You are currently viewing US Strikes Mexico: ट्रंप ने बदला प्‍लान, ईरान नहीं, अब इस देश में उतारने जा रहे आर्मी, सरकार की अटकी सांसें

US Strikes Mexico: ट्रंप ने बदला प्‍लान, ईरान नहीं, अब इस देश में उतारने जा रहे आर्मी, सरकार की अटकी सांसें


ज‍िस वक्‍त पूरी दुन‍िया की नजर ईरान पर ट‍िकी हुई है. अटकलें लगाई जा रही क‍ि अगले 24 घंटे में अमेर‍िका तेहरान पर अटैक कर देगा. उसी वक्‍त ट्रंप ने अपना प्‍लान बदल लिया.अब ट्रंप ने अपनी निगाहें सात समंदर पार नहीं, बल्कि अपने ही पड़ोस यानी मेक्सिको पर गड़ा दी हैं. एक चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है कि डोनाल्ड ट्रंप की टीम मेक्सिको पर दबाव बना रही है कि वह अमेरिकी सेना को अपनी सीमा में घुसने दे. मकसद है ड्रग कार्टेल का खात्मा और फैंटानिल लैब्स को नष्ट करना. ट्रंप के इस प्रेशर ने मेक्सिको सरकार की सांसें अटका दी हैं.

अमेरिकी अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स ने गुरुवार को अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से यह दावा क‍िया. रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका मेक्सिको पर इस बात के लिए दबाव बढ़ा रहा है कि वह ज्वाइंट ऑपरेशन की अनुमति दे. कूटनीतिक भाषा में इसे भले ही ‘सहयोग’ कहा जा रहा हो, लेकिन हकीकत में इसका मतलब है कि अमेरिकी सेना या स्पेशल फोर्सेज मेक्सिको की धरती पर उतरेंगी और वहां चल रहे ड्रग सिंडिकेट के ठिकानों पर सीधे कार्रवाई करेंगी. ट्रंप प्रशासन का मानना है कि मेक्सिको की सरकार और वहां की पुलिस ड्रग कार्टेल्स के सामने बेबस हो चुकी है, इसलिए अब अमेरिका को खुद सफाई अभियान चलाना होगा.

क्यों बढ़ रही है अमेरिकी सेना के उतरने की संभावना?

मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लॉडिया शीनबाम ने हाल ही में कहा था कि ट्रंप के साथ उनकी अच्छी बातचीत हुई है और उन्होंने अमेरिकी सैन्य हस्तक्षेप की संभावना को खारिज कर दिया है. लेकिन, विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार स्थिति अलग है और अमेरिकी सेना के मेक्सिको में घुसने की संभावना बहुत ज्यादा है. इसके पीछे तीन बड़े कारण हैं.

अमेरिका में फैंटानिल एक महामारी बन चुका है. यह एक सिंथेटिक ओपिओइड है जो हेरोइन से 50 गुना ज्यादा नशीला होता है. अमेरिका में हर साल 70,000 से ज्यादा लोग सिर्फ फैंटानिल ओवरडोज से मर रहे हैं. ट्रंप ने अपने चुनाव प्रचार में कसम खाई थी कि वे ड्रग कार्टेल्स के खिलाफ वैसे ही जंग लड़ेंगे जैसे आतंकी संगठन ISIS के खिलाफ लड़ी गई थी. ट्रंप इसे पूरा करने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं.

मेक्‍स‍िको कर रहा इनकार

मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लॉडिया शीनबाम देश की संप्रभुता का हवाला देकर अमेरिकी सेना को घुसने से मना कर रही हैं. लेकिन ट्रंप के पास एक ऐसा हथियार है जिसके आगे मेक्सिको को झुकना पड़ सकता है, वह है आर्थिक प्रतिबंध और टैरिफ. ट्रंप पहले ही धमकी दे चुके हैं कि अगर मेक्सिको ने बॉर्डर और ड्रग्स पर कड़ा एक्शन नहीं लिया, तो वे मैक्सिकन सामानों पर 25% से लेकर 100% तक टैरिफ लगा देंगे. मेक्सिको की अर्थव्यवस्था पूरी तरह अमेरिका पर निर्भर है. अगर ट्रंप ने टैरिफ लगा दिया, तो मेक्सिको की इकोनॉमी बैठ जाएगी. इस डर से मेक्सिको सरकार को “ज्वाइंट ऑपरेशन” के नाम पर अमेरिकी सैनिकों को अनुमति देनी पड़ सकती है.

कैसे होगा ऑपरेशन?

ट्रंप की टीम पूर्ण आक्रमण की योजना नहीं बना रही, बल्कि वे सर्जिकल स्ट्राइक जैसा ऑपरेशन करना चाहते हैं. इसमें अमेरिकी इंटेलिजेंस ड्रग लैब्स की पहचान करेगी और अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज वहां जाकर उसे तबाह कर देंगी. ट्रंप प्रशासन इसे मेक्सिको की मदद के तौर पर पेश करेगा, ताकि मेक्सिको सरकार की भी लाज बची रहे और अमेरिका का काम भी हो जाए.

मेक्सिको सरकार की सांसें क्यों अटकी हैं?

मेक्सिको के लिए यह स्थिति आगे कुआं, पीछे खाई जैसी है. अगर वे अमेरिकी सेना को आने देते हैं, तो देश के अंदर विद्रोह हो सकता है. मेक्सिको के लोग इसे अपनी आजादी पर हमला मानेंगे और क्लॉडिया शीनबाम को अमेरिका की कठपुतली करार दिया जाएगा. अगर वे मना करते हैं, तो ट्रंप आर्थिक नाकेबंदी कर सकते हैं, जिससे देश में बेरोजगारी और महंगाई बेतहाशा बढ़ जाएगी.

एक्‍शन के मूड में ट्रंप

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट बताती है कि ट्रंप प्रशासन अब बातों से आगे बढ़कर एक्शन के मूड में है. ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया है कि ड्रग कार्टेल्स अब केवल अपराधी नहीं, बल्कि अमेरिका के दुश्मन हैं. हालांकि, मेक्सिको की राष्ट्रपति शीनबाम ने कहा है कि उनकी सरकार अपनी सुरक्षा खुद करने में सक्षम है, लेकिन धरातल पर कार्टेल्स की ताकत सरकार से भी ज्यादा नजर आती है. ऐसे में, आने वाले दिनों में हम देख सकते हैं कि मेक्सिको की संप्रभुता और अमेरिका की सुरक्षा चिंताओं के बीच एक नया और खतरनाक अध्याय शुरू होने जा रहा है. ट्रंप का यह कदम न केवल दोनों देशों के रिश्तों को बदल देगा, बल्कि लैटिन अमेरिका की राजनीति में भी भूचाल ला सकता है.



Source link

Leave a Reply