You are currently viewing US SC Reject Trump Birthright Citizenship Bid: ट्रंप को यूएस सुप्रीम कोर्ट ने दिया सबसे बड़ा झटका, विदेशियों को मिलती रहेगी ‘बर्थराइट सिटीजनशिप’

US SC Reject Trump Birthright Citizenship Bid: ट्रंप को यूएस सुप्रीम कोर्ट ने दिया सबसे बड़ा झटका, विदेशियों को मिलती रहेगी ‘बर्थराइट सिटीजनशिप’


वाशिंगटन: अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप सरकार को तगड़ा झटका लगा है. उनके उस सबसे बड़े और सबसे विवादित फैसले पर आखिरकार फुल स्टॉप लग गया है, जिसके जरिए वो वहां पैदा होने वाले विदेशी बच्चों को मिलने वाली अमेरिकी नागरिकता को हमेशा के लिए खत्म करना चाहते थे. मंगलवार को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप की इस मुहिम को पूरी तरह खारिज कर दिया है और कह दिया है कि अमेरिका की धरती पर जन्म लेने वाले लगभग हर बच्चे को जन्मजात अमेरिकी नागरिकता मिलती रहेगी. ये दुनिया भर से अमेरिका जाकर बसने वाले लाखों प्रवासियों, खासकर भारतीय प्रोफेशनल्स के लिए राहत की खबर है.

सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप के एजेंडे को दिया तगड़ा झटका

सुप्रीम कोर्ट के इस बड़े फैसले के बाद ट्रंप के ‘अमेरिका फर्स्ट’ वाले एजेंडे को तगड़ा धक्का लगा है. बता दें कि अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में इस मामले पर लंबे समय से बहस चल रही थी, जिस पर आखिरकार अदालत ने अपना अंतिम और बड़ा फैसला सुना दिया. कोर्ट ने 6-3 के बहुमत से ये नतीजा निकाला है, यानी नौ जजों वाली पीठ में से छह जजों ने जन्म के आधार पर मिलने वाली नागरिकता को बनाए रखने के पक्ष में वोट किया, जबकि केवल तीन जज ही ट्रंप सरकार के इस प्रस्ताव के समर्थन में दिखे.

सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में साफ कहा कि अमेरिकी संविधान के 14वें संशोधन के तहत जो अधिकार दशकों से देश में लागू हैं, उनके साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ नहीं की जा सकती. इस फैसले का सीधा मतलब ये है कि कोई भी राष्ट्रपति महज एक एग्जीक्यूटिव ऑर्डर जारी करके संविधान के बुनियादी ढांचे और नागरिकों के अधिकारों को नहीं बदल सकता है.

क्या है ‘बर्थराइट सिटीजनशिप’ विवाद?

आसान भाषा में समझें तो अमेरिका में सालों से एक कानून चला आ रहा है जिसे ‘जस सोली’ या ‘बर्थराइट सिटीजनशिप’ कहा जाता है. इस कानून के मुताबिक, अगर कोई विदेशी जोड़ा चाहे वो वैध तरीके से वहां रह रहा हो या अवैध तरीके से, अमेरिका की धरती पर मौजूद है और वहां उनके किसी बच्चे का जन्म होता है तो वो बच्चा जन्म लेते ही कानूनी रूप से अमेरिका का नागरिक बन जाता है. उसे वे सभी अधिकार और सुविधाएं मिलती हैं जो किसी भी आम अमेरिकी नागरिक को मिलती हैं.

डोनाल्ड ट्रंप अपनी चुनावी रैलियों से लेकर राष्ट्रपति बनने के बाद तक लगातार इस कानून का कड़ा विरोध करते रहे हैं. ट्रंप का तर्क था कि इस कानून की वजह से दुनिया भर के लोग अवैध तरीके से सीमा पार करके अमेरिका आते हैं, ताकि उनके बच्चे वहां पैदा हों और उन्हें अमेरिकी नागरिकता मिल जाए. ट्रंप इसे ‘एंकर बेबीज’ का नाम देते थे और उनका मानना था कि ये कानून अमेरिकी संसाधनों पर एक बड़ा बोझ है, जिसे तुरंत खत्म किया जाना चाहिए.

ट्रंप की उस जिद की कहानी, जो कोर्ट में ढेर हो गई

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने इस ड्रीम प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया था. वो बार-बार ये दावा करते थे कि वो एक सिंगल एग्जीक्यूटिव ऑर्डर के जरिए इस ऐतिहासिक कानून को पलटने की ताकत रखते हैं. उनके इस कदम का मकसद इमीग्रेशन पर पूरी तरह से नकेल कसना और केवल उन्हीं लोगों को नागरिकता देना था जिनके माता-पिता में से कम से कम कोई एक कानूनी रूप से अमेरिका का नागरिक या स्थायी निवासी हो.

ट्रंप की इस जिद के खिलाफ मानवाधिकार संगठनों, कानूनी विशेषज्ञों और प्रवासियों के हक में लड़ने वाली संस्थाओं ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था. इन संगठनों का कहना था कि संविधान में बदलाव करने का अधिकार सिर्फ अमेरिकी संसद के पास है, राष्ट्रपति के पास नहीं. आखिरकार सुप्रीम कोर्ट ने भी इस दलील को सही माना और ट्रंप के इस आदेश को असंवैधानिक करार देते हुए कूड़ेदान में डाल दिया.

भारतीय टेक प्रोफेशनल्स और प्रवासियों के लिए क्यों राहत?

सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले का सबसे बड़ा और सकारात्मक असर उन लाखों भारतीय परिवारों पर पड़ने वाला है जो इस वक्त अमेरिका में रह रहे हैं. भारत से हर साल हजारों की संख्या में आईटी प्रोफेशनल्स H-1B और L1 जैसे वर्क वीजा पर अमेरिका जाते हैं. इनमें से बहुत से लोग सालों-साल ग्रीन कार्ड के इंतजार में कतार में खड़े रहते हैं.

अगर ट्रंप का यह आदेश लागू हो जाता तो ग्रीन कार्ड का इंतजार कर रहे इन भारतीय वर्किंग कपल्स के सामने एक बहुत बड़ा संकट खड़ा हो जाता. उनके अमेरिका में पैदा होने वाले बच्चों को वहां की नागरिकता नहीं मिलती, जिससे बच्चों की पढ़ाई, हेल्थकेयर और भविष्य पूरी तरह अधर में लटक जाता लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद, अमेरिका में रह रहे भारतीय बेफिक्र हो सकते हैं क्योंकि उनके बच्चों का अमेरिकी भविष्य पूरी तरह सुरक्षित हो गया है.



Source link

Leave a Reply