Last Updated:
हरिकेन मैरी ने प्रशांत महासागर में तबाही मचा दी है. करीब 144 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आए तूफान के कारण इलाके के कई घरों को नुकसान पहुंचा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि गाड़िया लहरों के साथ बह रही हैं और कई पेड़ भी टूट कर गिर रहे हैं.
सोशल मीडिया पर समुद्री तूफान का वीडियो सामने आया है. इसमें तेज लहरों की चपेट में आकर गाड़ियां बहने लगीं और कई पेड़ भी धराशायी हो गए. समुद्र की ताकत का यह खौफनाक मंजर देखकर लोग दहशत में आ गए. ये वीडियो कैलिफोर्निया के लागुना बीच की बताई जा रही है. समुद्र की बेहद ताकतवर लहरों ने जमकर तबाही मचाई.
ईस्टर्न पैसिफिक में हरिकेन मैरी लगातार चिंता बढ़ा रहा है. शुक्रवार सुबह यह कैटेगरी-2 का तूफान था. इसकी रफ्तार करीब 90 मील प्रति घंटे यानी लगभग 144 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई थी. हरिकेन मैरी दक्षिणी बाजा कैलिफोर्निया के सिरे से करीब 550 मील यानी 885 किलोमीटर दूर था. तूफान फिलहाल पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है. लेकिन आने वाले दिनों में इसके धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम की ओर मुड़ने का अनुमान है.
ऊंची लहरों से जानलेवा खतरा
मैरी की वजह से समुद्र में उठने वाला तेज स्वेल दक्षिण-पश्चिमी मेक्सिको और बाजा कैलिफोर्निया के तटों को प्रभावित कर रहा है. इन इलाकों में अगले कई दिनों तक बेहद ऊंची लहरों और खतरनाक रिप करंट का खतरा बना रहेगा. अब सबसे बड़ी चिंता दक्षिणी कैलिफोर्निया को लेकर है. नेशनल हरिकेन सेंटर के मुताबिक, मैरी से उठने वाली ये खतरनाक समुद्री लहरें वीकेंड तक दक्षिणी कैलिफोर्निया के तटों तक पहुंच सकती हैं.
लहरों ने पहले ही ली 3 लोगों की जान
लागुना बीच में इस गर्मी समुद्र की तेज लहरें पहले ही जानलेवा साबित हो चुकी हैं. जून से अब तक यहां तीन लोगों की मौत हो चुकी है. ऑरेंज काउंटी के कई समुद्री तटों पर भी लगातार तेज लहरों का असर देखने को मिला है.



