You are currently viewing Why Los Angeles Protest Happens : लॉस एंजेलिस में ट्रंप की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन, कर्फ्यू लागू

Why Los Angeles Protest Happens : लॉस एंजेलिस में ट्रंप की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन, कर्फ्यू लागू


Los Angeles Protest: जब डोनाल्ड ट्रंप ने साल 2024 में अमेरिका की सत्ता संभाली थी, तो उन्होंने अमेरिका को एक महान राष्ट्र बनाने का वादा किया था. हालांकि इस बार उनकी नीतियां ज़रा बदली-बदली नज़र आईं. विदेश नीति से लेकर लेकर आतंरिक नीतियां तक ऐसे पलटती रहीं कि विशेषज्ञों ने भी ट्रंप की पॉलिसी को अनिश्चितता की नीति कह डाला. हालांकि इसकी वजह से जो बवाल अमेरिका में इस वक्त दिख रहा है, वो नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता. लॉस एंजेलिस में लगातार चल रहे प्रदर्शनों के बीच कर्फ्यू का ऐलान कर दिया गया है, जो स्थानीय समय के मुताबिक रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक चलेगा. चलिए आपको पूरी घटना 10 प्वाइंट्स में समझाते हैं.

अप्रवासी नीतियों के चलते हुए दंगे

लॉस एंजेलिस समेत अमेरिका के कई शहरों में लोगों ने ICE (Immigration and Customs Enforcement) की कार्रवाई और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की इमिग्रेशन नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन शुरू किया. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अप्रवासियों के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है, जो नहीं होना चाहिए. 4 दिन से चल रहे इस बवाल में कम से कम 378 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है.

Waymo कारों को फूंककर उतारा गुस्सा

8 जून को विरोध की एक अलग तस्वीर सामने आई जब प्रदर्शनकारियों ने लॉस एंजेलिस में Waymo की सेल्फ-ड्राइविंग कारों को आग के हवाले कर दिया. यह कंपनी गूगल की पेरेंट कंपनी Alphabet की एक ब्रांच है और अमेरिका में पहली रोबोटैक्सी सेवा चलाती है. प्रदर्शनकारियों का मानना है कि ऐसी टेक्नोलॉजी सरकार की निगरानी और नियंत्रण का हथियार बन रही है.

प्रदर्शनकारियों ने फूंक दीं कारें. (Credit- Reuters)

पुलिस और प्रदर्शनकारियों में बढ़ी झड़प

पैरामाउंट और डाउनटाउन लॉस एंजिल्स में पुलिस और सैकड़ों प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ गया. हालात काबू में लाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और कुछ जगहों पर बल प्रयोग भी किया गया. यही सिलसिला 8-9 और 10 जून को भी जारी रहा. शहर में करीब 23 व्यवसायों को लूटा जा चुका है. अनियंत्रित प्रदर्शनकारियों को काबू करने के लिए 700 मरीन और 4000 से ज्यादा जवानों ने लॉस एंजेलिस को छावनी में तब्दील कर दिया है.

गिरफ्तारी और घायल पुलिसकर्मी

पुलिस ने शनिवार को करीब 30 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया. इनमें से तीन पर पुलिसकर्मियों पर हमला करने का आरोप है, जबकि तीन डिप्टी शेरिफ अधिकारी मामूली रूप से घायल हुए हैं. ऐसी घटनाओं और प्रदर्शन के उग्र होने की वजह से सरकार ने नेशनल गार्ड की तैनाती की, जिसने हंगामे को और बढ़ा दिया.

नेशनल गार्ड की तैनाती पर बवाल

हालात बिगड़ते देख कैलिफोर्निया नेशनल गार्ड की टुकड़ियों को LA में तैनात किया गया. हालांकि इसने एक नए विवाद को जन्म दे दिया, जब राज्य के डेमोक्रेटिक गवर्नर ने इसकी आलोचना की और कहा कि संघीय सरकार ने राज्य सरकार की अनुमति के बिना सैन्य बल भेजा है, जो कि कानूनी रूप से गलत है.

तैनात किए गए हज़ारों जवान.(Credit- Reuters)

प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी

इन विरोधों का दायरा दिन-ब-दिन बढ़ रहा है और तीसरे दिन भी सड़कों पर प्रदर्शन जारी है. इस विरोध प्रदर्शन ने लॉस एंजेलिस की सीमाएं लांघकर सैन फ्रांसिस्को, शिकागो और न्यूयॉर्क तक पांव पसार लिया. लोग बैनर, पोस्टर और नारे लेकर पुलिस और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं.

टेक्नोलॉजी पर भी फूटा गुस्सा

Waymo और अन्य टेक कंपनियों को लेकर प्रदर्शनकारियों में यह भावना है कि ये कंपनियां सरकार के साथ मिलकर जनता की निजता का उल्लंघन कर रही हैं. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि रोबोटिक तकनीक का इस्तेमाल निगरानी के लिए किया जा सकता है, ऐसे में वो संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं.

गृहयुद्ध के कगार पर अमेरिका

प्रदर्शन के दौरान लोगों का गुस्सा, पुलिस की प्रतिक्रिया और Waymo कारों में आगजनी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं. इन वीडियो से अमेरिका में कानून व्यवस्था और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर बहस तेज हो गई है. वीडियो देखकर आसानी से कहा जा सकता है कि अमेरिका सिविल वॉर के मुहाने तक पहुंच गया है.

लॉस एंजेलिस को छावनी में बदला. (Credit- Reuters)

अंतरराष्ट्रीय समर्थन और डोनाल्ड ट्रंप

इस पूरे बवाल की जड़ में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ही हैं, जो अपनी ज़िद पर अड़े हुए हैं. वे कैलिफोर्निया के गवर्नर को धमकी दे रहे हैं और नेशनल गार्ड की संख्या बढ़ा रहे हैं. दूसरी तरफ अमेरिका में हो रहे इन प्रदर्शनों को दुनिया भर के मानवाधिकार संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का समर्थन मिल रहा है. कुछ देशों ने अमेरिका से मानवाधिकारों के संरक्षण की अपील भी की है.

आंदोलन की आग थमने वाली नहीं

लॉस एंजेलिस की मेयर कैरेन बास का कहना है कि पूरा शहर डर के माहौल में जी रहा है. कुछ हिस्सों में कर्फ्यू लगाया गया है लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि अगर सरकार ने प्रदर्शनकारियों की बातों को गंभीरता से नहीं लिया, तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन और बड़ा व हिंसक रूप ले सकता है. टेक्नोलॉजी, इमिग्रेशन और नागरिक स्वतंत्रता जैसे मुद्दों पर जनता में असंतोष है, जिसे ट्रंप सिर्फ और सिर्फ आक्रामक रवैये से शांत कराना चाहते हैं.



Source link

Leave a Reply