What US Planning for Iran: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच डिएगो गार्सिया स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर असामान्य हलचल देखी जा रही है. ओपन सोर्स इंटेलिजेंस सोर्सेज के मुताबिकव अमेरिका तेजी से युद्ध विमान, ईंधन भरने वाले एयरक्राफ्ट और नौसैनिक पोत इस क्षेत्र की ओर भेज रहा है. इससे यह सवाल उठने लगा है कि क्या अमेरिका ईरान के खिलाफ किसी ऐसी गुप्त कार्रवाई की योजना बना रहा है, जैसी उसने वेनेजुएला में की थी?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर हमला न करने की जानकारी तो अपने सोशल मीडिया हैंडल से दी थी लेकिन उन्होंने नेतृत्व परिवर्तन की जो बात कही है, उसने आशंकाएं पैदा कर दी हैं. अमेरिकी सेनाएं न भेजने की घोषणा तो अमेरिका की ओर से की गई थी, लेकिन खामेनेई को लेकर ट्रंप की बयानबाजी रुकी नहीं है. ऐसे में जब अमेरिका के विमान मध्य पूर्व के आकाश में गरजते हैं, तो सवाल उठता है – आफत अभी टली नहीं है क्या?
अमेरिकी विमानों की क्या-क्या मूवमेंट दिखी?
OSINT सोर्सेज की ओर से बताया जा रहा है कि अमेरिका के जंगी जहाज मध्य-पूर्व के आस-पास के इलाके में मंडरा रहे हैं. जो एयरक्राफ्ट देखे गए हैं, उनमें 4 एरियल रिफ्यूलिंग एयरक्राफ्ट (हवा में ईंधन भरने वाले विमान) और अमेरिकी एयरफोर्स के 12 F-15 फाइटर जेट थे. बताया जा रहा है कि इन F-15 में से एक विमान ने असामान्य तरीके से अपना पहचान का संकेत दिया, जिसे जानकार एक जानबूझकर दिया गया रणनीतिक संदेश माना जा रहा है. इसी के साथ अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर अब्राहम लिंकन के 23 जनवरी तक अरब सागर क्षेत्र में पहुंचने की उम्मीद है.
डिएगो गार्सिया में C-17A ग्लोबमास्टर-III
ओपन सोर्सेज के हवाले से जो खबरें मिल रही हैं. उनके मुताबिक
- चार C-17A ग्लोबमास्टर-III भारी परिवहन विमान पश्चिमी यूरोप से डिएगो गार्सिया की ओर बढ़ रहे हैं.
- C-17 जैसे विमान आमतौर पर सैनिकों, हथियारों, लॉजिस्टिक्स और सपोर्ट सिस्टम की तैनाती के लिए इस्तेमाल होते हैं.
रणनीतिक रूप से डिएगो गार्सिया की अहमियत इसलिए बढ़ जाती है क्योंकि ये हिंद महासागर के बीच में मौजूद वो आइलैंड है, जहां से ईरान के भीतर स्थित लक्ष्यों पर रणनीतिक बमवर्षक अभियानों की ऑपरेशनल रेंज में आता है. यही वजह है कि यहां होने वाली किसी भी बड़ी तैनाती को हल्के में नहीं लिया जाता.
क्या ईरान में ऑपरेशन का प्लान है?
हालांकि अब तक अमेरिका की ओर से ईरान पर सीधे हमले की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लेकिन अटकलें ये भी लगाई जा रही हैं कि इतनी बड़ी संख्या में फाइटर जेट, टैंकर विमान, ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और एयरक्राफ्ट कैरियर की तैनाती यूं ही नहीं होती. उस पर भी अमेरिकी विमान ने जान-बूझकर अपने सिग्नल को ऑन किया. हालांकि हो ये भी सकता है कि अमेरिका इसके जरिये सिर्फ ईरान पर दबाव बनाना चाहता हो या फिर वो सीमित सैन्य कार्रवाई की ताक में हो.
वेनेजुएला में टेस्टिंग, ईरान में प्रैक्टिस?
अटकलें ये भी लगाई जा रही हैं कि हो सकता है डोनाल्ड ट्रंप, ईरान में वही करना चाहते हैं, जो उन्होंने वेनेजुएला में किया. उनकी ईरान में नेतृत्व परिवर्तन की चाह इसे और बल देती है. कहीं सैन्य तैनाती के बाद वो अचानक किसी रात खामेनेई के गढ़ तक न पहुंच जाएं. हालांकि ये इतना आसान नहीं होगा क्योंकि ईरान की सेना भी पूरी तरह तैयार है और वो खामेनेई के साथ है. अगर ऐसा न होता तो ये देश 15 दिनों के हिंसक आंदोलन को दबा न पाता.जब तक आधिकारिक घोषणा नहीं होती, ईरान में किसी सीधे अमेरिकी ऑपरेशन को लेकर स्थिति अटकलों के दायरे में ही है, लेकिन इतना साफ है कि अमेरिका किसी भी संभावित हालात के लिए खुद को पूरी तरह तैयार कर रहा है.



