Last Updated:
Epstein Files Russian President Name: कुख्यात एपस्टीन फाइल्स में जिस भी बड़ी हस्ती का नाम आ जाता है, वो सुर्खियां बटोर लेता है. कुछ ऐसा ही हुआ, जब इस दस्तावेज में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का नाम आया है. दिलचस्प है कि 1005 बार पुतिन का नाम आया तो आया क्यों? उनका सेक्स अफेंडर एप्सटीन से क्या लेना-देना था?

पुतिन का नाम एपस्टीन फाइल्स में 1005 बार आया.
अमेरिकी न्याय विभाग (डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस) की ओर से जारी नए दस्तावेजों से खुलासा हुआ है कि बदनाम फाइनेंसर जेफरी एपस्टीन रूस के शीर्ष नेताओं, यहां तक कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रहा था. इन दस्तावेजों से यह भी सामने आया है कि एपस्टीन ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव, संयुक्त राष्ट्र में रूस के पूर्व राजदूत विताली चुर्किन और कई अन्य प्रभावशाली रूसी अधिकारियों से संपर्क साधने का प्रयास किया.
दस्तावेजों के मुताबिक, जून 2018 में एपस्टीन ने नॉर्वे के वरिष्ठ नेता और उस समय काउंसिल ऑफ यूरोप के महासचिव थोर्ब्यॉर्न यागलैंड को ईमेल भेजकर अनुरोध किया कि वह पुतिन तक यह संदेश पहुंचाएं कि लावरोव उनसे बातचीत कर सकते हैं. एपस्टीन ने लिखा कि पहले वह विताली चुर्किन के जरिए रूस से संवाद करता था, लेकिन उनकी मौत के बाद वह नया रास्ता तलाश रहा है. उसने दावा किया कि चुर्किन उसके साथ बातचीत के बाद डोनाल्ड ट्रंप को बेहतर ढंग से समझने लगे थे.
पुतिन का नाम 1005 बार क्यों आया?
इन ईमेल्स से यह भी संकेत मिलता है कि एपस्टीन खुद को एक तरह के जियोपॉलिटिकल पावर प्लेयर के रूप में पेश करना चाहता था. उसने यागलैंड के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की कि वह रूस को पश्चिमी निवेश दिलवाने में मदद कर सकता है. हालांकि दस्तावेजों में यह साफ नहीं है कि एपस्टीन कभी पुतिन से मिला या नहीं. कई ईमेल्स में उसने दावा किया कि वह पुतिन से मिलने वाला था या उसे न्योता मिला था, लेकिन इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है. इन लाखों पन्नों के दस्तावेज में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का नाम कम से कम 1005 बार लिया गया है. इनमें से ज्यादातर न्यूज रिपोर्ट्स की क्लिपिंग हैं, जो उसे भेजी गईं. इन दस्तावेजों से साफ है कि वो रूसी राष्ट्रपति से बार-बार मिलने की कोशिश कर रहा था.
आरोपों पर क्या बोला रूस?
इन खुलासों के बाद यूरोप में हलचल मच गई है. पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने कहा कि उनका देश एपस्टीन के संभावित रूसी खुफिया एजेंसियों से संबंधों की जांच करेगा. टस्क ने दावा किया कि यह संभव है कि एपस्टीन का कांड रूसी खुफिया एजेंसियों की मदद से संचालित किया गया हो और इसके जरिए कई वैश्विक नेताओं के खिलाफ समझौता करने वाली सामग्री इकट्ठा की गई हो. हालांकि रूस ने इन आरोपों को बकवास करार दिया है. क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि एपस्टीन के रूसी खुफिया एजेंसी के लिए काम करने का दावा गंभीरता से लेने लायक नहीं है.
पावरफुल लोगों में उठने-बैठने की भूख
दस्तावेज यह भी दिखाते हैं कि एपस्टीन के रूस से जुड़े कुछ लोगों से करीबी रिश्ते थे. उसने एक ईमेल में रूसी कारोबारी सर्गेई बेल्याकोव को अच्छा दोस्त बताया, जो रूस की सुरक्षा एजेंसी एफएसबी एकेडमी से प्रशिक्षित था. एपस्टीन ने कई प्रभावशाली लोगों को बेल्याकोव से मिलवाने की पेशकश भी की थी. विशेषज्ञों का मानना है कि इन दस्तावेजों से यह तो साफ होता है कि एपस्टीन सत्ता के गलियारों में घुसने और खुद को प्रभावशाली साबित करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन अब तक ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं है, जो साबित करे कि उसकी पहुंच पुतिन तक थी.
About the Author
News18 में इंटरनेशनल डेस्क पर कार्यरत हैं. टीवी पत्रकारिता का भी अनुभव है और इससे पहले Zee Media Ltd. में कार्य किया. डिजिटल वीडियो प्रोडक्शन की जानकारी है. टीवी पत्रकारिता के दौरान कला-साहित्य के साथ-साथ अंतरर…और पढ़ें



