You are currently viewing FBI Cybersecurity News: कभी आसमान में उड़ानें ठप, कभी बैंक बेहाल, अब FBI पर हैकरों का हमला, अमेरिका में क्या हो रहा?

FBI Cybersecurity News: कभी आसमान में उड़ानें ठप, कभी बैंक बेहाल, अब FBI पर हैकरों का हमला, अमेरिका में क्या हो रहा?


Last Updated:

अमेरिका में FBI और कृषि विभाग (USDA) के कंप्यूटर सिस्टम पर साइबर हमले की घटनाएं सामने आई हैं. संदिग्ध हैकरों ने FBI के नेशनल क्राइम इन्फॉर्मेशन सेंटर (NCIC) में सेंध लगाई, जिसका इस्तेमाल पुलिस और जांच एजेंसियां अपराधियों और गिरफ्तारी वारंट की जानकारी के लिए करती हैं. वहीं, USDA के उस सिस्टम को भी निशाना बनाया गया, जिसके जरिए किसानों को भुगतान किया जाता है.

कभी उड़ानें ठप, कभी बैंक बेहाल, अब FBI पर हमला, क्या अमेरिका का सिस्टम मर रहा?Zoom

FBI पर हैकरों का हमला. Reuters

अमेरिका की साइबर सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं. हाल ही में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं और एविएशन सेक्टर प्रभावित हुए थे. अब अमेरिका की सबसे बड़ी जांच एजेंसी FBI के बेहद अहम क्राइम डेटाबेस में संदिग्ध हैकरों ने सेंध लगाई है. इसी हफ्ते अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) के उस सिस्टम पर भी साइबर हमला हुआ, जिसके जरिए किसानों को पेमेंट किया जाता है. इन दोनों घटनाओं ने अमेरिकी सरकारी विभागों में रखे संवेदनशील डेटा की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. FBI के जिस सिस्टम को निशाना बनाया गया, उसका नाम नेशनल क्राइम इन्फॉर्मेशन सेंटर (NCIC) है. यह अमेरिका का एक बेहद अहम डेटाबेस है. देशभर की पुलिस और दूसरी जांच एजेंसियां इसका इस्तेमाल करती हैं. इसके जरिए फरार अपराधियों, गिरफ्तारी वारंट और लोगों के बैकग्राउंड की जानकारी हासिल की जाती है. फिलहाल FBI इस बात की जांच कर रही है कि हैकर इस सिस्टम में कैसे घुसे और क्या-क्या जानकारी उनके हाथ लगी. अभी यह साफ नहीं है कि डेटाबेस से कोई संवेदनशील जानकारी चुराई गई है या नहीं.

FBI पर कुछ ही महीनों में दूसरी बार साइबर हमला

FBI से जुड़ी यह कुछ महीनों में दूसरी बड़ी साइबर सुरक्षा घटना है. इससे पहले सितंबर में ShinyHunters नाम के हैकर ग्रुप ने FBI कर्मचारियों की निजी जानकारी को निशाना बनाया था. यह हमला FBI की नौकरी से जुड़ी एक वेबसाइट के जरिए किया गया था. इस मामले में कनाडा के एक साइबर सुरक्षा रिसर्चर और लेखक को गिरफ्तार किया गया है. उस पर ShinyHunters के हमले से जुड़े आरोप लगाए गए हैं. सितंबर की घटना के बाद FBI के कुछ कर्मचारियों ने शिकायत की थी कि उन्हें यह साफ जानकारी नहीं दी गई कि उनका कितना डेटा चोरी हुआ है. प्रभावित कर्मचारियों को दी जा रही सुरक्षा सुविधाओं को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई थी. इससे पहले 2023 में भी FBI के न्यूयॉर्क ऑफिस के एक कंप्यूटर सिस्टम में हैकरों ने सेंध लगाई थी. इस सिस्टम का इस्तेमाल बच्चों के यौन शोषण से जुड़े मामलों की जांच में किया जाता था. इसमें जेफ्री एपस्टीन जांच से जुड़ी तस्वीरें रखने वाला सिस्टम भी शामिल था.

अमेरिकी कृषि विभाग के पेमेंट सिस्टम तक पहुंचे हैकर

FBI के बाद अब अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) पर हुए साइबर हमले ने भी चिंता बढ़ा दी है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इसी हफ्ते हैकरों ने विभाग के उस कंप्यूटर सिस्टम तक पहुंच बना ली, जिसके जरिए किसानों को भुगतान किया जाता है. विभाग ने गुरुवार को अपने कर्मचारियों को इस घटना की जानकारी दी. शुक्रवार को सामने आई रिपोर्ट में USDA के दो पूर्व अधिकारियों के हवाले से बताया गया कि हैकरों ने पेमेंट से जुड़े सिस्टम को निशाना बनाया था. अभी यह साफ नहीं है कि किसानों या विभाग से जुड़ी कितनी जानकारी प्रभावित हुई है. यह भी पुष्टि नहीं हुई है कि हैकरों ने कोई डेटा चुराया है या नहीं. यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब अमेरिका के कई बड़े तकनीकी और सरकारी सिस्टम में लगातार रुकावटें आ रही हैं.

Microsoft से लेकर बैंक और NSA तक प्रभावित

पिछले कुछ दिनों में Microsoft की वैश्विक सेवा में आई रुकावट से करोड़ों यूजर्स प्रभावित हुए. अमेरिका में संचार व्यवस्था में आई दिक्कत के कारण हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ा. रिपोर्ट के मुताबिक, देशभर में करीब 20 हजार उड़ानों में रुकावट आई. इसके अलावा कई बड़े अमेरिकी बैंकों के हजारों ग्राहकों ने ऑनलाइन अकाउंट इस्तेमाल करने में परेशानी की शिकायत की. अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (NSA) का बेहद गोपनीय आंतरिक कम्युनिकेशन नेटवर्क भी बंद हो गया था. हालांकि, इन सभी तकनीकी रुकावटों को साइबर हमले से जोड़ने का अभी कोई पक्का सबूत नहीं मिला है. अमेरिकी खुफिया अधिकारियों ने बुधवार को कहा था कि ये अलग-अलग तकनीकी और सर्विस से जुड़ी समस्याएं थीं. उनका कहना था कि इनके पीछे न तो कोई एक साथ किया गया हमला था और न ही किसी दूसरे देश का हाथ होने का संकेत मिला है.

ट्रंप ने नेशनल साइबर डायरेक्टर को हटाया

लगातार सामने आ रही तकनीकी गड़बड़ियों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को व्हाइट हाउस के नेशनल साइबर डायरेक्टर सीन केर्नक्रॉस को पद से हटा दिया. केर्नक्रॉस अगस्त 2025 से इस ऑफिस की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. Axios की रिपोर्ट के मुताबिक, दो सूत्रों ने उनके जाने को सामान्य और आपसी सहमति से हुआ फैसला बताया. हालांकि, व्हाइट हाउस के दो अधिकारियों ने कहा कि ट्रंप के नए चीफ ऑफ स्टाफ स्टीफन मिलर इस बदलाव के पक्ष में थे. उनका मानना था कि केर्नक्रॉस के पास इस पद के लिए जरूरी साइबर सुरक्षा का अनुभव नहीं था. ट्रंप ने रक्षा विभाग की चीफ इन्फॉर्मेशन ऑफिसर कर्स्टन डेविस को नया नेशनल साइबर डायरेक्टर नामित किया है. हालांकि, इस पद पर उनकी नियुक्ति के लिए सीनेट की मंजूरी जरूरी होगी.

About the Author

authorimg

Yogendra Mishra

Yogendra Mishra holds a degree in Journalism from the University of Allahabad. He has been actively associated with the media industry since 2017 and brings extensive experience across various domains of journa…

और पढ़ें



Source link

Leave a Reply