Last Updated:
अमेरिका के अर्कांसस में एक पेट्रोल पंप से खरीदे गए पावरबॉल टिकट ने क्रिसमस ईव पर 1.8 अरब डॉलर का जैकपॉट जिता दिया. यह अमेरिका का दूसरा सबसे बड़ा लॉटरी इनाम है. विजेता की पहचान अभी सामने नहीं आई है. जीतने वाला चाहे तो पूरी राशि को किश्तों में ले सकता है, या फिर चाहे तो एक मुश्त एक बड़ी राशि ले सकता है.
पावरबॉल में एक अमेरिकी ने 1.8 अरब डॉलर जीते हैं.क्रिसमस की पूर्व संध्या पर अमेरिका में एक व्यक्ति की किस्मत ने ऐसा पलटा खाया, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया. अमेरिका के अर्कांसस राज्य में एक पेट्रोल पंप से खरीदे गए पावरबॉल टिकट ने 1.817 अरब डॉलर (करीब 15 लाख करोड़ रुपये) का जैकपॉट जिता दिया. यह अमेरिका के इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा लॉटरी जैकपॉट है. जीता गया यह टिकट अर्कांसस के कैबोट शहर में स्थित मर्फी यूएसए गैस स्टेशन से खरीदा गया था. लॉटरी अधिकारियों के मुताबिक, क्रिसमस ईव पर हुए ड्रॉ में जिन नंबरों ने किस्मत बदली, वे थे 04, 25, 31, 52 और 59, जबकि पावरबॉल नंबर 19 रहा.
पावरबॉल क्या होता है?
फिलहाल इस ऐतिहासिक जीत वाले खिलाड़ी की पहचान सामने नहीं आई है. अर्कांसस लॉटरी की प्रवक्ता करेन रेनॉल्ड्स के अनुसार, छुट्टियों के चलते क्लेम सेंटर बंद है, इसलिए विजेता की जानकारी कम से कम सोमवार से पहले सामने आने की संभावना नहीं है. यह जैकपॉट 46 लगातार ड्रॉ में कोई विजेता न मिलने के बाद इतना बड़ा हो गया था. पावरबॉल लॉटरी में जीतने की संभावना 29 करोड़ में 1 होती है, लेकिन यही कम संभावना इनाम को बेहद बड़ा बना देती है. पावरबॉल का एक टिकट केवल 2 डॉलर में मिलता है और यह अमेरिका के 45 राज्यों समेत वॉशिंगटन डीसी, प्यूर्टो रिको और यूएस वर्जिन आइलैंड्स में खेला जाता है.
किस तरह मिलेगा इनाम?
इस 1.8 अरब डॉलर के जैकपॉट में विजेता के पास दो विकल्प होंगे, पूरी राशि किश्तों में लेना या फिर एकमुश्त 834.9 मिलियन डॉलर (करीब 74 अरब रुपये) नकद लेना. अमेरिका में अधिकतर विजेता टैक्स कटौती के बाद एकमुश्त रकम लेना पसंद करते हैं. पावरबॉल प्रोडक्ट ग्रुप के चेयरमैन मैट स्ट्रॉन ने कहा कि यह एक असाधारण और जिंदगी बदल देने वाली जीत है. उन्होंने यह भी बताया कि लॉटरी टिकटों से मिलने वाला पैसा अमेरिका में कई सार्वजनिक कार्यक्रमों और सेवाओं के लिए इस्तेमाल किया जाता है. दिलचस्प बात यह है कि इससे पहले क्रिसमस ईव पर आखिरी बार पावरबॉल जैकपॉट 2011 में जीता गया था. वहीं अर्कांसस में यह केवल दूसरी बार है जब किसी टिकट ने पावरबॉल का इतना बड़ा जैकपॉट जीता हो. इससे पहले 2010 में राज्य में एक विजेता सामने आया था.
About the Author

योगेंद्र मिश्र ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म में ग्रेजुएशन किया है. 2017 से वह मीडिया में जुड़े हुए हैं. न्यूज नेशन, टीवी 9 भारतवर्ष और नवभारत टाइम्स में अपनी सेवाएं देने के बाद अब News18 हिंदी के इंटरने…और पढ़ें



