष्ण की ओर से भगवान महाकाल का स्वागत किया जाता है. परंपरा के अनुसार दोनों देवताओं का पूजन और आरती होती है. इस दौरान हरि और हर के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाता है. बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस दिव्य परंपरा के दर्शन करने पहुंचते हैं.



