You are currently viewing F 47 Fighter Jet: Donald Trump Latest News | Donald Trump F 47 Name Change- डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह एफ 47 फाइटर जेट का नाम बदलना चाहते हैं

F 47 Fighter Jet: Donald Trump Latest News | Donald Trump F 47 Name Change- डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह एफ 47 फाइटर जेट का नाम बदलना चाहते हैं


दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के मंच से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के नए फाइटर जेट F-47 को दुनिया का ‘सबसे विनाशकारी विमान’ बताया. ट्रंप ने इसे अमेरिकी सैन्य ताकत का नया प्रतीक कहा, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि वह इसके नाम से ही खफा नजर आए. ट्रंप ने मंच से कहा, ‘हमारे पास सबसे बेहतरीन हथियार हैं. F-35, और अब नया F-47. कहते हैं यह अब तक का सबसे खतरनाक फाइटर जेट है. कौन जानता है?’ इसके बाद उन्होंने नाम पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘उन्होंने इसे 47 नाम दिया है. अगर मुझे यह पसंद नहीं है, तो मैं इससे 47 हटा दूंगा. मुझे हैरानी है कि उन्होंने इसे 47 क्यों नाम दिया, वे इसके बारे में क्या सोचते हैं. लेकिन अगर मुझे यह पसंद नहीं है, तो मैं इससे 47 हटा दूंगा’
उन्होंने इस विमान को ‘स्टेज सिक्स’ फाइटर बताया, यानी ऐसा जेट जो लगभग अदृश्य होगा. ट्रंप ने इसकी तुलना B-2 बॉम्बर से की, जिसके बारे में उन्होंने कहा कि वह बिना पकड़े गए, ईरान के ऊपर से उड़ गए और हमला करके वापस लौट आए थे. ट्रंप बोले, ‘यह पहला स्टेज सिक्स विमान होगा. बिल्कुल अदृश्य. जैसे हमारे B-2 बॉम्बर थे. वे ईरान के ऊपर से गए, किसी को पता नहीं चला, काम किया और निकल गए.’

F-47 नाम कहां से आया?

  • लेकिन सवाल यह है कि आखिर F-47 नाम कहां से आया? रिपोर्ट्स के अनुसार, इसका पहला मतलब अमेरिकी सैन्य इतिहास से जुडा है. यह द्वितीय विश्व युद्ध के मशहूर P-47 थंडरबोल्ट फाइटर से प्रेरित है. बाद में जब अमेरिकी सेना ने ‘P’ की जगह ‘F’ इस्तेमाल करना शुरू किया, तो वही विमान F-47 कहलाया.
  • इस नंबर का दूसरा मतलब साल 1947 से जुड़ा है. यही वह साल था, जब अमेरिकी वायुसेना सेना से अलग होकर एक स्वतंत्र बल बनी थी. यानी F-47 अमेरिकी एयर फोर्स के जन्म वर्ष की भी याद दिलाता है.
  • तीसरा और सबसे राजनीतिक संकेत खुद ट्रंप से जुडा है. डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के 45वें और 47वें राष्ट्रपति हैं. खुद ट्रंप पहले कह चुके हैं कि सेना ने इस विमान के लिए ‘खूबसूरत नंबर’ चुना है.

क्या होगी F-47 की ताकत?

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक F-47 अमेरिका के Next Generation Air Dominance यानी NGAD प्रोग्राम का केंद्र है. इसका मकसद पुराने F-22 रैप्टर की जगह लेना और हवाई युद्ध की परिभाषा बदलना है. यह सिर्फ एक विमान नहीं, बल्कि एक पूरे सिस्टम का हिस्सा होगा. F-47 को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि यह मानव पायलट के साथ साथ ऑटोनॉमस ड्रोन के साथ मिलकर काम करेगा. यानी भविष्य की जंग में इंसान और मशीन एक नेटवर्क के रूप में लड़ेंगे.

इसके डिजाइन और क्षमताएं अभी गोपनीय हैं, लेकिन माना जा रहा है कि इसमें अत्याधुनिक स्टेल्थ टेक्नोलॉजी, नए सेंसर और बेहद ताकतवर इंजन होंगे. यह प्रोग्राम खास तौर पर चीन और रूस जैसे देशों को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है, जिनकी हवाई और मिसाइल क्षमताएं तेजी से बढ़ रही हैं. अमेरिका चाहता है कि आने वाले दशकों में भी आसमान पर उसका दबदबा बना रहे.



Source link

Leave a Reply