ईरान-अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध के बीच अमेरिकी नौसेना काफी दबाव में है. इसी के चलते ट्रंप को साउथ चाइना सी से अपना युद्धपोत हटाना पड़ा था. लेकिन अमेरिकी नौसेना को फिर से ताकतवर बनाने के लिए राष्ट्रपति ट्रम्प कदम उठा रहे हैं. अमेरिका तीन विदेशी युद्धपोतों को शामिल करने की योजना पर गंभीरता से विचार कर रहा है. इसमें सबसे आगे नाम जापान के मोगामी क्लास का लिया जा रहा है. मोगामी क्लास एक मिनी युद्धपोत है.
यूएसएनआई न्यूज की एक रिपोर्ट की मानें तो राष्ट्रपति ट्रम्प द्वारा जारी किए गए एक विशेष आदेश के तहत नौसेना इस अध्ययन को अंजाम दे रही है. इस योजना को फिनलैंड मॉडल का नाम दिया जा रहा है. इसके तहत शुरुआत में दो युद्धपोतों का निर्माण विदेशी शिपयार्डों में सीधे तौर पर किया जाएगा ताकि उन्हें जल्द से जल्द नौसेना में शामिल किया जा सके. इसके बाद आगे के जहाजों के निर्माण की कमान अमेरिकी शिपयार्डों को सौंप दी जाएगी ताकि देश का घरेलू जहाज निर्माण उद्योग भी दोबारा खड़ा हो सके.
क्यों अमेरिता चाहता है मोगामी क्साल?
समुद्र की गहराइयों में छिपी पनडुब्बियों से लेकर आसमान से मंडराते मिसाइल हमलों तक, जापान का मोगामी क्लास युद्धपोत अकेला ही हर खतरे से निपटने का माद्दा रखता है. यही वजह है कि आज दुनिया की सबसे ताकतवर अमेरिकी नौसेना भी अपनी जहाजों की कमी को पूरा करने के लिए जापान के इस आधुनिक फ्रिगेट पर अपनी नजरें टिकाए बैठी है.
रडार को गच्चा देने वाला स्टील्थ डिजाइन
मोगामी की सबसे बड़ी पहचान इसका अनोखा और आधुनिक बाहरी ढांचा है. इस 133 मीटर लंबे और करीब 3900 टन वजनी जहाज को इस तरह से तराशा गया है. इसमें सीधी या खड़ी सतहें बहुत कम हैं. इस खास डिजाइन का मकसद दुश्मन के रडार को भ्रमित करना और अपनी मौजूदगी को लगभग छिपाए रखना है. इससे दुश्मन के लिए इस पर सही टारगेट पर हमला करना बेहद मुश्किल हो जाता है.
कम नौसैनिक कम खर्च
आमतौर पर इतने बड़े युद्धपोतों को चलाने के लिए सैकड़ों नौसैनिकों की जरूरत होती है. लेकिन मोगामी को महज 90 लोगों का क्रू आसानी से चला सकता है. अत्याधुनिक ऑटोमेशन और मशीनों की वजह से इसके संचालन का खर्च काफी घट जाता है. इसके अलावा, इसमें रोल्स-रॉयस गैस टर्बाइन और दो शक्तिशाली डीजल इंजनों का मिला-जुला सिस्टम लगा है. लगभग 70 हजार हॉर्सपावर की ताकत पैदा करके इसे समुद्र में लगभग 55 किमी/घंटा की तेज रफ्तार देता है.
पनडुब्बियों और बारूदी सुरंगों का काल
पानी के नीचे छिपे खतरों को ढूंढ निकालने में मोगामी का कोई मुकाबला नहीं है. इसके पास एडवांस सोनार तकनीक, टॉरपीडो और एंटी-सबमरीन हेलीकॉप्टर मौजूद हैं, जो समुद्र के सन्नाटे में छिपी दुश्मन की पनडुब्बियों को खोजकर तबाह कर देते हैं. इतना ही नहीं, यह जहाज पानी में बिछाई गई खतरनाक बारूदी सुरंगों को खोजने के लिए खास उपकरणों का इस्तेमाल भी कर सकता है.
घातक हथियारों का पूरा पैकेज
दुश्मन पर कहर बरपाने के लिए मोगामी के आगे एक 127 मिमी की विशाल नौसैनिक गन लगी है, जो तटीय और समुद्री ठिकानों को ध्वस्त कर सकती है. दुश्मन के जहाजों को डुबोने के लिए इसमें 8 घातक टाइप-17 एंटी-शिप मिसाइलें तैनात हैं. वहीं, हवा से आने वाली दुश्मन की मिसाइलों को नष्ट करने के लिए सीरैम डिफेंस सिस्टम और 16 सेल वाला वर्टिकल लॉन्चिंग सिस्टम लगाया गया है.
अमेरिका की इस पर नजर क्यों है?
इस समय अमेरिकी नौसेना अपने युद्धपोतों की संख्या तेजी से बढ़ाना चाहती है, लेकिन उसके अपने घरेलू शिपयार्ड इतनी तेजी से काम नहीं कर पा रहे हैं. ऐसे में मोगामी फ्रिगेट का कम क्रू, आधुनिक डिजाइन, कम लागत और पहले से तैयार उत्पादन क्षमता अमेरिका के लिए एक मुफीद विकल्प बन चुका है. अगर अमेरिका इसे अपनाता है, तो वह अपने रडार और कॉम्बैट सिस्टम के हिसाब से इस जापानी डिजाइन में बदलाव करके इसे अपने बेड़े में शामिल कर सकता है.



