Last Updated:
PAC-3 Patriot Missile System: लॉकहीड मार्टिन ने पैट्रियट मिसाइलों का उत्पादन तीन गुना करने के लिए अमेरिकी सरकार के साथ 7 साल का समझौता किया है. अब हर साल 2000 मिसाइलें बनेंगी. वैश्विक तनाव और यूक्रेन युद्ध की वजह से इनकी मांग बढ़ गई है. कंपनी को इसके लिए 9.8 बिलियन डॉलर का सबसे बड़ा ऑर्डर मिला है.

अमेरिकी रक्षा कंपनी लॉकहीड मार्टिन अब अपनी मशहूर पैट्रियट मिसाइलों का प्रोडक्शन तीन गुना करने जा रही है. कंपनी ने अमेरिकी सरकार के साथ एक ऐतिहासिक 7 साल का समझौता साइन किया है. इस समझौते के तहत पीएसी-3 मिसाइल इंटरसेप्टर का सालाना प्रोडक्शन 600 से बढ़ाकर 2000 यूनिट किया जाएगा. वैश्विक स्तर पर बढ़ते तनाव ने एयर डिफेंस सिस्टम की मांग को आसमान पर पहुंचा दिया है. यूक्रेन में रूस के खिलाफ इन मिसाइलों के सफल उपयोग ने इनकी अहमियत साबित कर दी है. इसके साथ ही जापान, पोलैंड और कतर जैसे 16 अन्य देश भी इस मिसाइल के दीवाने हैं. साल 2025 में कंपनी ने 620 मिसाइलों की डिलीवरी की थी. लेकिन अब भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए कंपनी अपनी क्षमता को रिकॉर्ड स्तर पर ले जा रही है

पैट्रियट मिसाइल सिस्टम आज के दौर में हवाई सुरक्षा का सबसे बड़ा हथियार बन चुका है. रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध ने एयर डिफेंस की जरूरत को साफ कर दिया है. पश्चिमी देशों ने यूक्रेन को बड़ी संख्या में पैट्रियट मिसाइलें सप्लाई की हैं. इन मिसाइलों ने रूसी हमलों को रोकने में बड़ी सफलता हासिल की है. इसी वजह से अब पोलैंड, स्वीडन और जापान जैसे देश अपनी सुरक्षा के लिए डरे हुए हैं. वे अपनी सीमाओं पर इन मिसाइलों को तैनात करना चाहते हैं.

लॉकहीड मार्टिन वर्तमान में 16 देशों को इन मिसाइलों की सप्लाई कर रही है. बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव ने मांग को इतना बढ़ा दिया है कि पुराने प्रोडक्शन रेट से काम नहीं चल सकता. कंपनी को सितंबर 2025 में ही 1970 मिसाइलों के लिए 9.8 बिलियन डॉलर का ऑर्डर मिला था. यह इस हथियार के लिए अब तक का सबसे बड़ा कॉन्ट्रैक्ट है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

600 से सीधा 2000 यूनिट का लक्ष्य हासिल करना कोई आसान काम नहीं है. इसके लिए लॉकहीड मार्टिन को अपने पूरे मैन्युफैक्चरिंग सिस्टम में बड़ा बदलाव करना होगा. कंपनी ने पिछले दो सालों में अपनी उत्पादन क्षमता को पहले ही 60 परसेंट बढ़ाया है. 2025 में उन्होंने 620 मिसाइलों की सफल डिलीवरी की है. अब अगले सात सालों के लिए कंपनी ने एक लंबा प्लान तैयार किया है.

अमेरिकी सरकार के साथ हुए नए एग्रीमेंट में लॉन्ग-टर्म डिमांड की गारंटी दी गई है. इससे कंपनी को नई मशीनों और प्लांट में निवेश करने का भरोसा मिला है. यह समझौता अमेरिकी सरकार की ‘एक्विजिशन ट्रांसफॉर्मेशन स्ट्रैटेजी’ का हिस्सा है. इसके तहत इंडस्ट्री को लंबे समय के लिए ऑर्डर दिए जाते हैं ताकि वे अपनी क्षमता बढ़ा सकें. कंपनी को उम्मीद है कि 2026 के बजट सत्र के बाद उन्हें पहला बड़ा फंड मिल जाएगा.

मिसाइलों का प्रोडक्शन बढ़ने से केवल रक्षा क्षेत्र को फायदा नहीं होगा. इससे अमेरिकी अर्थव्यवस्था को भी बड़ी मजबूती मिलेगी. लॉकहीड मार्टिन के अनुसार इस प्रोजेक्ट से सप्लाई चेन में हजारों नई नौकरियां पैदा होंगी. यह अमेरिका के डिफेंस इंडस्ट्रियल बेस को भी ज्यादा लचीला बनाएगा. जब डिमांड का अनुमान पहले से होता है तो कंपनियां ज्यादा कुशलता से काम कर पाती हैं. इससे मिसाइलों की लागत में भी कमी आने की संभावना है.

इस बचत का फायदा कंपनी और अमेरिकी सरकार दोनों को मिलेगा. लॉकहीड मार्टिन का मार्केट कैपिटलाइजेशन वर्तमान में 118 बिलियन डॉलर के पार है. कंपनी के शेयर भी अपनी रिकॉर्ड ऊंचाई के करीब ट्रेड कर रहे हैं. यह समझौता निवेशकों के लिए भी एक बहुत बड़ा पॉजिटिव सिग्नल है. हजारों लोगों के घर इस बड़े प्रोजेक्ट की वजह से रोशन होंगे.

पैट्रियट मिसाइलों के अलावा लॉकहीड मार्टिन कई और बड़े मोर्चों पर काम कर रही है. हाल ही में कंपनी ने सी-130जे एयरक्राफ्ट प्रोग्राम के लिए 10 बिलियन डॉलर का नया कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया है. अब इस पूरे प्रोजेक्ट की वैल्यू बढ़कर 25 बिलियन डॉलर हो गई है. इसके साथ ही कंपनी नौसेना के लिए ‘एजिस कॉम्बैट सिस्टम’ पर भी काम कर रही है. इसके लिए कंपनी को लगभग 500 मिलियन डॉलर के कई छोटे कॉन्ट्रैक्ट मिले हैं.

ऑस्ट्रेलिया, जापान और कोरिया जैसे देशों में एजिस सिस्टम की देखरेख का जिम्मा भी इसी कंपनी के पास है. ताइवान की एयर फोर्स के लिए भी कंपनी एडवांस टारगेटिंग सिस्टम बना रही है. हालांकि कंपनी को एफ-35 फाइटर जेट्स के मेंटेनेंस को लेकर कुछ आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ा है. लेकिन कुल मिलाकर लॉकहीड मार्टिन वैश्विक रक्षा बाजार में अपनी बादशाहत कायम रखे हुए है.



