You are currently viewing भारत पर 100 फीसदी टैरिफ वाली तबाही का खतरा! रूस पर प्रतिबंध वाला बिल अमेरिकी हाउस में पास

भारत पर 100 फीसदी टैरिफ वाली तबाही का खतरा! रूस पर प्रतिबंध वाला बिल अमेरिकी हाउस में पास


US House Passes Russia Sanctions Bill: अमेरिका ने रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर 100% तक टैरिफ लगाने का रास्ता साफ कर दिया है. रूस पर प्रतिबंध वाला बिल अमेरिकी हाउस में पास हो गया है. जी हां, अमेरिका की प्रतिनिधि सभा यानी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स ने बुधवार को रूस पर नए प्रतिबंध लगाने वाले अहम विधेयक को मंजूरी दे दी. इस कानून के तहत अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को रूस से तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर 100% तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का अधिकार मिल सकता है. भारत भी इसकी चपेट में आ सकता है, क्योंकि भारत रूस से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल खरीदता है. इसका मतलब है कि भारत पर अब 100 फीसदी टैरिफ का खतरा मंडरा गया है.

दरअसल, रिपब्लिकन पार्टी के नेतृत्व वाली अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने इस विधेयक को 262-159 वोट से पास किया. अब इसे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्ताक्षर के लिए भेजा गया है. इससे पहले अमेरिकी सीनेट भी पिछले महीने इसे 86-11 वोट से मंजूरी दे चुकी है. अब इस कानून को ‘लिंडसे ओ. ग्राहम सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट ऑफ़ 2026’ (‘Lindsey O. Graham Sanctioning Russia and Iran Act of 2026’) नाम दिया गया है. यह विधेयक कई महीनों की देरी के बाद आगे बढ़ा है.

रूस पर दबाव बढ़ाने की तैयारी

इस कानून का मुख्य मकसद यूक्रेन युद्ध को लेकर रूस पर आर्थिक दबाव बढ़ाना है. इसके तहत रूस के ऊर्जा और रक्षा क्षेत्र को निशाना बनाया जाएगा. इसके अलावा रूस के उस ‘शैडो फ्लीट’ पर भी कार्रवाई का रास्ता बनाया गया है, जिसमें ऐसे टैंकर शामिल हैं जिनका इस्तेमाल प्रतिबंधों से बचने के लिए किया जाता है.

इस कानून का सबसे अहम हिस्सा रूस से तेल और प्राकृतिक गैस खरीदने वाले देशों से जुड़ा है. इसके तहत राष्ट्रपति ट्रंप को रूस के बड़े ऊर्जा खरीदार देशों पर 100% तक टैरिफ लगाने का अधिकार मिल सकता है. भारत और चीन रूस से कच्चा तेल खरीदने वाले बड़े देशों में शामिल हैं. इसलिए अगर इस प्रावधान का इस्तेमाल किया जाता है, तो दोनों देशों से अमेरिका जाने वाले सामान पर भारी अतिरिक्त शुल्क लगाया जा सकता है.

किन देशों पर लग सकता है टैरिफ?

यह रूसी सैंक्शन बिल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को रूसी तेल या गैस के पांच सबसे बड़े आयातकों को निशाना बनाने का निर्देश देता है. हालांकि, इसमें एक अपवाद भी रखा गया है. अगर कोई देश रूस के कुल गैस निर्यात का 15% से कम आयात करता है और रूस से अपनी खरीद कम करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाता है, तो उसे इस प्रावधान से छूट मिल सकती है.

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में पेश किए गए एक प्रस्तावित संशोधन में भारत और चीन समेत 10 देशों का खास तौर पर जिक्र किया गया था, जिन पर यह टैरिफ प्रावधान लागू हो सकता है.

भारत पर नए टैरिफ का खतरा

भारत के लिए इस बिल का पास होना खतरे की घंटी है. ऐसा इसलिए है क्योंकि रूस लंबे समय से भारत के प्रमुख कच्चे तेल आपूर्तिकर्ताओं में शामिल है. भारत के लिए यह कानून वॉशिंगटन को रूसी ऊर्जा की लगातार खरीद के कारण भारतीय आयात पर 100% तक टैरिफ लगाने का एक नया कानूनी रास्ता देता है, अगर अमेरिका इस कानून के तहत भारत पर 100% तक अतिरिक्त टैरिफ लगाता है, तो अमेरिका को भारत से होने वाले निर्यात पर इसका सीधा असर पड़ सकता है. यानी भारत से अमेरिका जाने वाले कुछ सामान अमेरिकी बाजार में पहले की तुलना में महंगे हो सकते हैं.

हालांकि, कानून पास होने का मतलब यह नहीं है कि भारत पर तुरंत 100% टैरिफ लग गया है. यह कानून अमेरिकी राष्ट्रपति को ऐसा टैरिफ लगाने का अधिकार देने की दिशा में एक कदम है. इसका इस्तेमाल कब और किस देश के खिलाफ किया जाएगा, यह आगे के अमेरिकी फैसलों पर निर्भर करेगा.

ईरान पर भी बढ़ेगा दबाव

इस कानून में रूस के साथ-साथ ईरान से जुड़े प्रतिबंधों को भी बढ़ाया गया है. यानी अमेरिका की ओर से रूस और ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ाने के लिए एक व्यापक व्यवस्था तैयार की जा रही है. इस विधेयक को अप्रैल 2025 में पेश किए जाने के बाद से ही इसका विरोध होता रहा था. लेकिन इस साल की शुरुआत में राष्ट्रपति ट्रंप के समर्थन के बाद इसे आगे बढ़ाने की प्रक्रिया तेज हुई. इसे दिवंगत रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम और अन्य सांसदों ने पेश किया था.

यूक्रेन युद्ध से जुड़ा है पूरा मामला

रूस ने फरवरी 2022 में यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई शुरू की थी. इसके बाद से युद्ध जारी है. इसे खत्म करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई प्रयास हुए हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल सका है. अमेरिका लगातार रूस पर आर्थिक दबाव बढ़ाने के लिए प्रतिबंधों का इस्तेमाल करता रहा है. रूस की ऊर्जा बिक्री को निशाना बनाना इसी रणनीति का हिस्सा है.

अब इस नए कानून से अमेरिकी कांग्रेस की भूमिका भी बढ़ सकती है. राष्ट्रपति ट्रंप आम तौर पर अमेरिकी टैरिफ और प्रतिबंधों पर नियंत्रण अपने हाथ में रखना चाहते हैं. ऐसे में कांग्रेस से इस विधेयक का पास होना रूस और उसके साथ व्यापार करने वाले देशों पर अमेरिकी आर्थिक दबाव बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

भारत के लिए आगे क्या?

फिलहाल, भारत के लिए सबसे अहम सवाल यह है कि राष्ट्रपति ट्रंप इस कानून का इस्तेमाल किस तरह करते हैं. भारत रूस से तेल खरीदता रहेगा या नहीं, अमेरिका भारत पर कोई अतिरिक्त टैरिफ लगाता है या नहीं और अगर लगाता है तो उसका दायरा कितना होगा, इन सवालों का जवाब आगे की अमेरिकी नीति से मिलेगा. कुल मिलाकर अमेरिकी संसद ने ऐसा कानूनी रास्ता जरूर खोल दिया है, जिससे रूस से तेल खरीदने वाले भारत जैसे देशों पर 100% तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने की संभावना बन गई है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि भारत पर तुरंत 100% टैरिफ लग जाएगा, अंतिम फैसला ट्रंप के हाथ में होगा. अब देखने वाली बात है कि आखिर भारत पर मंडरा रहा खतरा कितना सही साबित होता है.



Source link

Leave a Reply