अमेरिका की सियासत में एक नया बवाल हो गया है, इस बार रिपब्लिकन पार्टी के अंदर ही जंग छिड़ गई है. खबरें उड़ रही हैं कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने ही उपराष्ट्रपति से खफा हो गए हैं. वेंस को मिडटर्म के तुरंत बाद ट्रंप ने ऐसा चौंकाने वाला फरमान सुना दिया है. जिसे सीधे तौर पर वेंस के लिए एक बड़ी सजा या उन्हें अंतरराष्ट्रीय राजनीति से किनारे लगाने की बड़ी चाल के रूप में देखा जा रहा है. ट्रंप ने वेंस को ग्लोबल डिप्लोमेसी के बड़े प्लैटफॉर्म से हटाकर सीधे विपक्ष यानी ‘दुश्मनों’ के गढ़ में धकेल दिया है. इस पावर गेम के पीछे की असली कहानी काफी दिलचस्प है.
मिडटर्म चुनाव की हार और जेडी वेंस का फूटा था गुस्सा
इस पूरी कहानी की जड़ अमेरिका में हाल ही में हुए मिडटर्म चुनावों के नतीजे हैं. इन चुनावों में डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को बेहद शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है, जिसके चलते डेमोक्रेट्स पार्टी ने अमेरिकी संसद पर अपना कंट्रोल फिर से हासिल कर लिया है.
जब ये हार सामने आई थी, तब उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अपना आपा खो बैठे थे. वेंस ने एक तरह से ट्रंप के ईरान जंग वाले फैसले पर सवाल खड़ा कर दिया था. उन्होंने ये साफ कह दिया था कि हम ईरान के साथ चल रही इस जंग की वजह से हारे हैं, और जनता हमसे इसी बात पर सबसे ज्यादा नाराज है. वेंस का मानना था कि ईरान से पंगा लेना और युद्ध के दलदल में फंसना पार्टी को बहुत भारी पड़ रहा है. माना जा रहा है कि ट्रंप को अपनी नीतियों पर सवाल उठाया जाना बिल्कुल पसंद नहीं आया, और अब वेंस को उसी बगावती तेवर की सजा सुनाई है.
ईरान से डील की बात करने पर कैसे भड़के ट्रंप?
मामला तब और ज्यादा गंभीर हो गया जब हाल ही में ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया. इस रिपोर्ट में दावा किया गया कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ईरान के एक बड़े सुरक्षा अधिकारी के साथ आमने-सामने बैठकर सीक्रेट बातचीत करने का मन बना रहे हैं. कहा तो यहां तक गया कि वेंस तेहरान के साथ कूटनीतिक रास्ते खोलने की जुगत में थे ताकि इस जंग को किसी तरह थामा जा सके.
लेकिन जैसे ही ये खबर व्हाइट हाउस के बाहर लीक हुई, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया. ट्रंप नहीं चाहते कि वो अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर जरा भी कमजोर या बैकफुट पर दिखें, इसली गिए उन्होंने अपनी नीतियों में बड़ा यू-टर्न लिया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रूथ सोशल’ पर एक ऐसा बम फोड़ा जिसने वेंस के सारे कूटनीतिक अरमानों पर पानी फेर दिया.
ट्रंप ने सरेआम ऐलान कर दिया कि अमेरिका को अब ईरान के साथ किसी भी डील या समझौते की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि अमेरिका के पास उनका सारा पैसा और सामरिक रूप से अहम ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ पहले से ही कब्जे में है.
‘दुश्मनों’ के गढ़ में भेजा, डेमोक्रेट्स राज्यों पर बोला हमला
ईरान के साथ बातचीत की सुगबुगाहट को तुरंत और सख्ती से कुचलने के बाद, ट्रंप ने अपने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को एक बेहद कठिन और राजनीतिक रूप से खतरनाक टास्क सौंप दिया. ट्रंप ने वेंस को हुक्म दिया कि वो अंतरराष्ट्रीय मामलों और विदेश नीति को पूरी तरह भूलकर अपनी सारी ऊर्जा अमेरिका के भीतर उन राज्यों और शहरों में झोंक दें जहां विरोधी पार्टी यानी डेमोक्रेट्स का राज है.
ट्रंप ने मिनेसोटा, कैलिफोर्निया और इलिनॉइस जैसे ‘ब्लू स्टेट्स’ को भ्रष्ट करार देते हुए कहा कि वहां बड़े पैमाने पर अपराध और भ्रष्टाचार चल रहा है. उन्होंने वेंस को साफ निर्देश दिया कि वो डेमोक्रेट्स के इन गढ़ों में जाएं और वहां हो रही ‘आपराधिक गतिविधियों’ तथा भ्रष्टाचार की तह तक जाकर पड़ताल करें.
पॉलिटिकल एक्सपर्ट्स का मानना है कि ईरान के मामले में अपनी मर्जी से कदम उठाने की कोशिश करने वाले वेंस को अब ट्रंप ने ऐसे राजनीतिक दलदल में उतार दिया है जहां उन्हें विपक्ष के तीखे और खतरनाक हमलों का सामना करना पड़ेगा.
सुलग रहा है पश्चिम एशिया, अमेरिका में मचा हाहाकार
ईरान युद्ध की वजह से अमेरिका के भीतर पेट्रोल-डीजल और बिजली के दाम इतने बढ़ गए कि आम आदमी की कमर टूट गई. महंगाई की इस मार ने जनता के गुस्से को भड़का दिया, जिसका सीधा खामियाजा चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को भुगतना पड़ा.
अब एक तरफ जहां पश्चिम एशिया का ये युद्ध अमेरिकी अर्थव्यवस्था को अंदर से खोखला कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ व्हाइट हाउस के अंदर भी पावर गेम का नया दौर शुरू हो गया है. ईरान से नरमी बरतने और कूटनीति की बात सोचने वाले जेडी वेंस को ट्रंप ने घरेलू राजनीतिक अखाड़े में धकेल कर ये साफ संदेश दे दिया है कि पार्टी और देश की नीति क्या होगी, ये सिर्फ और सिर्फ राष्ट्रपति ही तय करेंगे.



