वॉशिंगटन: अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) ने एक बार फिर से एपस्टीन केस से जुड़ी नई फाइल्स रिलीज कर दी हैं. जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर बड़ा खुलासा हुआ है, जिसकी वजह से अमेरिकी राजनीति में हड़कंप मच गया है. हाल ही में सामने आए सीक्रेट ईमेल (Epstein Documents) से पता चला है कि डोनाल्ड ट्रम्प ने जेफ्री एपस्टीन के प्राइवेट जेट पर कई बार सफर किया था, ये जानकारी पहले कभी रिपोर्ट नहीं की गई थी. यानी एक तरह से छुपा कर रखी गई थी. अब प्राइवेट जेट के उस ‘काले राज’ की एक-एक डीटेल सामने आई है.
क्या है गुप्त ईमेल?
बीबीसी की एक रिपोर्ट में खुलासा किया गया है कि अमेरिकी न्याय विभाग ने जो गुप्त ईमेल जारी किया है. ये ईमेल 7 जनवरी 2020 को भेजा गया था और यह एक ईमेल सीरीज का हिस्सा है जिसका सब्जेक्ट है: ‘RE: एपस्टीन फ्लाइट रिकॉर्ड’. इस रिकॉर्ड के मुताबिक, 1993 से 1996 के बीच ट्रम्प कम से कम 8 बार एपस्टीन के विमान में सवार हुए थे. इनमें से 4 उड़ानें ऐसी थीं जिनमें एपस्टीन की साथी, जो अब जेल में हैं- घिसलेन मैक्सवेल भी मौजूद थी.
यह सिर्फ ट्रंप की अकेले की यात्राएं नहीं थीं. रिकॉर्ड बताते हैं कि ट्रंप के साथ उनकी उस वक्त की पत्नी मारला मेपल्स (Marla Maples), उनकी बेटी टिफनी और बेटा एरिक भी मौजूद थे.
वो रहस्यमयी 20 साल की लड़की!
ईमेल में एक बेहद ‘शॉकिंग’ डिटेल है. 1993 की एक फ्लाइट में केवल दो ही यात्री थे ट्रम्प और एपस्टीन. हालांकि, एक दूसरी फ्लाइट में सिर्फ तीन लोग थे. एपस्टीन, ट्रम्प और एक 20 साल की लड़की, जिसका नाम फिलहाल गुप्त रखा गया है.
गवाहों के साथ सफर?
दस्तावेजों में यह भी दावा किया गया है कि दो उड़ानों में ऐसी महिलाएं भी शामिल थीं, जो मैक्सवेल के खिलाफ चल रहे सेक्स ट्रैफिकिंग केस में संभावित गवाह हो सकती थीं.
पुरानी दोस्ती लेकिन आपराधिक कनेक्शन जरूरी नहीं
डोनाल्ड ट्रम्प और जेफ्री एपस्टीन सालों तक गहरे दोस्त रहे थे, लेकिन ट्रम्प का कहना है कि 2004 के आसपास उनके बीच अनबन हो गई थी. हालांकि इन फ्लाइट्स में होने का मतलब यह कतई नहीं है कि ट्रंप ने कोई अपराध किया है, लेकिन इन दस्तावेजों ने एक बार फिर ‘पावर और पैसे’ के उस गठजोड़ पर सवाल खड़े कर दिए हैं.



