You are currently viewing लोहे की कढ़ाई में खाना बनाना कितना फायदेमंद? जानिए किन लोगों को बरतनी चाहिए सावधानी

लोहे की कढ़ाई में खाना बनाना कितना फायदेमंद? जानिए किन लोगों को बरतनी चाहिए सावधानी


Last Updated:

क्या लोहे की कढ़ाई में खाना बनाना सचमुच सेहत के लिए फायदेमंद है? जानिए आयरन की कमी, एनीमिया, इसके फायदे, सावधानियां और किन लोगों को लोहे के बर्तनों का इस्तेमाल डॉक्टर की सलाह से करना चाहिए.

फरीदाबाद: आजकल हमारी रसोई में एक दिलचस्प बदलाव देखने को मिल रहा है. कभी मॉडर्न किचन की पहचान बन चुके स्टील और नॉन-स्टिक बर्तनों के बीच अब एक बार फिर लोहे की कढ़ाई अपनी जगह बना रही है. दादी-नानी के समय से चली आ रही यह परंपरा अब ट्रेंड बन चुकी है. लोगों का मानना है कि लोहे की कढ़ाई में बना भोजन न केवल स्वाद बढ़ाता है बल्कि शरीर को जरूरी आयरन भी देता है. आखिर क्या सच में लोहे की कढ़ाई में खाना बनाना सेहत के लिए फायदेमंद है और किन लोगों को इसका इस्तेमाल सोच-समझकर करना चाहिए… आइए जानते हैं.

लोहे की कढ़ाई में खाना बनाना स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद

Local18 से बातचीत में फरीदाबाद के सर्वोदय अस्पताल की चीफ डायटीशियन डॉ. मीना बताती हैं कि लोहे की कढ़ाई में खाना बनाना स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है. डॉ. मीना बताती हैं कि यह कोई नया चलन नहीं है बल्कि सदियों पुरानी परंपरा है. पहले के समय में भी लोग लोहे के बर्तनों का खूब इस्तेमाल करते थे. अब एक बार फिर लोग अपनी सेहत को लेकर जागरूक हो रहे हैं और पारंपरिक बर्तनों की ओर लौट रहे हैं. डॉ. मीना बताती हैं कि लोहे की कढ़ाई के कई ऐसे फायदे हैं जो शरीर को लंबे समय तक स्वस्थ रखने में मदद करते हैं.

डॉ. मीना बताती हैं कि जिन लोगों के शरीर में आयरन की कमी होती है या जिन्हें एनीमिया की समस्या रहती है उनके लिए लोहे की कढ़ाई में बना खाना काफी लाभदायक हो सकता है. कई बार शरीर में हीमोग्लोबिन की कमी होने के बावजूद लोगों को इसकी जानकारी नहीं होती. जब लोहे की कढ़ाई में खाना पकाया जाता है, तो भोजन में थोड़ी मात्रा में आयरन शामिल हो जाता है. यही आयरन शरीर तक पहुंचता है और आयरन की कमी को काफी हद तक दूर रखने में मदद करता है.

डॉ. मीना बताती हैं कि इसका यह मतलब बिल्कुल नहीं है कि एनीमिया से पीड़ित लोग केवल लोहे की कढ़ाई पर ही निर्भर रहें. अगर किसी व्यक्ति में आयरन की गंभीर कमी है तो डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवाइयां और आयरन की गोलियां लेना जरूरी है. लोहे की कढ़ाई में खाना बनाना एक अच्छी आदत है लेकिन यह इलाज का विकल्प नहीं हो सकता. इसलिए बीमारी की स्थिति में डॉक्टर की सलाह लेना बेहद जरूरी है.

लोहे की कढ़ाई में किन लोगों को नहीं खाना चाहिए 

डॉ. मीना बताती हैं कि सामान्य लोगों के लिए लोहे की कढ़ाई में खाना बनाना नुकसानदायक नहीं होता. हालांकि, जिन लोगों का हीमोग्लोबिन पहले से अधिक है या जिनके शरीर में आयरन का स्तर ज्यादा है उन्हें बिना डॉक्टर की सलाह के लोहे के बर्तनों का अधिक इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. डॉ. मीना बताती हैं कि हर व्यक्ति की शारीरिक जरूरत अलग होती है इसलिए स्वास्थ्य के अनुसार ही इन बर्तनों का प्रयोग करना चाहिए.

लोहे की कढ़ाई और दूसरे लोहे के बर्तनों की मांग

डॉ. मीना बताती हैं कि कुछ समय पहले लोग स्टील और एल्यूमीनियम के बर्तनों का अधिक इस्तेमाल करने लगे थे, लेकिन अब फिर से लोहे की कढ़ाई और दूसरे लोहे के बर्तनों की मांग बढ़ रही है. यह बदलाव लोगों में बढ़ती स्वास्थ्य जागरूकता का परिणाम है और पारंपरिक तरीके आज फिर से लोगों का भरोसा जीत रहे हैं.

लोहे की कैंडी

डॉ. मीना बताती हैं कि दुनिया के एक देश में जहां बड़ी संख्या में लोग गरीबी के कारण रोजाना दवाइयां नहीं खरीद पाते थे वहां एक खास लोहे की कैंडी तैयार की गई. लोग खाना बनाते समय उस लोहे की कैंडी को बर्तन में डाल देते थे. इससे भोजन में आयरन की मात्रा बढ़ जाती थी और परिवार के लोगों को अतिरिक्त आयरन मिलता रहता था. डॉ. मीना बताती हैं कि धीरे-धीरे वहां की सरकार ने भी इस पहल को बढ़ावा दिया और लोगों को जागरूक किया कि लोहे के बर्तनों में खाना बनाकर भी शरीर में आयरन की कमी को काफी हद तक कम किया जा सकता है.

About the Author

authorimg

Vivek Kumar

विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें



Source link

Leave a Reply